मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Jan 19, 2009

एक फोन से पूरी होती है मुराद ...

                                    एक फोन से पूरी होती है मुराद ...


मनुष्य अपनी मुरादें पूरी करने के लिए लम्बी लम्बी यात्राएं कर भगवान के द्वार जाता है, लेकिन हाईटेक होती इस दुनिया में ईश्वर तक अपनी फरियाद पहुंचाने के लिए भक्तों ने फोन का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। अब तक इंदौर के जूना चिंतामन गणेश मंदिर में भक्त पत्रों के जरिए अपनी बात भगवान तक पहुंचाते ही थे, लेकिन अब तो पत्र लिखना पुराने जमाने की बात हो गई है सो उनके भक्त अब उन्हें फोन के जरिए अपनी मुराद पूरी करने की मन्नते मांगने लगे हैं।

मान्यता है कि इंदौर के जूना चिंतामन के गणेश जी से मांगी गई मन्नत जरूर पूरी होती है। इस मंदिर के पुजारी मदन लाल पाठक देश विदेश से प्राप्त भक्तों के पत्रों में लिखी समस्याओं को पढक़र गणेशजी को सुनाते हैं। जिन भक्तों की परेशानियां दूर हो जाती हैं वे धन्यवाद पत्र भी लिखते हैं। लेकिन हाई टेक के इस युग में अब भगवान को अपनी मुराद या परेशानी सुनाने के लिए पुजारी जी ने मोबाइल का इस्तेमाल शुरू कर दिया है।

पुजारी अपना मोबाइल गणेशजी के कान में लगा देते हैं और भक्त अपनी बात उनसे कह डालते हैं। गणेश जी तो संकट मोचन हैं ही, लेकिन लगता है गणेश जी ने कम्प्यूटर का इस्तेमाल करना शुरू नहीं किया है, नहीं तो वे अब तक इमेल से अपने भक्तों की समस्याएं सुनते और एक इमेल से ही अपने भक्तों की मन्नते पूरी होने का अर्शीवाद देते। तो जागिए गणेश जी जमाना ईमेल का है आप कब तक उन्नीसवीं सदी में अटके रहेंगे, आपके भक्त तो 21वीं सदी के पार जा चुके हैं।


                                     बूढ़े बिल्ले ने पहने कांटैक्ट लेंस

पालतू जानवर पालना आसान नहीं होता, क्योंकि उनकी देखभाल मनुष्य के बच्चे से भी ज्यादा करनी पड़ती है। और यदि आपका कुत्ता या बिल्ली बीमार पड़ जाए तब तो चिंता और भी ज्यादा बढ़ जाती है। पालतू जानवरों के संदर्भ में अक्सर यह देखा गया है कि जब तक वह स्वस्थ होता है मालिक का दुलारा बना रहता है बीमार होते ही उसकी उपेक्षा होने लगती है, लेकिन अर्नेस्ट नाम के 15 साल के बिल्ले की किस्मत कुछ ज्यादा ही अच्छी है, जब अर्नेस्ट की आंखे उम्र बढऩे के साथ कमजोर होने लगीं तो वह उदास सा रहने लगा और पहले की तरह भाग दौड़ करने में अपने को असहाय महसूस करने लगा। अर्नेस्ट के मालिक पाल उसकी इस परेशानी से दुखित हो गए और उन्होंने उसका इलाज कराने की सोची। अर्नेस्ट की आंखों की रोशनी कम होने पर उन्होंने उसकी आंखों में कांटैक्ट लेंस लगवाना उचित समझा, क्योंकि बुढ़ापे में आपरेशन काफी जोखिम भरा हो सकता था।

अर्नेस्ट भी आंखों में लेंस लगाए जाने के बाद बेहद खुश है। अर्नेस्ट कांटैक्ट लेंस पहनने से पहले ठीक से देख नहीं पाता था। यहां तक कि उसे यह पता भी नहीं चलता था कि वह किधर जा रहा है। कांटैक्ट लेंस लगाने के बाद तो चमत्कार ही हो गया। अब अर्नेस्ट न सिर्फ अपनी आंखे पूरी तरह खोल सकता है बल्कि अच्छे से देख भी पाता है। पर कांटैक्ट लेंस के कुछ फायदे हैं तो दिक्कतें भी कम नहीं है। इसे लगाने वाले व्यक्ति को काफी सावधानी और सतर्कता बरतनी होती है। ऐसे में किसी बिल्ले का कांटैक्ट लेंस लगाने की बात आपको अजीब लग सकती है। लेकिन जिसके पाल जैसे मालिक हों उन्हें इसकी क्या चिंता। अर्नेस्ट तो कांटैक्ट लैंस लगाकर बूढ़ापे में जवान महसूस कर रहा है और फिर से भाग- दौड़ करके अपने मालिक के प्रति आभार व्यक्त कर रहा है।

इन्हें क्यों नहीं आती शर्म?

