मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Apr 1, 2025

अनकहीः आम जनता और वीआईपी संस्कृति

डॉ. रत्ना वर्मा 

पिछले दिनों छत्तीसगढ़ में चल रहे भोरमदेव महोत्सव में वीआईपी कल्चर के विरोध में लोगों ने कुर्सियाँ तोड़ डालीं। इस महोत्सव में इतने अधिक वीआईपी पास बाँटे गए कि आम लोगों को बहुत पीछे कर दिया गया। फलस्वरूप बड़ी संख्या में कार्यक्रम देखने आई आम जनता ने कुर्सियाँ तोड़कर अपना विरोध प्रकट किया। यह कोई पहली बार या नई बात नहीं है कि वीआईपी को प्राथमिकता देने के चक्कर में आम जनता को दरकिनार किया गया हो । 

आजाद भारत के आम नागरिकों का यह दुर्भाग्य है कि चाहे अस्पताल में डॉक्टर से मिलना हो, मंदिर में भगवान के दर्शन करना हो, उसे घंटों लाइन में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है । यहाँ तक कि किसी विद्यार्थी को परीक्षा केन्द्र में समय पर पहुँचना हो,  बस, रेल या हवाई जहाज पकड़ना हो; परंतु किसी चौराहे पर अचानक ट्रेफिक रोक दिया जाता है, कारण किसी अतिविशिष्ठ व्यक्ति को उस मार्ग से गुजरना होता है। भले ही इस कारण से किसी मरीज की जान चली जाए, कोई परीक्षा देने से वंचित रह जाए या किसी की गाड़ी ही छूट जाए। इन सबसे  न राजनेताओं, न बड़े अधिकारी, और उन कुछ अतिविशिष्ट की श्रेणी में आने वाले को कोई फर्क पड़ता।  

वीआईपी संस्कृति का एक दर्दनाक उदाहरण है- कुंभ प्रयाग के संगम में भगदड़ और लोगों की मौत। वीआईपी संस्कृति सिर्फ सत्ता और राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यवसाय, खेल और मनोरंजन जगत में भी बहुतायत से देखने को मिलती है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ता है। भीड़भाड़ वाले सामाजिक सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों में वीआईपी कल्चर अक्सर आम जनता की सुरक्षा के लिए खतरा बन जाता है।  

ऐसा नहीं है कि वीआईपी कल्चर को समाप्त करने के लिए चर्चा नहीं होती, इस पर अंकुश लगाने के प्रयास भी होते हैं; परंतु हम इसे खत्म नहीं कर पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2017 में ‘देश का प्रत्येक व्यक्ति महत्त्वपूर्ण है’ कहते हुए मंत्रियों और अधिकारियों की गाड़ियों से लाल बत्ती हटाकर बदलाव लाने की कोशिश की थी। पर यह हम सब जानते हैं कि लालबत्ती हटाना मात्र दिखावा ही साबित हुआ है। इसी तरह वे गणतंत्र दिवस के समारोह में श्रमिकों और कामगरों को विशेष अतिथि का दर्जा देकर भी वीआईपी संस्कृति को बदल नहीं पाए। 

अब तो देखा यह जा रहा है कि राजनेता और अधिकारी पहले से भी अधिक वीवीआईपी बन गए हैं और अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए शान से चलते हैं । दरअसल राजनीति आजकल जनसेवा कम, अपनी सेवा ज्यादा हो गई है। यही वजह है कि कानून भी उनके लिए अलग तरीके से लागू किया जाता है, जिससे कानून पर भी उँगली उठने लगी है।  पिछले दिनों न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के सरकारी आवास में मिले नोटों की बोरियों के ढेर ने कई प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। 

 जाहिर है वीआईपी संस्कृति देश की तरक्की को कमजोर करती है। यह असमानता लोकतंत्र के लिए एक बड़ी बाधा है।  विशेषाधिकार प्राप्त करने के लिए कई लोग भ्रष्टाचार का सहारा लेते हैं। नेता और अफसर अपने पद का दुरुपयोग कर गैरकानूनी रूप से विशेष सुविधाएँ लेते हैं। इससे भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिलता है।

अगर देश को विकासशील देश की श्रेणी में रखना है, तो लोकतंत्र में सबके लिए समानता होनी चाहिए। हमारे सामने दुनिया के कई ऐसे देशों के उदाहरण हैं, जहाँ वीआईपी संस्कृति का चलन नहीं है जैसे - नॉर्वे में प्रधानमंत्री और अन्य उच्च पदस्थ अधिकारी आम नागरिकों की तरह जीवन व्यतीत करते हैं। वे बिना सुरक्षा काफिले के सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करते हैं और सामान्य नागरिकों की तरह ही लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। इसी प्रकार स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड, आइसलैंड, नीदरलैंड्स, जापान जैसे कई और भी देश हैं जो वीआईपी संस्कृति से कोसों दूर हैं। जब इन देशों में वीआईपी संस्कृति का प्रचलन नहीं है, तो फिर भारत जैसे सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में इस संस्कृति को भी खत्म किया जा सकता है।

लेकिन बड़े दुख के साथ कहना  पड़ता है कि हमारे देश में  जनता की बजाय वीआईपी की सेवा को प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे में जब आम लोग देखते हैं कि कुछ लोगों को विशेष सुविधाएँ मिल रही हैं, तो उनके मन में असंतोष पनपता है। यह असमानता समाज में गुस्से, नफरत और विद्रोह को जन्म देती है। यह भी देखा गया है कि वीआईपी संस्कृति के कारण प्रशासन निष्पक्ष रूप से काम नहीं कर पाता। पुलिस और सरकारी अधिकारी वीआईपी की सुरक्षा और सेवा में लगे रहते हैं, जबकि आम लोगों की समस्याओं की अनदेखी की जाती है।

 अतः यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर न हो। नेताओं को यह समझना होगा कि वे जनता के सेवक हैं, न कि शासक। यदि हमें सच्चे लोकतंत्र की ओर बढ़ना है, तो इस संस्कृति को जड़ से खत्म करना होगा। इसके लिए सरकार, प्रशासन और जनता तीनों को अपनी भूमिका निभानी होगी। जब तक जनता जागरूक नहीं होगी और अपने अधिकारों के लिए नहीं लड़ेगी, तब तक यह समस्या बनी रहेगी। हमें ऐसे समाज की ओर बढ़ना होगा, जहाँ हर नागरिक को समान अधिकार मिले, और कोई भी व्यक्ति अपने रसूख के बल पर विशेषाधिकार प्राप्त न कर सके। तभी हमारा देश सही मायने में लोकतांत्रिक देश कहलाएगा।

