मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Mar 1, 2023

बाल कविताः 22 मार्च विश्व जल दिवस- पानी जीवन का आधार

 - डॉ. कमलेन्द्र कुमार श्रीवास्तव

राजू भैया जब बाहर से,

घर में आते हैं।

‘ठंडा पानी जल्दी दे दो’,

यह चिल्लाते हैं।।

लू से पीड़ित नन्ही चिड़िया,

जब गिर जाती है।

जल में चोंच डुबो दो उसकी,

जीवन पाती है ।।

पानी जीवन का आधार है,

है पते की बात ।

पल- पल हम पानी को चाहें,

चाहे दिन हो रात ।।

कहते हैं चेन्नई हमारा,

जल संकट में है ।

भूगर्भ जल खत्म हो गया,

जन संकट में है ।।

खूब  करो मत दोहन इसका,

मेरे प्यारे राम ।

जीवन अपना तभी सुरक्षित

पूरे होंगे काम ।।

सम्पर्कः रावगंज, कालपी, जालौन, उ.प्र.

प्रदूषणः सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध


प्लास्टिक
की वस्तुओं के उपयोग को लेकर पहले भी सरकारों की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। लेकिन अब पूरी तरीके से देशभर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर बैन लगने जा रहा है। भारत सरकार ने इसके बनने, बेचने स्टोर करने और एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध करने की आदेश दिया है। यह रोक इसलिए लगाया जा रहा है, ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक के कचरे से होने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके।
सिंगल यूज प्लास्टिक यानी प्लास्टिक से बनी ऐसी चीजें, जिसका हम सिर्फ एक ही बार इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर इस्तेमाल कर फेंक देते हैं और जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुँचता है।
कानून के तहत 7 साल तक की सज़ा
 सिंगल यूज प्लास्टिक से बने 19 आइटम्स को एन्वार्यमेंट प्रोटेक्शन एक्ट (Environment Protection Act) के तहत प्रतिबंधित किया गया है। अगर कोई भी इन आइटम्स का अब इस्तेमाल करता है, तो उसे इस एक्ट की धारा 15 के तहत जुर्माना या जेल या दोनों की सजा हो सकती है। धारा 15 के तहत 7 साल तक की कैद और 1 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
कितना खतरनाक है प्लास्टिक का इस्तेमाल?
यह तो हम सबको ही पता है कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए बहुत खतरनाक है। ऐसे प्लास्टिक न तो डिकंपोज होते हैं और न ही इन्हें जलाया जा सकता है। प्लास्टिक के टुकड़े पर्यावरण में जहरीले रसायन छोड़ते हैं, जो इंसानों और जानवरों के लिए खतरनाक होते हैं। इसके अलावा, सिंगल यूज प्लास्टिक का कचरा बारिश के पानी को जमीन के नीचे जाने से रोकता है, जिससे ग्राउंड वॉटर लेवल में कमी आती है।
क्या है भारत के हाल
इस मामले पर भारत की बात करें तो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का एक सर्वे बताता है कि देश में हर दिन 26 हजार टन प्लास्टिक कचरा निकलता है, जिसमें से सिर्फ 60% को ही इकट्ठा किया जाता है। बाकी कचरा नदी-नालों में मिल जाता है या पड़ा रहता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मानें तो, भारत में हर साल 2.4 लाख टन सिंगल यूज प्लास्टिक पैदा होता है।  इस हिसाब से हर व्यक्ति हर साल 18 ग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक कचरा पैदा करता है। 
प्लास्टिकल कि इन चीजों पर लगा बैन
1. प्लास्टिक स्टिक वाले ईयर बड्स, 2. गुब्बारों के लिए प्लास्टिक स्टिक, 3. प्लास्टिक के झंडे, 3. कैंडी स्टिक, 4. आइसक्रीम स्टिक, 5. थर्मोकोल, 6. प्लास्टिक की प्लेट, 7. कप,  8. गिलास, 9. कटलरी, 10. कांटे, 11. चम्मच, 12. चाकू, 13. स्ट्रॉ, 14. ट्रे, 15. मिठाई के डिब्बों को रैप या पैक करने वाली फिल्म, 16. इन्विटेशन कार्ड, 17. सिगरेट के पैकेट, 18. 100 माइक्रोन से कम के प्लास्टिक या पीवीसी बैनर, 19. स्टिरर
क्या है प्लास्टिक का विकल्प?
- केंद्र सरकार ने अभी 19 आइटम्स पर प्रतिबंध लगाया है।  आगे इसमें और भी सामान जोड़े जाएँगे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सिंगल यूज प्लास्टिक के कुछ विकल्प के बारे में भी बताया है।
- प्लास्टिक बैग की बजाय कॉटन बैग का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसी तरह प्लास्टिक से बनी चम्मच की जगह बैम्बू स्टिक का इस्तेमाल कर सकते हैं। प्लास्टिक कप की बजाय कुल्हड़ का इस्तेमाल हो सकता है। 