इन्हें क्यों नहीं आती शर्म?
-वी. एन. किशोर

हमारे बड़े बुजूर्ग कहते हैं कि अपने गुस्से को काबू में रखना चाहिए। लेकिन उस समय आप क्या करेंगे जब राह चलते हुए कोई पच्च से थूक दें और उसके छींटे आपके ऊपर पड़े।

मेरी आपबीती सुनकर हो सकता है आपको भी लगे कि हां ऐसा तो मेरे साथ भी हुआ है - घर से ऑफिस जाने के लिए तैयार होकर निकलते निकलते देर हो ही गई। जल्दी से अपनी स्कूटर निकाला और ऑफिस की ओर चल पड़ा। रास्ते में भीड़ थी, कार, स्कूटर, सीटी बस, आटो रिक्शा रफ्तार से धूल उड़ाते दौड़ रहे थे। तभी मेरे आगे चल रहे एक मोटर साईकिल सवार ने पान की पीक यूं शान से थूकी मानों वह कोई नवाब हो और सडक़ उसकी शाही पीकदान। मेरे कपड़ों में छींटे तो पड़े ही साथ ही मेरे हाथों व चेहरे पर भी। जाहिर है मुझे गुस्सा आया, एक तो देर हो रही थी ऊपर से यह नई मुसीबत, मैंने तुरंत अपनी स्कूटर की स्पीड बढ़ाई और उसके बराबर चलते हुए गुस्से से उबलते हुए बोला 'सडक़ को आपने पीकदान समझ रखा है क्या? आपके थूक के छींटे जो मेरे चेहरे और कपड़ों पर पड़ें हैं उसका क्या?' इतना सुनकर जनाब ने मुझे घूर कर ऐसे देखा मानों मैंने उसकी शान में कोई गुस्ताखी कर दी हो। उस पर मेरे गुस्से का कोई असर ही नहीं हुआ। मैंने उसकी इस ठंडी प्रतिक्रिया पर फिर कहा मैं आपसे ही कह रहा हूं जनाब, आपने सुना नहीं। तब उसने सॉरी शब्द ऐसे कहा मानो अहसान कर रहा हो और अपनी गाड़ी भगा दी।

मेरी हालत खिसियानी बिल्ली खंबा नोचे वाली सी हो गई थी, क्योंकि मेरे आस- पास चलने वाले लोग मुझे इस तरह देख रहे थे जैसे मैंने उस थूकने वाले पर आपत्ति करके कोई गुनाह कर दिया हो। कुछ तो ऐसे मुस्कुरा रहे थे मानों कह रहे हों -बेकार ही फालतू सी बात पर उलझ गया।

दो पहिया वाहन पर चलने वालों के साथ अक्सर इस तरह के कडुवे अनुभव होते हैं। पान और गुटका खाने की लत वाले सडक़ पर चलते हुए चाहे वे कार में सफर कर रहे हों या बस में या फिर दोपहिया वाहन में, थूकना उनकी आदत में शुमार होता है। उन्हें इस बात से कोई मतलब नहीं कि राह चलते थूकते हुए वह लोगों के कपड़े खराब करते हुए, गंदगी तो फैलाता ही है साथ ही असंख्य कीटाणु भी छोड़ते हुए चलता है। कई लोगों की तो बिना पान गुटका खाए ही थूकते रहने की आदत होती है कुछ अपनी बीमारी के चलते कफ निकाल कर सडक़ पर ही थूकते चलते हैं। जो भी हो है तो यह बहुत ही बुरी आदत।

अब सवाल यह उठता है कि इनके साथ ऐसा क्या करें कि वे थूकना बंद कर दें?