अंतरंग: विनोद कुमार शुक्ल को ज्ञानपीठ

 सायास अनगढ़पन का सौंदर्य

 - विनोद साव 

विनोद कुमार शुक्ल की एक प्रसिद्ध कविता मैंने भी पढ़ी थी- ‘जंगल के दिन भर के सन्नाटे में’ और उसे डायरी में नोट कर लिया था। उस कविता को बार- बार पढ़ने का मन होता था। कुछ याद-सी हो गई थी। इस कविता में विनोद जी जंगल के ‘इको फ्रेंडली’ यानी मित्रवत माहौल का जिक्र करते हैं:

एक आदिवासी लड़की

महुवा बीनते बीनते

एक बाघ देखती है

आदिवासी लड़की को बाघ

उसी तरह देखता है

जैसे जंगल में एक आदिवासी लड़की दिख जाती है

जंगल के पक्षी दिख जाते हैं

तितली दिख जाती हैं

और बाघ पहले की तरह

सूखी पत्तियों पर

जम्हाई लेकर पसर जाता है

 

एक अकेली आदिवासी लड़की को

घने जंगल जाते हुए डर नहीं लगता

बाघ, शेर से डर नहीं लगता;

पर महुवा लेकर गीदम के

बाजार जाने से डर लगता है

 

बाजार का दिन है

महुवा की टोकरी सिर पर बोहे

या काँवर पर

इधर उधर जंगल से

पहाड़ी के ऊपर से उतरकर 

सीधे-सादे वनवासी लोग

पेड़ के नीचे इकट्ठे होते हैं

और इकट्ठे बाजार जाते हैं।

उनकी इस तरह की बोलती कविताएँ हैं कि इन पर बोलने की ज्यादा जरूरत न पड़े। ऐसी कविताओं के कारण कई बार उन पर उंगली भी उठ जाती है कि उनकी ये बोलती बतियाती शब्द-रचनाएँ कविता नहीं हैं और विनोद जी नकली कवि हैं। उनकी रचनाओं का चिरपरिचित- अटपटापन उनके शीर्षक से ही आरंभ हो जाता है जो उनकी रचना में विस्तारित होते हुए सायास अनगढ़पन के सौन्दर्य को जनमता है। यह अनगढ़पन उनकी कविताओं और गद्य रचनाओं के बीच झूलता रहता है इससे उनकी कविताएँ उन पाठकों के लिए भी पठनीय हो जाती है जिन्हें कविता की समझ कम हो। संभव है कुछ ऐसा ही पाठकीय समीकरण वहाँ भी बन जाता हो जहाँ उनकी कहानियाँ ऐसे हलके में पहुँच जाती हों जहाँ गद्य रचनाओं की कम समझ वाले पाठक हों फिर भी उन्हें समझ में आ जाती हो।

ऐसी ही उनकी एक कविता है- ‘रायपुर-बिलासपुर संभाग’ जिसमें एक ट्रेन बिलासपुर से रायपुर की ओर आ रही है और बैठे हैं- ग्रामवासी, जो पहली बार खाने कमाने के नाम से परिवार सहित रायपुर आ रहे हैं। वे रायपुर स्टेशन की भीड़ और चकाचौंध को विस्मय से देख रहे हैं। उस लम्बी कविता में एक बड़ी छू लेने वाली पंक्ति है उस गरीब जनमानस के संशय, भय और कौतूहल को उद्घाटित करती हुई कि ‘कितने ही लोगों ने देखा होगा पहली बार, रायपुर इतना बड़ा शहर।’ इस शब्द रचना में जनमानस में भविष्य की उम्मीदों के बीच महानगरीय आतंक का भय भी समाया होता है। उस जन के मन में यह संशय तो है कि महानगरीय जीवन का यह चेहरा उन्हें आक्रांत न कर दे, उन्हें क्षतिग्रस्त न कर दे।

अमूमन हर बड़े रचनाकार के विरोधी होते हैं पर विनोद जी का हर मोर्चे पर विरोध होता रहा। यह विरोध चाहे उनकी रचनाओं की भाषा, शैली, शिल्प में तोड़फोड़ पर हो या उनके आत्म-केंद्रीयकृत जीवन जीने के ढंग पर हो... विरोध और असहमतियाँ उनके साथ चलती रहीं, जबकि विनोद जी को किसी का भी विरोध करते हुए नहीं देखा गया। रचना में भले हो पर विनोद जी के व्यवहार में विरोध या प्रतिकार जैसी कोई चीज कभी दिखती नहीं। असहमतियाँ भी शायद उनकी कुछ ऐसे भोलेपन से हों कि उनका यकबायक अहसास नहीं हो पाता, उनके आसपास रहने वालों को। विनोद जी जैसे ही एक और शांतचित्त व्यक्तिव हैं छत्तीसगढ़ में, वे हैं बिलासपुर के गंभीर चिन्तक आलोचक राजेश्वर सक्सेना।

धीर-गंभीर और शांतचित्त होने के बाद भी विनोद जी के लेखन -कर्म के विरोधी इतने रहे कि उनका घर साहित्यकारों का अड्डा नहीं बन सका, न वहाँ कोई मजमा जमा। जो कई बड़े साहित्यकारों का प्रिय शगल रहा। रायपुर के उनके सहनामी लेखक व्यंग्यकार विनोद शंकर शुक्ल के घर बूढ़ापारा में आने- जाने वाले लोग बहुत रहे; पर विनोद कुमार शुक्ल के शैलेन्द्र नगर वाले घर में वैसा ही सन्नाटा पसरा रहा, जैसा कि ऊपर की कविता- ‘जंगल के दिन भर के संन्नाटे में’ है। रचना के हिसाब से इन दोनों विनोद में कोई तुलना नहीं सिवाय इसके कि इन दोनों विनोद को... बहुत बार विनोद शंकर शुक्ल को लोग विनोद कुमार शुक्ल ही कहते रहे। कभी- कभी विनोद कुमार शुक्ल को विनोद शंकर शुक्ल कह दिया जाता था, तब यह देखकर विनोद शंकर शुक्ल बड़े हर्षित हो जाते थे मानों उन्होंने अपना बदला निकाल लिया हो।

बाहर से आने वाले साहित्यकार कमलेश्वर, राजेंद्र यादव, नामवर सिंह रायपुर के स्थानीय आयोजकों से पूछते थे कि “विनोद जी कहाँ हैं?” पर वहाँ विनोद जी दिखाई नहीं देते थे और न अतिथि साहित्यकार उनसे मिलने जाने की जहमत उठाते थे। पर हाँ अशोक वाजपेयी, नरेश सक्सेना, डॉ. राजेंद्र मिश्र जैसे कई महत्त्वपूर्ण लेखक रहे जो विनोद जी की न केवल खोज खबर लेते रहते थे बल्कि उनके साथ वक्त भी भरपूर गुजारते थे। पर उनकी आत्म-केन्द्रीयता के कारण अपनी खुन्नस उतारते हुए कुछ लेखक विनोद जी की चर्चा कर चुहलबाजी किया करते थे। रायपुर में ही एक बार अपनी चतुर सुजानी के लिए कुख्यात राजेन्द्र यादव ने काशीनाथ सिंह को खेलते हुए पूछ लिया था कि ‘काशीनाथ जी.. पटना में विनोद कुमार शुक्ल जैसे लेखक हो सकते हैं क्या?’ काशीनाथ जी सोचते रहे फिर अपनी बड़ी- बड़ी आँखों में कुछ संशय का भाव लाते हुए, दाएँ बाएँ मुंडी हिलाते हुए बस इतना ही कहा- ‘‘पटना में ! वहाँ कैसे होंगे...ना !’’ 