स्वास्थ्यः भविष्य के लिए मोटा अनाज

- डॉ. डी. बालसुब्रमण्यन 
साइंस न्यूज़ में एक प्रशिक्षु एना गिब्स ने 9 मई 2022 के अंक में लिखा था, “आप जलवायु परिवर्तन को मानें या न मानें, लेकिन यह भविष्य में हमारे खान-पान को बदल देगा।” मनुष्य जितनी कैलोरी का उपभोग करते हैं, उसमें से आधा हिस्सा मक्का, चावल और गेहूंँ से आता है। हम अपनी 80 फीसदी पोषण सम्बंधी ज़रूरतों के लिए 13 फसलों पर निर्भर हैं। जलवायु परिवर्तन के कारण होने वाली अनियमित वर्षा और चरम मौसम की वजह से इनका उत्पादन घटेगा। हमारी ज़रूरतों को पूरा करने के लिए सख्तजान प्रजातियों को विकसित करने की ज़रूरत है, और यही वजह है कि मोटे अनाज (मिलेट्स) महत्त्व प्राप्त कर रहे हैं।

मोटे अनाज गर्म क्षेत्रों में अनुपजाऊ मिट्टी में उगाए जाते हैं और छोटे दानों वाली भरपूर उपज देते हैं, जिनका उपयोग आटा बनाने में किया जाता है। मोटे अनाज के कुछ उदाहरण हैं बाजरा, ज्वार, रागी। कम उगाए जाने वाले कुछ मोटे अनाज हैं तिनई (कंगनी), समा या समई और सांवा, जिनका उपयोग ब्रेड, रस्क (टोस्ट) और बिस्किट बनाने में किया जाता है।

अग्रणी उत्पादक

मोटे अनाज 10,000 से अधिक वर्षों से एशिया और अफ्रीका के लोगों के मुख्य आहार रहे हैं। ये जलवायु को लेकर लचीले हैं; बहुत कम पानी और गर्म, शुष्क परिस्थिति में अच्छी तरह से पनपते हैं। कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत सालाना लगभग 1.2 करोड़ मीट्रिक टन मोटे अनाजों का उत्पादन करता है। HelgiLibrary  के अनुसार, इनके उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है, इसके बाद चीन और नाइजर का स्थान है।

खाद्य और कृषि संगठन ने वर्ष 2023 को मोटे अनाज का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष घोषित किया है। इसे ध्यान में रखते हुए, भारत के कृषि मंत्रालय ने मोटे अनाज के उपयोग पर केंद्रित योजनाओं और गतिविधियों की एक शृंखला तैयार की है, विशेषकर आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में। मंत्रालय पंजाब, केरल और तमिलनाडु में ‘सही खाओ मेलों’ के आयोजन की भी योजना बना रहा है। चेन्नई स्थित एम.एस. स्वामिनाथन रिसर्च फाउंडेशन मोटे अनाज के उत्पादन और खपत को बढ़ावा देने के लिए बहुत सक्रिय रहा है।

यह सही है कि हममें से अधिकांश लोग गेहूँ और चावल को मुख्य भोजन के रूप में खाते हैं, लेकिन ये मोटे अनाज के बराबर पौष्टिक नहीं होते हैं। इसलिए उन्हें ‘पोषक-अनाज’ नहीं कहा जाता है। मोटे अनाज में उल्लेखनीय मात्रा में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन बी, और कई धात्विक आयन होते हैं जो चावल जैसे प्रमुख खाद्य पदार्थों में नहीं होते हैं। इसलिए यह ज़रूरी है कि इन लाभों को प्राप्त करने के लिए मोटे अनाज हमारे दैनिक भोजन में शामिल किए जाएँ।