विनोद जी को चाहने वालों का वर्ग भी छोटा नहीं है। विशेषकर रायपुरवासी डॉ. राजेन्द्र मिश्र तो विनोद कुमार शुक्ल के बड़े प्रेमी लगते थे। उनका संग साथ भी अक्सर दिखा करता था। एक बार दुर्ग में कनक तिवारी के घर पर आहूत संगोष्ठी में उन्होंने धीरे से ही सही; पर यह कह तो दिया था - ‘हिंदी में गद्य और पद्य का विपुल लेखन करने वालों में अज्ञेय के बाद विनोद कुमार शुक्ल का नाम लिया जा सकता है।”

केदारनाथ सिंह की तरह विनोद जी की कविताएँ भी पाठको को अपनी कविताओं का पाठ करने के लिए आमंत्रित करती हैं और ये दोनों कवि अपनी कविताओं का अच्छा पाठ भी करते रहे हैं। जैसे कविता ही इनके वक्तव्य हों और ये ऐसे प्रवक्ता जो कविता के माध्यम से मुखरित हो रहे हों। साहित्यिक गोष्ठियों में अक्सर सभी बोलते हैं पर विनोद जी नहीं बोलते हैं और जब संचालक उनका नाम जोर देकर पुकार देते हैं, तब वे दोनों हाथ जोड़कर बोल उठते हैं - “नहीं बोलने वाले आदमी को आप लोग क्यों बुलवाना चाहते हैं।” पर कहीं विनोद जी ने बोल दिया, तब श्रोताओं को यह भी अनुभव हो जाता है कि विनोद जी बोलते भी अच्छा हैं... सरसता है उनके बोलने में; पर ज्यादातर बार लोग उनके अच्छे व सरस वक्तव्य से वंचित ही होते आ रहे हैं।

1993 के बाद जब मेरी उनसे पहली बार मुलाकात हुई, तब मैंने अपना पहला व्यंग्य संग्रह ‘मेरा मध्यप्रदेशीय हृदय’ उन्हें भेंट किया था। वे किसी साहित्य समागम में आए और भिलाई होटल के कमरे में अपनी खाट पर बैठे हुए थे। मैं कुर्सी लेकर उनके करीब हो गया था। वे देखने और बातचीत करने में बिलकुल सीधे सरल लगे थे। बाद में उन्होंने शैलेन्द्र नगर रायपुर के अपने मॉर्निंग वाक के एक साथी व्यंग्यकार अश्विनीं कुमार दुबे से कहा था - “विनोद साव का लिखा मुझे अच्छा लगता है।” कई बार यह जुड़ाव ‘सहिनाव’ (सहनामी) होने के कारण भी हो जाता है। 

विनोद जी के लेखन में विनोद प्रियता की झलक मिलती रहती है। चाहे कविता हो या कहानी स्थितियों एवं चरित्रों में विशेषकर उनके उपन्यासों के कई प्रसंगों में बरबस ही हास्य खिल उठता - ‘खिलेगा तो देखेंगे’ के जीवराखन और डेरहिन के प्रेम प्रसंगों की तरह। या दीवार की खिड़की से पार होकर प्रेम करते बिम्बों में। कभी विनोद जी भी किसी विनोदपूर्ण क्षण में मुँह उठाकर इसे हल्की मुस्कान से दबाने की चेष्टा कर रहे होते हैं, तब भीतर का विनोद उनकी रंगत में उतर आता है। उनके उपन्यास ‘नौकर की कमीज’ का अंग्रेजी व फ्रेंच में भी अनुवाद हुआ है- ‘द सर्वेन्ट्स शर्ट’ नाम से। कहते हैं कि उनकी यह कृति जितनी भारत में बिकी उससे कई गुना अधिक फ़्रांस में बिकी।

जब मैं रायपुर आकाशवाणी में व्यंग्य-पाठ के लिए आमंत्रित होता था, तब अक्सर लौटते समय व्यंग्यकार विनोद शंकर शुक्ल के घर बैठ जाता था। एक बार कथाकार विनोद कुमार शुक्ल जी की याद आई; क्योंकि लम्बे समय के अन्तराल के बाद भी उनसे दूसरी बार मिलना न हो सका था और केवल फोन पर बातें होती रही थीं। कभी- कभी उनकी कोई कविता कहीं छपी हुई दिख जाने पर उन्हें फोन करता और कविता पढ़कर फोन में ही उन्हें सुना दिया करता था और वे उसे चुप तन्मयता से सुन रहे होते थे। मैंने उनसे पूछा - “आपके घर कैसे पहुँचा जा सकता है सर?” तब उनसे यह सुनकर आश्चर्य हुआ- “आप शैलेन्द्र नगर के आसपास जहाँ कहीं भी उतर जाएँगे, मैं आपको स्कूटर से लेने आ जाऊँगा।”

उन्होंने डाक से अपने बेटे की शादी का निमंत्रण भेजा था, तब थोड़ा आश्चर्य हुआ कि अपने नितांत निजी उत्सव पर भी एक बड़े लेखक ने मुझे याद किया है। भिलाई के मित्रों के साथ रायपुर के विवाह स्थल में पहुँचा, तब वे बेटे की बारात लेकर चल रहे थे और मुझे बारात में शामिल होते हुए उन्होंने देख लिया था और देखते ही लपककर पास आ गए और ‘विनोद भाई’ कहते हुए गले लगा लिया था। बेटे की शादी में भी विनोद जी का इतना सादगी पूर्ण पहनावा था, जैसे वे अपने रोज के जीवन में कहीं भी दिख जाते हैं। वे लिखने- पढ़ने, बोलने- बताने और व्यवहार में इतने आम आदमी लगते हैं, जैसे उनके उपन्यास में ‘नौकर की कमीज’ का मुख्य पात्र संतू बाबू या फिर ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ का रघुवर प्रसाद हो। उपन्यास के इन दोनों प्रमुख पात्रों में जान नहीं आई होती; अगर इनमें विनोद कुमार शुक्ल जैसा अनगढ़पन नहीं घुसा होता। उनके एक कथा संग्रह ‘महाविद्यालय’ की भी याद आ रही हैं।

उनकी कृतियों को पढ़ते समय रचना में विनोद कुमार शुक्ल के अनगढ़पन का सौन्दर्य बोलता है। यह विशेषता उनके भाषायी चित्रण में होती है। विनोद जी से जब भी जिस उम्र में मुलाकात हो आज भी जब वे नब्बे के करीब होने जा रहे हैं, वे शिशुता बोध से भरे मिलते हैं... और इसलिए चाहे उनकी कविता ‘रायपुर-बिलासपुर संभाग’ हो या उपन्यास की कोई कथा हो, इन रचनाओं में उनके अनगढ़पन का सौन्दर्य वैसे ही पसरा होता है, जैसे किसी बच्चे द्वारा बनाए गए मिटटी के आढ़े -तिरछे खिलौनों में भरा होता है। अपनी ऐसी कुछ विशेषताओं के कारण वे बालसाहित्य के भी सुलभ लेखक हो गए हैं।

एक आत्मीय क्षण में कथाकार कमलेश्वर
और विष्णु खरे के साथ हैं विनोद जी

मैं पूछता हूँ- “जैसा जीवन आप जीते हैं, उसमें उपन्यास ‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ की कहानी ‘मैरिड लव’ की कहानी ही बन सकती थी।” वे भोलेपन से बोल उठते हैं - “हाँ... कुछ पाठकों ने मुझे कहा भी था कि इस उपन्यास को पढ़कर यह जाना कि अपनी पत्नी से प्यार कैसे किया जाता है।” वैसे भी विनोद जी की कहानियों में पत्नी होती है, प्रेयसी नहीं।

उन्हें घेरकर खड़े हुए अभिजात्य विनोद जी के अनगढ़पन को ध्वस्त नहीं कर सकते। जबकि विनोद कुमार शुक्ल के लेखन का अनगढ़पन उनकी कविता- कहानियों में अनायास आ गए अभिजात को निरंतर ध्वस्त करते चलता हैं। विनोद जी के विशिष्ट लेखन- कौशल से उनका अपना एक स्कूल भी बन गया है। निर्मल वर्मा के बाद ये विनोद कुमार शुक्ल ही हैं, जिनकी लेखन शैली का अनुकरण करते हुए परवर्ती पीढ़ी के लेखक देखे जाते हैं।

रायपुर वासी प्रसिद्द समालोचक रमेश अनुपम ने फेसबुक में ‘विनोद कुमार शुक्ल होने के मायने’ स्तम्भ से सौ किस्तें पोस्ट कर दी हैं... और अब वे समग्र रूप से एक ग्रंथ में प्रकाशित होंगी। यह कोशिश प्रबुद्धजनों द्वारा सोशल मीडिया से परहेज किए जाने के बदले में उसकी मान्यता को सिद्ध करती है।   

संभवत: विनोद जी के साथ मेरा कोई चित्र नहीं है; पर उनका एक चित्र मैंने कैमरे से लिया था, जिसमें एक आयोजन में वे कथाकार कमलेश्वर और कवि विष्णु खरे के साथ खड़े हैं। यहाँ विनोद जी की कृतियों की मीमांसा की मेरी कोई योजना नहीं है। बस यूँ ही सी कुछ अंतरंग स्मृतियाँ हैं, उनसे मिलने- जुलने और उन्हें कुछ पढ़ने के बाद। यह लिखा गया है एक शोधार्थी छात्र की माँग पर, जो विनोद जी पर शोध कर रहे हैं। विनोद जी को ज्ञानपीठ सम्मान मिलने पर बधाइयाँ एवं शुभकामनाओं के साथ...

सम्पर्कः मुक्त नगर,  दुर्ग (छत्तीसगढ़) 491001, मो. 9009884014

यात्रा-संस्मरणः भृगु लेक के द्वार तक

  - भीकम सिंह

  पाँच जून दो हजार चौबीस की सुबह आठ बजे मनाली से लगभग पंद्रह किलोमीटर पहले छोटे से बस स्टेशन फोरटीन माइल पर ना मालूम कितने ट्रैकर उतरे हैं। उनमें हम छह (संजीव वर्मा, डॉ॰ ईश्वर सिंह, अशोक भाटी भाटी, भूपेन्द्र सिंह, इरशाद और मैं) भी एच.आर.टी.सी. की बस से उतरे, उतरते ही देखा कुछेक ट्रैकर मस्ती में गीत गाते हुए आधार शिविर की ओर चले जा रहे हैं। सामने ही दिख पड़ा वैलकम टू फोरटीन माइल आधार शिविर का बैनर। व्यास नदी के किनारे पर यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इण्डिया ने स्थापित किया है। प्रवेश द्वार पर ही ग्रुप लीडर राकेश तिवारी ने आगे बढ़कर प्रसन्न हृदय से हाथ मिलाया। ‘आप लोगों का स्वागत है।’ उसने कहा। तुम्हारी सूचना मिल गई  थी। अभी टैंट नम्बर बीस में सामान रखकर फ्रेश-व्रैश हो लो। तिवारी जी हमें सुसंस्कृत लगे। टैंट नम्बर बीस गद्दों, कम्बलों और स्लिपिंग बैग से सजा है, जिसमें हम सोंएँगे। बड़े उत्साह से हमने अपने-अपने रुकसैक टैंट नम्बर बीस में जमा दिए हैं। टैंट में लाइट भी जल रही है, चार्जिंग मल्टी प्लग भी लगा है। संजीव वर्मा स्विच खोलने लगे, तो देखा टैंट की छत पर मक्खियाँ जमीं बैठी हैं, फिर हमने तहाई हुई स्लीपिंग सीट से उन्हें बाहर निकाला और टैंट का दरवाजा बन्द कर दिया। थोड़ी देर बाद हम हाथ-मुँह धोकर ब्रेकफास्ट के लिए डाइनिंग एरिया में चले गए । पूड़ी, सब्जी, अंडा, कॉर्नफ्लेक्स लेकर हम खाने बैठे। खा-पीकर हमने डौक्यूमैंटेशन कराया और दूसरे ट्रैकर्स से परिचय करने लगे। हमारा ग्रुप बी.एल.टी. जीरो फोर है, जिसमें छह महिला और बाईस पुरुष मिलाकर कुल अट्ठाईस ट्रैकर्स हैं। कल हमें भृगु लेक जाना है; इसलिए रतन सिंह भाटी का ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी होना है, जिसकी व्यवस्था ग्रुप लीडर राकेश तिवारी ने की है। हम सभी वहीं बैठ गए हैं। रतन सिंह भाटी ने भृगु लेक ट्रैक के बारे में बताना शुरू किया, वे अपने चेहरे पर सुहानी मुस्कान लिये बौर होने की सीमा तक कार्यक्रम में समाँ बाँधते रहे। बीच-बीच में ट्रैकर्स कभी यहाँ तो कभी वहाँ आते जाते रहे ; परन्तु मग्न भाव से रतन सिंह भाटी अपनी आँखों को मिचमिचाते रहे, जैसे वह कोई बड़े महत्त्व की जानकारी हमें दे रहे हैं।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम खत्म होते-होते लंच का समय हो गया और लंच करते-करते व्यास  में नहाने का कार्यक्रम बन गया। अपना-अपना नहाने का सामान लेकर हम छहों व्यास रीवर फ्रंट की ओर बढ़ रहे हैं। हमें देखा देखी दूसरे ट्रैकर भी नहाने आ गए। व्यास  के बड़े-बड़े शिला खंडों पर काई जमी है जो फिसलन भरी है। ऐसे में कहाँ नहाएँगे? मैं पूछ बैठा।