मोटे अनाज का अर्थशास्त्र

बैंगलुरु स्थित भारतीय सांख्यिकी संस्थान की प्रोफेसर और एम.एस. स्वामिनाथन रिसर्च फाउंडेशन की प्रमुख मधुरा स्वामिनाथन ने 31 जनवरी, 2023 को दी हिंदू में प्रकाशित अपने लेख में इस विषय के अर्थशास्त्र की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत की है। वे बताती हैं कि अगर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में वितरित किए जाने वाले चावल और गेहूँ के लगभग 20 प्रतिशत हिस्से की जगह मोटा अनाज दिया जाए, तो इससे मध्याह्न भोजन से स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को बहुत लाभ होगा। मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ाना और कृषि भूमि में गिरावट को पलटना संभव तो है लेकिन आसान नहीं होगा और इसके लिए बहुस्तरीय हस्तक्षेप की आवश्यकता होगी। भारत सरकार, अनेक राज्यों ने मोटा अनाज मिशन शुरू किया है, जो स्वागत योग्य कदम है। (स्रोत फीचर्स)


मिलेट्स का अंतर्राष्ट्रीय वर्ष 2023 - मोटे अनाज से सुधरेगी दुनिया की सेहत

 - अपर्णा विश्वनाथ

हमारे भारत देश में मोटे अनाजों की खेती काफी पुरानी है। कह सकते हैं कि यह हमारी सभ्यता का हिस्सा रहे हैं। इसके प्रमाण सिंधु घाटी सभ्यता में भी मिलें हैं। भारत हमेशा से मोटे अनाज के उत्पादन में विश्व में अग्रणी रहा है और प्रतिवर्ष एशिया के कुल मोटे अनाज उत्पादन का 80% उत्पादन अकेला भारत करता है। भारत मोटे अनाज उत्पादन का मुख्य केन्द्र बन सकता है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है।

जमीन और हमारी थाली में विविधता होनी चाहिए। यदि कृषि इकहरी फसल वाली हो जाए तो यह हमारे स्वास्थ्य और हमारी भूमि के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है। मिलेट्स कृषि और आहार विविधता को बढ़ाने का एक अच्छा तरीका है। मोटे अनाजों के प्रति सजगता बढ़ाना इस आंदोलन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है। प्रधानमंत्री जी का यह संदेश इटली में खाद्य एवं कृषि संगठन के मुख्यालय में मोटे अनाज के अंतरराष्ट्रीय वर्ष के उद्घाटन समारोह 2023 में सुश्री शोभा करंदलाजे द्वारा दिया गया।

मोटे अनाज के पोषक तत्वों और आज के वैश्विक हालातों को देखते को हुए भारत ने 2021 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में पोषक अनाज वर्ष मनाने की पहल की थी। प्रधानमंत्री जी की दृष्टि और पहल को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया साथ ही इस प्रस्ताव को 70 से अधिक देशों का समर्थन भी मिला। भारत के पहल पर वर्ष 2023 को *( International Year of Millets 2023 ) अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष* घोषित किया गया। इस आयोजन से दुनिया भर में मोटे अनाज के प्रति सजगता फैलेगी।

इधर भारत में हरित क्रांति 1960 के बाद से समयांतराल में मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा और रागी हमारी थालियों से जैसे से गायब से होते चले गए। आज की पीढ़ी को इसका स्वाद बहुत कम या ना के बराबर मालूम है: क्योंकि गेहूँ और चावल ने मोटे अनाज की जगह ले ली और बहुत सारे देशों का मुख्य अनाज हो गया। आज हमारे देश में चावल की खपत अधिक होने का एक कारण यह भी है कि यह आसानी से कम समय में बनकर तैयार हो जाता है; लेकिन इन फसलों की सबसे बड़ी समस्या है जल।

हरित क्रांति में यूरिया और रासायनिक खादों का बेहिसाब प्रयोग किया गया। कम जमीन पर अधिक पैदावार विकसित हुई। इसमें कोई संदेह नहीं कि घर-घर हर थाली तक गेहूँ और चावल को पहुँचाने में हरित क्रांति की अहम भूमिका रही है। इसका असर अच्छा और बुरा दोनों देखने को मिला।