यहीं एक-एक डुबकी लगा लेते हैं भाई साहब! अशोक भाटी भाटी ने कहा।

मैंने इस आशंका के बारे में तो सोचा ही नहीं था। मैंने तो सिर्फ नहाने भर का सोचा था। बीच धार में नहाने की हिम्मत जवाब दे गई, तभी माइक पर घोषणा हुई कि स्नान के लिए नदी के अन्दर न जाएँ, दुर्घटना हो सकती है। इसी बीच एक व्यक्ति ने वहाँ पर नहाने के लिए हमें मना भी किया। फिर हम व्यास किनारे बनी एक दुकान पर पानी पूरी खाने बैठ गए। संजीव वर्मा ने कहा, ‘आए थे राम भजन को ओटन लगे कपास’।

सब ठट्ठाकर हँस पड़े।

अशोक भाटी ने कहा, ‘‘अच्छा होगा कि हम कैम्प में जाकर ताश खेलें- क्यों भाई साहब!’’ मैंने भी हामी भर दी। भूपेन्द्र सिंह ने कुछ ऐसा ही जवाब दिया, जैसा कि ऐसी परिस्थितियों में दिया जा सकता है, और हम जल्दी ही आधार शिविर में आ गए, जहाँ हमारी मुलाकात एक लड़की से हुई,  जिसका चेहरा बहुत ही भला था और कला में पगा भाव उस पर छाया हुआ था। भूपेन्द्र सिंह ने उसे भी ताश खेलने का न्योता दे दिया, जिसे उसने मुस्कराते हुए स्वीकार भी कर लिया। उसने पूछा, ‘‘कौन-सा खेल खेलते हो?’’

मैंने कहा, ‘‘जजमेंट।’’

और हम जजमेंट खेलने बैठ गए।

राकेश तिवारी की व्हिसल बजी, डिनर तैयार है, हमने कप प्लेटें निकालीं। निश्चय ही कुछ बढ़िया बना होगा वरना वाई.एच.ए.आई. का ट्रैक कोई क्यों  करेगा। ऊपर से पेट भी बज रहा था भूख के मारे। मैंने जल्दी-जल्दी कुछेक उबले अंडे, दाल-चावल, सब्जी, चार रोटी, अचार और काफी सारा कस्टर्ड प्लेट में भर लिया और साथ में एक मग गरम पानी भरकर सामने पड़ी प्लास्टिक की टेबुल पर रख लिया। निश्चय ही इतना डिनर स्वास्थ्यकर नहीं होगा; परन्तु मैंने कर लिया। रात भर भूपेन्द्र सिंह जोरों के साथ खर्राटे भरता रहा। संजीव वर्मा पूरी रात ऑनलाइन रहे। मुझे भी झपकी-सी आती रही। आँख तब खुली, जब चाय की टोह में इरशाद किचन के चक्कर लगा रहा था।

दो हजार चौबीस का छह जून है। आधार शिविर की चहारदीवारी में सेवों के वृक्ष अपने कच्चे सेव लिये पूरी गरिमा के साथ खड़े हैं। बन्ने और शकूरे की बेरहम कुल्हाड़ी से वे बच निकले हैं, अभी भी छोटे-छोटे पत्तों से युक्त उनकी डालियाँ आधार शिविर को छाया प्रदान कर रही हैं। वाई.एच.ए.आई. की ट्रैवलर बस आ चुकी है। आज हमें पहले कैम्प ‘गुलाबा मीडो’ के लिए निकलना है। फोरटीन माइल से लगभग साठ किलोमीटर ट्रैवलर बस से चलना है फिर दो किलोमीटर की चढ़ाई करके गुलाबा मीडो पहुँचना है जिसे जोंखर और चौदह मोड़ के नाम से भी जाना जाता है।

‘हाँ तो चलिए, गुलाबा मीडो में चलें’ राकेश तिवारी ने हार्दिकता से कहा और ट्रैवलर बस दो गाइड  सहित अट्ठाईस ट्रेकर्स को लेकर चल पड़ी। राह में पुरानी परम्परा की इमारतें, छोटे-छोटे बाजार व्यास  नदी को पार करने के लिए धातु का पुल, खेत, एप्पल के बाग, मेपल ट्री, ओक-पूरा परिदृश्य स्वाभाविक है, फिर धीरे-धीरे हमने रोहतांग दर्रा पार किया, तो हमारी ट्रैवलर बस कुल्लू में प्रवेश कर गई  और हमें ओक के जंगल और घास के मैदान नजर आने लगे। हमने ट्रैवलर बस से उतरकर ग्यारह बजे के आस-पास पैदल चलना शुरू कर दिया है। गुलाबा मीडो कैम्प समुद्रतल से लगभग आठ हजार पाँच सौ फुट की ऊँचाई पर है। हम कैम्प से एक किलोमीटर पहले एक कैंटीन पर रुक गए हैं। कैंटीन वाला सिर झुकाकर सभी का अभिवादन कर रहा है। यहाँ से गाँवों के चिह्न कम हुए हैं और घास के मैदान, ओक के जंगल, बर्फ की चोटियाँ, जंगली फूल और जल स्रोत दिखाई देने लगे हैं। भूपेन्द्र सिंह लड़कियों के बीच गाने की बानगी दिखा रहे हैं। कोई फिल्मी गीत छेड़ते हैं और मुखड़ा गाकर छोड़ देते हैं, फिर दूसरा गीत पकड़ लेते हैं। अंकिता उनका साथ दे रही है, अंकिता ने उन्हें डैडी कहना शुरू कर दिया है। इरशाद और 