यूरिया के प्रयोग से मिट्टी के स्वास्थ्य, मनुष्य के स्वास्थ्य और प्रकृति के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड़ा। जमीन की ऊपरी सतह की उर्वरता क्षीण तो होती ही है, रासायनिक खादों के प्रयोग से सिंचाई में पानी की खपत भी अधिक होती है। गेहूँ और धान जैसे फसल मुख्यता पानी पर निर्भर फसल होने के कारण भू-जल स्तर पर अत्यधिक बोझ पड़ा। हम मनुष्यों के स्वास्थ्य पर इसका प्रभाव हम सब देख और समझ रहे हैं।

सदी की सबसे बड़ी महामारी कोरोना वैश्विक महामारी, फिर युद्ध और जलवायु परिवर्तन ने की समस्याओं ने खाद्य सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। इन वैश्विक समस्याओं ने खाद्यान्न सुरक्षा, खाद्य भंडारण जैसी पहलुओं पर पूरे विश्व का ध्यान आकर्षित किया और भविष्य के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया।

हालाँकि, महामारी की घटना पहले भी इतिहास में घटित हो चुके हैं। किसी तरह महामारी से एक बार निपटा जा सकता है; लेकिन अत्यधिक बर्फबारी, गर्मी, ठंड और बेहिसाब बारिश के बावजूद घटता भू-जल स्तर जैसी प्राकृतिक समस्याओं का सीधा संबंध और असर हमारे अनाज उत्पादन पर पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन की समस्या से आज पूरा विश्व जूझ रहा है। इस समस्या के लिए वैश्विक स्तर पर टिकाऊ समाधान की जरूरत है।

अनाज उत्पादन के लिए पानी मूल आवश्यकता है। भारत जैसे कृषि प्रधान देश में पानी के लिए अधिकतर क्षेत्र मानसून पर निर्भर है। ऐसे में टिकाऊ खेती ही एक कारगर उपाय है। हर तरफ टिकाऊ विकास की बात हो रही है वैसे में टिकाऊ खेती और टिकाऊ अनाज उत्पादन के बारे में विचार करना अपरिहार्य है।

मोटा अनाज (मिलेट्स) आज के समय में प्रकृति, मनुष्यों और पशुओं के लिए वरदान है। मोटा अनाज बेहतरीन, पोषण से भरपूर आहार का विकल्प है। इनमें पोषक तत्त्व अपेक्षाकृत अधिक मात्रा में होते हैं; इसलिए इन्हें सुपर फूड कहा जाता है। अपने कुछ खास गुणों यह के कारण यह टिकाऊ अनाज साबित हो सकता है।

मिलेट या मोटा अनाज क्या है ?

छोटे और मोटे बीजों वाली फसलें जैसे सावाँ, कंगनी, चीना, ज्वार, बाजरा, रागी, कोदो, कुटकी और कुट्टू को मिलेट क्रॉप या मोटा अनाज कहा जाता है।

वर्तमान समय में मिलेट्स भारत के उत्‍तर प्रदेश, मध्‍यप्रदेश छत्तीसगढ़, महाराष्‍ट्र, गुजरात, राजस्‍थान, हरियाणा,आँध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु राज्‍यों में उगाया जाता है।

मोटे अनाज उगाने के कई फ़ायदे हैं

 मोटे अनाज सीमांत नमी, कम उर्वरक और प्रतिकूल जलवायु, में भी टिके रहने वाले फसल है। इन फसलों को किसी भी क्षेत्र जैसे वर्षा आधारित क्षेत्रों, सूखे क्षेत्रों, पहाड़ी क्षेत्रों या तटीय क्षेत्रों, में भी आसानी से उगाया जा सकता हैं। यहाँ तक कि इनका उत्पादन सूखी जमीन पर न्यूनतम देख-रेख के साथ भी हो सकता हैं।

 दूसरे अनाजों की तुलना में ये फसलें कीट-पतंगों और मौसम के बड़े बदलावों से न्यूनतम प्रभावित होते हैं। कीड़े मकौड़े इन पर न के बराबर हमला करते हैं;  इसलिए इनमें कीटनाशकों का इस्तेमाल भी न के बराबर किया जाता है।  मोटे अनाज के बीज का भंडारण अनेक वर्षों के लिए किया जा सकता है। इससे सूखे की स्थिति वाले क्षेत्रों के लिए ये लाभदायक है।  यह फ़सल न्यूनतम उर्वरक के इस्तेमाल के साथ कम पानी के में आसानी से हो सकता है। सेहत के हिसाब से यह लाभकारी तो है ही।

मोटे अनाज में कई पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं जैसे: ऊर्जा, कार्बोहाइड्रेट, वसा, प्रोटीन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, आयरन, ज़िंक और विटामिन इत्यादि। यह भारत एवं दूसरे विकासशील देशों में विटामिन एवं खनिज तत्वों की कमी और कुपोषण को ख़त्म करने में मदद कर सकते हैं। इसलिए अब दुनिया भर के लोगों को जलवायु के अनुकूल मोटे अनाज के उत्पादन और इसके के सामान्य फ़ायदों पर ध्यान देना चाहिए; क्योंकि इनमें पॉलीअनसैचुरेटेड एसिड और ओमेगा-3 एसिड भरपूर मात्रा में पाया जाता है।  यह कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। मोटे अनाज से संधारणीय विकास लक्ष्यों Sustainable Development Goals (SDG)* को प्राप्त करने में काफी मददगार होगा। खास तौर पर-

एसडीजी २- (भूख से मुक्ति)

एसडीजी ३- (अच्छी सेहत और ख़ुशी)

एसडीजी १२- (सतत खपत और उत्पादन)

और एसडीजी १३- (जलवायु कार्यवाही)

मोटे अनाज (मिलेट्स) और छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ सरकार ने देश-विदेश में कोदो-कुटकी और रागी जैसे मिलेट की बढ़ती माँग को देखते हुए छत्तीसगढ़ में भी मिलेट मिशन शुरू किया है। इस मिशन का लक्ष्य वनांचल और आदिवासी क्षेत्र के किसानों की आमदनी बढ़ोतरी के साथ छत्तीसगढ़ को देश में मिलेट हब के रूप में एक पहचान दिलाना है।

अनाज के संधारणीय विकास और ताजे पानी की किल्लत जैसे संकट का मुकाबला करने के लिए लिए कोदो, रागी, बाजरा, ज्वार, समां, कुट्टू, रामदाना आदि जैसे मोटे अनाज अवश्य ही वरदान साबित होंगे।

सम्प्रतिः शिक्षिका, रायपुर (छत्तीसगढ़), मो. नं. 7000048644

कहानीः सुचरिता

  - भारती बब्बर
तस्मै समिधाय नमः  
हमारे परिवार में सनातन पद्धति के स्थान पर आर्य समाज की पद्धति से हवन करने की परंपरा रही है। जब कभी भूल से भी हवन करने वाली लकड़ी कह देते, तो शास्त्री जी तुरंत टोक देते, " यह साधारण लकड़ी नहीं है, समिधा है, विशेष है।" अलबत्ता उसकी विशेषता यही थी कि वह चूल्हा जलाने के लिए नहीं, पूजन के लिए इस्तेमाल हो रही थी। भला पेट-पूजा से बड़ी कौन-सी पूजा हो सकती है! पर तब उनसे शास्त्रार्थ करने की न बुद्धि थी, न साहस। तब यही समझ आया कि जिस विशेषता से वे शास्त्री कहलाते हैं, उसी विशेषता से वह समिधा कहलाती है।

अभी हाल में कहीं पढ़ा कि समिधा का धर्म हवन की आहुतियों को इष्ट तक पहुँचाना है। हवन की सार्थकता घृत एवं सामग्री से है और समिधा उसे समर्पित करने का माध्यम मात्र!! जलती समिधा है;  किंतु सुगंध और पवित्रता घी तथा सामग्री से आती है! अर्थात इदन्नमम के उच्चारण के साथ अग्नि को समर्पित होने वाली समिधा वास्तव में किसी की नहीं। रोचक बात तो यह है कि यद्यपि अकेली समिधा अग्नि प्रज्ज्वलित कर सकती है, किंतु घी और सामग्री नहीं, तथापि उसका अस्तित्व कारण न होकर माध्यम मात्र है।

जीवन- रूपी इस यज्ञ में भी समिधा के मौन समर्पण के उदाहरण इतिहास में बिखरे पड़े हैं। हर सफल पुरुष के पीछे एक स्त्री के होने की कहावत उसी समिधा की कहानी कहती है। मैं आपका परिचय एक ऐसी ही ‘समिधा’ से कराना चाहती हूँ, जिसने घी और सामग्री की अनुपस्थिति में स्वयं को समर्पित करके जीवन-यज्ञ संपन्न किया है। आज बात सुचरिता की....