अशोक भाटी भाटी के चेहरे के भाव को डॉक्टर ईश्वर सिंह ने ताड़ लिया है कि भूपेन्द्र सिंह के गाने में उन्हें कोई खास रस नहीं मिल रहा है। ट्रैकर अलग-अलग ग्रुप बनाकर कानाफूसी करने लगे हैं तभी गाइड  की आवाज सुनाई दी- “चलो!”, सभी खड़े हो गए, सभी की भावभंगिमा में आत्मानुशासन का भाव है। घास के मैदानों से ताजगी की सुगंध आ रही है। आधा घंटे में ही हम गुलाबा मीडो कैम्प आ गए। आज रात यहीं विश्राम करना है। कल रोला खोली कैम्प के लिए निकलेंगे। कैम्प लीडर आर.के. गुप्ता कैम्प की व्यवस्था के बारे में बात कर रहे हैं। हमें वरुण  खटाना की आवाज सुनाई दी, “चाय तैयार है।” हम मग लेने टैंट के अन्दर गए और वापस आकर टी कन्टेनर से मगों में चाय लेकर आर.के. गुप्ता के साथ बातचीत में रम गए। कुछ ट्रैकर इधर-उधर मँडराने-डोलने लगे हैं, अशोक भाटी भाटी भी उन्हीं में है। कुछ इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार बहुमत हासिल करने के बाद राजग ने नरेन्द्र मोदी को अपना नेता चुन लिया है। फुन्दनों की कैप को सिर पर लगाए भूपेन्द्र सिंह सिकन्दर के अंदाज में खड़ा है। गले में बैंगनी रंग का मल्टी परपज पहने डॉ. ईश्वर सिंह वनस्पतियों की खैर-खबर ले रहा है। चारों ओर पर्वत शिखर नजर आ रहे हैं। किचन से भागचंद गर्म पानी का कंटेनर लिये आ पहुँचा है और सिर को घुमाते हुए आर.के. गुप्ता से कहता है, “डिनर तैयार है।” तभी, मैंने देखा कि आर.के. गुप्ता डिनर के लिए बोलते उससे पहले ही हम डिनर करने के लिए तैयार हो गए और इत्मीनान के साथ प्लेटों के बाद प्लेटें, मग के बाद मग खाली होते रहे। तत्पश्चात् स्लीपिंग बैगों में गुड़मुड़ी बनकर सो गए।

आज दिल्ली में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एक बार फिर सरकार बनाने के लिए दावा पेश करेगा, स्लीपिंग बैग में पड़े-पड़े वरुण  खटाना ने कहा , तो आँख खुली। आज यानी सात जून को हमें अगले कैम्प के लिए प्रस्थान करना है। डॉ. ईश्वर सिंह आँखें मूँदे पड़े हैं। ‘‘डाक्टर साहब! उठो, लो चाय पी लो’’, इरशाद ने कहा, तो उनकी काया में कुछ हलचल हुई। हम सब उठ गए और स्लीपिंग बैगों में ही बैठे रहे। मुझे हिमालयन बुलबुल की आवाज़ आई, मैंने कहा वकील साहब! यह तो वही है जिसका आपने आधार शिविर में फोटो शूट किया था, काले मुँह और सफेद गालों वाली। इतने में भूपेन्द्र सिंह बोल पड़ा, नहीं भाई साहब! मखमल गालों वाली। ठहाका लगा, तो दूसरे टैंट से भी ट्रैकर बाहर निकले और पूछने लगे, ‘‘क्या हुआ! क्या हुआ! ’’ मैंने भूपेन्द्र सिंह से कहा, ‘‘अब राजू बन गया जैंटलमैन का गाना मत सुना देना’’ और इस खुशनुमा वातावरण से आज का दिन शुरू हुआ। घास के मैदानों ने अपना चेहरा दिखाया, इससे खूबसूरत दिन की कल्पना नहीं की जा सकती, आज हम रोला-खोली जाएँगे।

अब हम अट्ठाईस ट्रैकर रोला-खोली की ओर चले। सुबह के आठ बजे हैं। धूप खिली है। पर्वत शिखरों से बादल उठ रहे हैं। सूखे पत्ते और तिनके हमारे रास्ते में कालीन बनने को तैयार हैं। ओक का जंगल बिदाई को खड़ा हो गया है। किसी लड़की का पैर फिसलकर मुड़ गया है, वह वहीं बैठ गई  है। बाकी ट्रैकर आगे निकल गए हैं। एक गाइड उस लड़की के पास रुक गया है। वैसे भी वह रूखे स्वभाव की है, हालाँकि उसके कठोर होने की शिकायत किसी को नहीं है। बस अंकिता उसे उचक-उचककर देखती रहती है। जैसे-जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, घास के मैदानों की हरियाली बढ़ने लगी है। पहाड़ों पर हल्के-हल्के जंगली फूल दिखने लगे हैं। सोलंग घाटी से होती हुई ठंडी हवा शरीर में झुरझुरी पैदा करने लगी है, ऊपर चढ़ती हुई घुमावदार पगडंडी पर एका-एक मोड़ आया और हम बड़े जल स्रोत पर पहुँच गए हैं। यही हमारा लंच प्वाइंट है। गाइड ने रुकने के निर्देश दे दिये हैं। मैंने देखा, पीछे बहुत दूर गाइड के साथ वह लड़की घिसट रही है। पगडंडी के किनारे-किनारे पड़े पत्थरों पर हम बैठ गए हैं। पीर पंजाल और धौलाधार रेंज के अद्भुत दृश्य दिखायी दे रहे हैं। फोन के सिग्नल आ-जा रहे हैं। एक भेड़ बकरियों का बड़ा- सा झुण्ड हमारे पास से गुजरा है, उनके ताजे-ताजे निशान वहीं पड़े दिख रहे हैं, और हम लंच कर रहे हैं। लंच करते ही शरीर में एनर्जी जगमगा उठी है। सभी के रुकसैक पीठ पर आ गए हैं। आसमान में बादलों की कतरनें उड़ने लगी हैं। पहाड़ गुनगुनाने लगे हैं। हम भी उन्हीं में रमते-रमाते रोला-खोली की ओर बढ़ने लगे हैं। संजीव वर्मा का मोबाइल कैमरा हर वक्त ऑन रहा है। वह अपने पसंदीदा दृश्य शूट कर रहे हैं। उनके मुँह से निकला, ‘‘अद्भुत!’’ दूर, काफी दूर रोला-खोली के टैंट नज़र आ रहे हैं। हम उत्साह से अधीर हुए जा रहे हैं, और हम पाँच बजे तक उतर ही आए। कैम्प लीडर आनन्द भावे ने गरमागरम आलू- बंडे और चाय से हमारा स्वागत किया। हम थककर चूर हैं हमारे चारों ओर ऊँचे-ऊँच पहाड़ हैं, मैदान में बड़े-बड़े शिलाखण्ड भी हमारे साथ जैसे टैंट लगाकर जमे हैं। पेड़-पौधों को गुलाबा मीडो में जंजीर से बँध दिया है। कुछ ट्रैकर बर्फ में भीगे हुए भृगु लेक से आ रहे हैं, जैसे बर्फ में तैर कर आए हों, उन्हें देखकर मुझे झुरझुरी-सी आ गई। कल (आठ जून) हमें भी भृगु लेक जाना है, तभी हमने देखा दूसरा गाइड पगडंडी छोड़कर हमारी ओर उतर रहा है, साथ में विजय तिवारी और वह लड़की है। ‘‘चले आओ! चले आओ!’’ हमारा समवेत स्वर गूँजा। फिर मैंने कहा, ‘‘अशोक भाटी जी! चलें? कुछ खेलें-खालें, घूमे-फिरें? कल भृगु लेक चढ़ना ही है, क्यों? ... वैसे तो थकान उतरी नहीं है।’’

इतने में ही इरशाद बोला, ‘‘छोड़ो भाई साहब मैं भी कल यहीं रहूँगा।’’ अशोक भाटी बड़बड़ाया ‘‘इतना परिश्रम करके आए हैं; केवल भृगु लेक के लिए या कैम्प में आराम करने?’’