सच्चरित्रता किसी शिक्षा, सामाजिक स्तर या वर्ग की मोहताज नहीं होती, यह एक जन्मजात उदात्त गुण है। इसका उदाहरण है सुचरिता, जिसका जन्म एक अत्यंत निर्धन दलित परिवार में हुआ। तीन बहनों और एक भाई के परिवार में वह दूसरी है। पिता खेतिहर मजदूरी करते और कटाई के मौसम में माँ भी वही काम करती। बड़ी बहन बिल्कुल नहीं पढ़ी लेकिन सुचरिता को स्कूल जाना अच्छा लगता। पढ़ाई में रुचि होने और अच्छी होने के बावजूद उसे सातवीं कक्षा तक ही पढ़ने का अवसर मिला। इस बीच उसे स्कूल में खो-खो की टीम में खेलने का अवसर भी मिला। उसे पढ़ाई के साथ खेलने के अवसर छूटने का अफसोस भी था। गरीबी ने उसे भी खेतों में मजदूरी करने पर मजबूर किया। सोलह बरस की होते ही उसकी शादी कर दी गई, जो उसके समुदाय में आम बात थी। पति तीसरी तक ही पढ़ा था और उसके पास कोई स्थायी रोजगार भी नहीं था। यही मजबूरी उन दोनों को महानगरी मुम्बई ले आई।

मुम्बई आकर उसके पति को एक कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूर का काम मिल गया। नई गृहस्थी के नाम पर उसके पास कुछ नहीं था। ब्याह हुए मुश्किल से तीन-चार महीने हुए थे और सुचरिता के लिए सब कुछ नया था, घर भी और बाहर भी। पति काम पर जाता तो वह उस कमरे में बंद रहती। पति से उसका संवाद भी कम ही हो पाता, क्योंकि वह सुबह जाता तो देर शाम ही लौटता। उसके लिए सुचरिता का एक पत्नी के तौर पर यही काम था कि उसके लिए रोटी बनाए और उसकी शारिरिक इच्छापूर्ति करे। जब सुचरिता ने कहा कि उसे अकेले डर लगता है, तो क्यों न वह भी काम पर साथ चले, उसके पति ने कमरे को ताला लगाकर जाना शुरू कर दिया। सारा दिन वह अकेले पगला जाती। एक दिन उसने यह बात कह क्या दी,

पति ने उसपर हाथ उठा दिया। धीरे-धीरे यह नियम बन गया कि सुचरिता ने अपने मन की कही नहीं कि पति पिटाई कर देता। उसे बचाने वाला भी कोई नहीं। फिर तो पति ने रोज़ाना पीना भी शुरू कर दिया। अब शाम की जगह रात को लौटने लगा। सुचरिता इस इंतज़ार में रहती कि पति चार पैसे कमा कर लाए, तो वह चूल्हा जलाए और सारे दिन के भूखे पेट में कुछ डाले; लेकिन पति महाशय को मानो उससे कोई सरोकार ही न था। वह तो धुत्त होकर आता, दिन भर की भूखी बैठी पत्नी से जबर्दस्ती कर अपनी भूख मिटाता और निढ़ाल पड़ जाता। सुचरिता पानी के साथ आँसू पीकर रह जाती।

 उसने हिम्मत करके पति से कह दिया कि यदि वह ताला लगाकर गया, तो वह आत्महत्या कर लेगी। पति ने ताला लगाना छोड़ दिया, लेकिन सुचरिता वहाँ जानती ही किसे थी! वह दहलीज़ पर बैठी बाहर ताकती रहती। ऐसे ही एक दिन उसने दो अपिरिचित आँखों को अपनी ओर ताकते हुए पाया। शुरू में तो उसने उस तरफ ध्यान नहीं दिया, किन्तु फिर उसे यह नियमित प्रतीत होने लगा। वह बाहर निकलते भी डरती, हालाँकि उन नज़रों में आपत्तिजनक कुछ नहीं था। वह एक नवयुवक था, पहनावे और शक़्ल-सूरत से भी ठीक था। सुचरिता ने दरवाज़े पर बैठना बन्द कर दिया, तो दो दिनों बाद वह युवक उसके दरवाज़े पर खड़ा था...." तुम इस आदमी के साथ क्यों रहती हो, जिसे तुम्हारी क़दर नहीं। मुझे पता है, तुम्हें पेटभर खाना भी नहीं मिलता और उससे पिटती भी हो। मुझे तुम अच्छी लगती हो, मैं जबरदस्ती नही कहूँगा, पर तुम चाहो तो मैं तुमसे शादी करके अपने साथ रख सकता हूँ। मैं सुखी रखूँगा तुम्हें, उस शराबी की फिकर मत करना, उससे मैं निपट लूँगा।"

  इतना कहकर वह लौट गया, लेकिन सुचरिता की नींद उड़ गई। आस-पास सबको पता था उसकी हालत का, अब तो घर बाहर दोनों जगह उसे असुरक्षित लगता। सौभाग्यवश चंद दिनों में उसके पति को दूसरा काम मिल गया और वे वहाँ से दूसरी जगह चले गये। तब तक उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि सुचरिता के तन पर एक ही साड़ी रह गई। वह रोज रात को बारी-बारी से एक दिन पेटीकोट और दूसरे दिन साड़ी धोती और सुबह वही पहनती। तभी वह गर्भवती हो गई और उसका पति उसे मायके छोड़ आया। उसे बेटी हुई और डेढ़ साल के भीतर बेटा। दोनों बार वह माँ के पास ही गई। उन्होंने भी जैसे तैसे निपटाया। लेकिन सुचरिता को मातृत्त्व की गम्भीरता और ज़िम्मेदारी का अहसास हो गया, इसलिए दूसरी प्रसूति के समय उसने स्वयं डॉक्टर से कहकर नसबंदी करवा ली। इसकी जानकारी उसके पति को कभी नहीं मिली।

मुम्बई लौटकर परिवार के पालन पोषण की विकराल समस्या थी। पति तो शराबी घोषित हो चुका था। माँ बनते ही सुचरिता ने ठान लिया कि वह बच्चों के साथ अपने जीवन की पुनरावृत्ति हरगिज़ नहीं होने देगी। उसके लिए उसे जिससे भी भिड़ना पड़े वह तैयार थी। पहला निशाना बने उसके सास-ससुर जो यह मानते थे कि पति की इस अवस्था के लिए वह ज़िम्मेदार है। सुचरिता अपने बच्चों के लिए काम करने को तैयार थी; लेकिन उसके पति की इसमें भी मानो नाक कटती थी। न वह खुद सक्षम था ना पत्नी को काम करने देता। उसपर ससुराल वाले बहू से पति का कहा मानने की अपेक्षा रखते। सुचरिता ने उनसे कह दिया कि या तो वे उसके परिवार की ज़िम्मेदारी लें अन्यथा उसे रोकने का उन्हें कोई अधिकार नहीं।

उसकी रिश्ते की एक बहन ने उसे एक दो घरों में बर्तन धोने और साफ-सफाई का काम दिलवा दिया। अपने अच्छे व्यवहार से सुचरिता ने सबका दिल जीत लिया। काम बढ़ता गया और उसे छह घरों का काम मिल गया। इसके साथ ही उसका हौसला और हिम्मत भी बढ़ गई। बच्चे भी जैसे माँ के संस्कारों से ओतप्रोत थे। सुचरिता ने बेटी को समझाया कि उसे अपनी मर्यादा और चरित्र की रक्षा हर कीमत पर करनी है, बेटे को भी सिखाया कि उसे भी अपने आप को चरित्रवान् बनाना होगा, ताकि वह अपने पिता की तरह किसी लड़की की ज़िंदगी खराब करने का कारण न बने। वह पैसे बचाकर उनकी ज़रूरत पूरी करती और बच्चे इस बात के लिए उसकी क़दर भी करते। लेकिन ये इतना सरल नहीं था, पति कुंठित होकर जब तब उस पर हाथ उठा लेता। हद तो तब हो गई, जब एक बार अपनी बस्ती के सार्वजनिक गणपति समारोह के दौरान उसके पति ने उसे मण्डप में ही इस बात पर जमकर पीटा कि वह बिना उसे पूछे कैसे चली आई! कोई उसका बचाव करने यह कहकर नहीं आया कि यह पति-पत्नी के बीच का मामला है। वह दिन निर्णायक साबित हुआ क्योंकि सुचरिता समझ गई कि बच्चों के लिए उसे कोई फैसला करना ही पड़ेगा।