‘‘अब टैंट में चलो’’, डॉ. ईश्वर सिंह ने जल्दी मचाई और हम छहों टैंट में आकर जैसे ढह गए। आठ जून को हम जल्दी जाग गए, भृगु लेक जाना हैं। पहले हम खुले में शौच के लिए गए उसके बाद हाथों में दस्ताने, रैन सीट, स्नोबूट और सनग्लास पहनकर पैक लंच लिया- कुछ कार्बोहाइड्रेट और विटामिनयुक्त खाद्य भी रखे। संजीव वर्मा घर से लड्डू लाए हैं, उन्होंने वे भी रख लिये। इरशाद ने रोला-खोली कैम्प में ही आराम करने का मन बना लिया है। उनके साथ पाँच लोग रुकने वाले हैं। हम बाईस ट्रैकर आत्मविश्वास से भरे हुए धीरे-धीरे पैर बढ़ाते हुए भृगु लेक की तरफ बढ़ने लगे हैं। रोला-खोली कैम्प की बगल में स्थित नदी को पार करते हैं। चढ़ाई के ठीक बीस मिनट बाद जमीन एक विशाल हिम चादर में खुलती है। यहाँ से हमें देव टिब्बा, हनुमान टिब्बा और सोलंग घाटी का मनोरम दृश्य दिखाई दे रहा है। पैर धीरे-धीरे बढ़ाना एक तरह से अनिवार्य सा हो रहा है; क्योंकि बर्फ तोड़-तोड़कर चढ़ना दुष्कर सा हो रहा है, साँस फूल रही है, झर-झर स्नोफॉल हो रहा है, धूप नहीं है, भृगु लेक हमें पुकार रही है। रास्ता फिसलन वाला है। बीच-बीच में किसी ना किसी के फिसलने का दृश्य दीख जाता है तो हँसी छूट जाती है। भूपेन्द्र सिंह ने जूतों पे क्रैम्पन (कील लगी चैन) पहनी है, उन्हें फिसलने का डर नहीं है। सीधी खड़ी पर्वत श्रेणियाँ हैं सफेद बर्फ जमा हुआ है। स्नोफॉल रुक गया है। अंततः उसी स्थान पर हम पहुँच गए, जहाँ हमें पहुँचना था अर्थात् भृगु लेक के द्वार पर। आह! कैसा अद्भुत, आध्यात्मिक वातावरण है। हम गुग्ध भाव से देखते रहे। यह झील भारत के हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चौदह हजार एक सौ फुट की ऊँचाई पर है। यह एक पर्वतीय झील है जो रोहतांग दर्रे के पूर्व में है। इसका नाम महर्षि भृगु पर पड़ा है। बाईस के बाईस ट्रैकर पीली, काली, नीली रैन सीट में नाचते से घूम फिर रहे हैं। कभी-कभी पैर घुटने तक बर्फ में धँस जाते हैं, फिर पैर खींचकर बर्फ से बाहर निकालते हुए हम आनन्दित हो रहे हैं। डॉ. ईश्वर सिंह की नाक लाल हो गई  है। चारों तरफ सफेद बर्फ का साम्राज्य है। अंकिता के साथ छहों लड़कियाँ ठेलमठेल मचाए हुए हैं, वह बर्फ के गोले फेंकने से नज़र आ रहा है। उमर का ख्याल आते ही चेहरे पर विरक्ति के भाव आ गए हैं। तभी गाइड की आवाज़ आई- ‘‘चलो! जल्दी करो!’’ फिर हम ढलवा रास्ते पर चलने लगे, लगभग पाँच सौ मीटर ही चले थे कि गाइड  ने कहा-‘‘यहाँ लंच कर लें फिर स्लाईडिंग (फिसलकर) द्वारा रोला-खोली पहुँचेंगे।’’

आठ जून दो हजार चौबीस के दो बजे हैं, हम पैर फैलाकर टिफिन हाथों में लिए बैठे हैं। हमारी रैन सीट पर स्नोफॉल की कुछ बर्फ बिखरी हुई है। सामने अलोकिक भृगु लेक है। लंच करने के बाद हम बाईस के बाईस फिसलनकारी बर्फ पर पैर जमा-जमाकर रोला-खोली की ओर बढ़ने लगे। गाइड  ने एक ढलवाँ पगडंडी पर रोक दिया, यहाँ से स्लाइडिंग करते हुए जाना है। वाह!... बिना स्की, बिना स्केट, सर्र-सर्र हम ढलवाँ पगडंडी पर फिसलने लगे। फिसलकर लगभग एक किलोमीटर नीचे पहुँचे, तो जूतों में, पिछवाड़े में बर्फ घुस गई। एक लड़की को चोट लगी है शेष इक्कीस अगली स्लाइडिंग के लिए तैयार हैं। भीतर रोमांच होता रहा, बाहर स्नोफॉल। एक-एक करके हमने छह स्लाइडिंग की, थकान का पता ही नहीं चला और हम रोला-खोली आ गए। पाँच बज चुके हैं कैम्प में पहुँचते ही कपड़ों में घुसी बर्फ को निकालना शुरू किया। ठण्ड बहुत लग रही है, सामान रखकर, गर्म कपड़े बदलकर हम चाय पीने के लिए आ बैठे हैं। दूर-दूर तक बिछी बर्फ, उसके बीच से आती ठण्डी हवा, पास में ठंडे चिकने पत्थरों पर उछलती धारा शरीर में खुरखुरी पैदा कर रही है। ठंड की बेचैनी हमें स्लीपिंग बैग में ले गई। कल हमें आधार शिविर निकलना है, यही सोचकर हम देर तक सोते रहे। ठंड की मार के कारण हम स्लीपिंग बैग के भीतर हिल भी नहीं पाए।