उसकी बेटी सत्रह बरस की होने को थी, वह दसवीं में और बेटा आठवीं में था। शराबी पिता के व्यवहार से बेटी को मनोवैज्ञानिक परेशानी होने लगी तब सुचरिता ने उसे पिता से दूर करने की ठानी। उपाय एक ही था, उसका विवाह। संयोग से गाँव में  उसे एक बढ़िया रिश्ता मिल भी गया। लड़का बारहवीं पास था और किसी सेठ के यहाँ ड्राइवर था। उसके पति ने बेशर्मी से अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। सुचरिता ने अपनी बचत और कुछ अपने काम वाले घरों की मदद से बेटी के हाथ पीले कर दिये। जिन घरों में वह काम करती थी उन्होंने उसकी बहुत मदद की। पति को उसने मण्डप में पैर न रखने की धमकी भी दे डाली। ससुराल वाले पहले ही छोड़ चुके थे, पर अब सुचरिता को किसी की परवाह नहीं थी।

इससे पहले कि सुचरिता चैन की साँस ले पाती गाँव से शहर लौटते हुए उसका बेटा एक सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसके इलाज के लिए सुचरिता को गाँव के ही सामन्तों से कर्ज लेना पड़ा। डेढ़ महीने तक अस्पताल में संघर्ष के बाद बेटा तो घर आ गया लेकिन सुचरिता पर सवा लाख का कर्ज़ चढ़ गया। इन विषम परिस्थितियों में उसने एक और बड़ा निर्णय लिया। अपने गाँव की पंचायत में उसने पति से अलग होने की अर्जी दे दी। उसके समुदाय में इस किस्म के मामले पंचायत के स्तर पर ही निपटाने की रवायत है;  क्योंकि कोर्ट कचहरी के चक्कर और खर्च कोई भी नहीं उठा सकता। पंचायत ने उसके पति को उससे दूर रहने के निर्देश दे दिये।

मुम्बई लौटकर सुचरिता का लक्ष्य कर्ज़ उतारना था। उसके लिए यह किसी भगीरथ कार्य से कम नहीं था। परंतु वह अपने बेटे को जिस प्रकार मौत के मुँह से छीनकर लायी थी, उसके बाद उसे अपने ईश्वर पर सीमातीत विश्वास हो चुका था। बेटी का विवाह कर चुकने के बाद उसका अगला लक्ष्य बेटे को ग्रेजुएट बनाना हो गया। उसके समुदाय और गाँव में दसवीं से अधिक कोई नहीं पढ़ा। पर सुचरिता से पूछो तो खिलखिलाकर कहती, वो बैठा है ऊपर, मेरा शंकर! वह अपनी खिलखिलाहट के लिए जानी जाती। जीवन जितना जटिल होता उतनी वह खिलखिलाती। खो-खो खेलने के अनुभव को जीवन से जोड़कर कहती, 'ज़िन्दगी मेरी पीठ पर धप्पा मारकर खो कहती है तो मैं वही धप्पा अपने शंकर की पीठ पर मारकर खो बोल देती हूँ, सम्भाल अब...खो जिसकी पीठ पर है वो जाने, मैं टेन्शन क्यों लूँ!' उसका यह विश्वास उसमें साहस भर देता।

दसवीं तक मराठी माध्यम से पढ़कर भी उसके बेटे ने बिना किसी ट्यूशन के अंग्रेजी माध्यम में छप्पन प्रतिशत अंकों के साथ बीकॉम कर लिया। उस दिन सुचरिता सातवें आसमान पर थी, पूरे गाँव में उसकी इज़्ज़त कई गुना बढ़ गई। उसका आधे से ज़्यादा कर्ज़ उतर चुका है। उसके पति ने इसमें तो कोई हिस्सेदारी नहीं निभाई पर उससे दोबारा जुड़ने के कई असफल प्रयास किये। सुचरिता ने अपना क़द इतना ऊँचा कर लिया था कि वह सफल न हो सका। बच्चों के लिए भी केवल माँ का स्थान ईश्वर तुल्य बन गया जिसकी हिम्मत और साहस से उनका जीवन सँवर गया।

सुचरिता आज भी काम करती है क्योंकि उसका भगीरथ कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। बचा हुआ कर्ज़ तो उतर ही जायेगा। आजकल वह बेटे की सरकारी नौकरी लगने की प्रतीक्षा में है। उसे  विश्वास है कि आरक्षण के नियमों के तहत ये हो भी जाएगा। सुचरिता ने खो-खो का धप्पा एक बार फिर शंकर की पीठ पर दे दिया है...

सम्पर्कः 2230/2, सेक्टर 45- सी, चंडीगढ़, e-mail- babbarbharati@gmail.com