नौ जून दो हजार चौबीस को सुबह नौ बजे आधार शिविर फोरटीन माइल के लिए प्रस्थान किया। अब हम पच्चीस हैं, तीन कल ही जा चुके। आज रविवार का दिन है और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। लगभग घंटेभर चलने के बाद आराम करने की इच्छा हुई, मैंने गाइड  से कहा, तो उसने मना कर दिया और कहा, ‘‘गुलाबा मीडो के पास लंच होगा और वहीं ट्रैवलर बस का इंतजार करते हुए आराम भी होगा।’’ गाइड ने ये शब्द कुछ ऐसे ठेठ अंदाज में कहे कि मानों वह कह रहा हो कि जहाँ मन करे, आराम करो। मैं एक जल स्रोत के पास बैठ गया हूँ, धूप निकली है, दिन सूखता सा चल रहा है, मेरे सामने भेड़ बकरियों का झुण्ड है, जो लम्बी लाइन लगाकर पानी पी रहा है। सामने सोलन घाटी, सूखी हरी घास से ढकी ढलावदार पगडंडियाँ हमें बारह बजे तक गुलाबा मीडो के पास ले आई हैं। हम धूप में बैठे ताश खेल रहे हैं, गर्मी के मारे बेचैनी हो रही है, हवा के स्पर्श का अनुभव बीच-बीच में हो रहा है। हमारे ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर कुछ ट्रैकर ट्रैवलर बस का इंतजार कर रहे हैं और कुछ ओक की छाँह में बैठे हैं। गाइड  शोर मचा रहा है। मैंने घूमकर देखा, तो वरुण  खटाना पर मेरी नज़र पड़ी, जो कंधों पर अपना रुकसैक चढ़ा रहा है। शेष ट्रैकर गर्मी से परेशान हुए निश्चल बैठे हैं। ‘‘चलो!’’ हमारी ओर ताकते हुए वरुण खटाना ने चिल्लाकर कहा। थोड़ी देर में ही हम ट्रैवलर बस में बैठ गए हैं, आधार शिविर के लिए। बस ड्राइवर ने गाना बजा दिया है, ओ, केटी को, केटी को।

सॉनेटः निर्दिष्ट दिशा में






 - अनिमा दास 

एक संकेत सा.. एक रहस्य सा.. काव्य प्रेयसी के घनत्व में 

रहते हो तुम, हे कवि! तुम अनंत रश्मियों का हो एक बिंदु 

नहीं होते जब तुम परिभाषित अनेक शब्दों में.. अपनत्व में 

नक्षत्रों में होते तुम उद्भासित बन संपूर्ण अंतरिक्षीय सिन्धु 

 

मेरे जैसे कई कहते हैं तुम लघु में हो वृहद.. वृहद में अनंत 

जब घन अरण्य में चंचल होती चंद्र-किरण, मैं कहती हूँ 

कविवर के शब्द पंच रूप से हो निस्सृत सप्त अक्षर पर्यंत 

पुनः पंच रूप में होते आबद्ध, मैं उस चित्रकल्प में रहती हूँ 

 

प्रत्येक छंद में संचरित प्राण.. तमस में भी होता आलोकित 

यह प्रकाश.. यह निर्झर..शैलशीर्ष की यह लालिमा समस्त 

करते प्रश्न.. कहो कवि कैसे तुम वर्णमाला को किए जीवित 

क्या ये वही अर्ण हैं, जो तुम्हें किया है पाठक हृदयाधीनस्थ? 

 

तुम्हारे अवतरण से महार्णव की शुभ्र-उर्मियाँ हुईं काव्यमय 

हुई महीयसी, कथा हुई संपूर्णा..प्रस्फुटित हुआ किसलय। 


प्रेरकः खाना खा लिया? तो अपने बर्तन भी धो लो!

  - निशांत

खाना खा लिया? तो अपने बर्तन भी धो लो!

एक प्रसिद्ध ज़ेन कथा में वर्णित है कि:-

एक नए बौद्ध साधक ने अपने गुरु से पूछा – “मैं हाल में ही मठ में शामिल हुआ हूँ. कृपया मुझे कोई शिक्षा दें.”

जोशु ने उससे पूछा – “क्या तुमने अपनी खिचड़ी खा ली है?”

नए साधक ने कहा – “जी”.

जोशु बोले – “तो अपने बर्तन भी धो लो”.

कहते हैं कि इतना सुनते ही साधक को बोधि प्राप्त हो गयी.

मुझे क्षमा करें पर मैं इस कथा को नहीं समझा सकता क्योंकि मैं स्वयं इसे नहीं समझ पाया हूँ. यही तो जापानी ज़ेन कथाओं की विशेषता या कमजोरी है. खैर, मैं इस कथा से ही अपनी बात आगे बढाऊँगा.

अब आप बताएं. क्या आपने अपना खाना खा लिया है? यदि हाँ, तो आप भी अपने बर्तन धो लीजिये.

खाना खाते समय मैं अक्सर यह सोचता हूँ, और-तो-और, दूसरे काम करते समय भी मैं इस बात पर विचार करता हूँ – “खाना खा लिया? तो बर्तन भी धो लो!”

इस बात में असीम सरलता और गहराई है. इसका सार यह है कि ‘जीवन के उद्देश्य और इसके रहस्यों को समझने के प्रयास में अपना सर मत खपाओ… बस जिये जाओ’. अपने बर्तन धो लो. धोने की इस प्रक्रिया में ही तुम्हें वह सब मिलेगा जो तुम पाना चाहते हो.

मुझे इसमें सत्य के दर्शन होते हैं. वैसे तो मुझे वास्तव में अपने बर्तन धोने के अवसर कम ही मिलते हैं पर ऐसा करते समय मैं इसे पूरी तल्लीनता और सजगता से करता हूँ. इस काम में कुछ भी खर्च नहीं होता पर असीम संतोष मिलता है.

नहाने से पहले मैं हाथों से अपने कपड़े धोता हूँ. उन्हें निचोड़ने के बाद सुखाने के लिए तार पर टांग देता हूँ. कपड़े बदलते वक़्त मैं मैले कपड़ों को धोये जाने के लिए नियत स्थान पर रख देता हूँ. किचन में जब कभी कुछ बनाता हूँ तो डब्बों को यथास्थान रखने के बाद प्लेटफ़ॉर्म पर साफ़-सफाई कर देता हूँ. मैं इसमें परफेक्ट होने का दावा नहीं करता पर प्रयास तो कर ही सकता हूँ न.

अपना काम हो जाने के बाद इन चीज़ों को करने का सम्बन्ध केवल स्वच्छता और व्यवस्था बनाये रखने से ही नहीं है. इन्हें करने में सचेतनता और सजगता है, कर्म किये जाने की भावना का मनन है, और हड़बड़ी में अगले काम में रत हो जाने की बजाय वर्तमान के क्षणों में बने रहने का बोध है.

तो आप भी अपने बर्तन धो लीजिये. होशपूर्वक और उल्लास के साथ। (हिन्दी ज़ेन से)