हमारी सरकारें बीच- बीच में पान- गुटका का ठेला लगाने वालों पर प्रतिबंध तो लगाती है, पर इन थूकने वालों पर कब सख्ती बरती जाएगी? थूकने वालों ने तो अस्पताल जैसी जगह को भी नहीं छोड़ा है। आप किसी भी सरकारी अस्पताल में चले जाईए सीढिय़ों के कोने पान की पीक से भरे हुए मिलेंगे। इसी तरह दफ्तरों के क्या हाल रहते हैं बताने की जरूरत नहीं। आखिर सरकारी संपत्ति हमारी अपनी संपत्ति जो ठहरी। जहां जहां थूकना मना है लिखा होता है वहीं पान- गुटका के दाग उस सूचना पटल का मुंह चिढ़ाते से प्रतीत होते हैं।

तो क्या हम इस बात पर सिर्फ गुस्सा करके ही चुप बैठ जाएं या कि इससे छुटकारा पाने के लिए भी कुछ सोचें। मैं तो सडक़ पर चिल्ला कर ऐसा करने वालों पर गुस्सा करता हूं और दो बात भी सुनाता हूं। लेकिन अपने आपको सभ्य, पढ़ा- लिखा कहने वाले, जो कहीं भी, कभी भी, बिना आगा-पीछा देखे थूक देना अपना जन्म सिद्ध अधिकार समझते है को, क्या कभी अपनी इस असभ्यता पर शर्म आएगी?

-कॉटन मार्केट नागपूर से

इस अंक के रचनाकार

परितोष चक्रवर्ती


जन्म तिथि - 7 अप्रैल 1951, सक्ती छत्तीसगढ़ शिक्षा - एमए, बीजे, प्रमुख कृतियां - अंधेरा समुद्र, कोई नाम न दो (प्यार की कहानियां), घर बुनते हुए, सडक़ नं. 30 (सभी कहानी संग्रह), आजा मेरी गाड़ी में बैठ जा (व्यंग्य संग्रह) अक्षरों की नाव, ऊंचाइयों वाला बौनापन (कविता संग्रह), अभिशप्त दाम्पत्य (लघु उपन्यास) मुखौटे (पुरस्कृत नाटक), नक्सलवाद एवं छत्तीसगढ़ पर दो पुस्तिकाएं। स्ट्रइकर, स्ट्रापर एवं कोनी- मति नंदी के बांग्ला उपन्यासों, हरीघास पर नंगे पांव- गौतम कुमार झा एवं मदर टेरेसा- ए.के.गुप्ता की बांग्ला कविताओं का हिन्दी अनुवाद। 20 वर्षों तक सार्वजनिक क्षेत्रों के उद्योगों में अफसरी, 25 वर्ष से पत्रकारिता, अंतिम नौकरी जनसत्ता रायपुर में। संप्रति- कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्थापित माधव राव सप्रे राष्ट्रवादी पत्रकारिता शोधपीठ में अध्यक्ष। कुछ पुरस्कार, ढेर से मित्र, स्थानीय व राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में लेखन। पता - सी-29 आकृति, सेक्टर-3, देवेन्द्र नगर, रायपुर (छ.ग.) 492001 मोबाइल 092292 59201
..........
प्रो. राधाकांत चतुर्वेदी


वनस्पति शास्त्र के प्रोफेसर। प्राचार्य के पद से सेवानिवृत्त। कई पत्रिकाओं में विभिन्न विषयों पर लेख प्रकाशित। अध्ययन में विशेष रूचि। पता - डी - 38 आकृति गार्डेन्स, नेहरु नगर, भोपाल (मप्र)

महावीर अग्रवाल


जन्म - 25 मई 1946 कुरुद रायपुर छत्तीसगढ़ शिक्षा- एम काम, पीएचडी। प्रमुख कृतियां- लाल बत्ती जल रही है, गधे पर सवार 21वीं सदी (व्यंग्य संग्रह), श्वेत कपोत की वसीयत, कुष्ठ और सामाजिक चेतना (रिर्पोताज), न्याय के लिए लड़ता हुआ जटायु (भाऊ समर्थ पर), आखिर कब तक, काशी का जुलाहा (नाटक), छत्तीसगढ़ी लोक नाट्य नाचा, तीजन की कहानी, पंडवानी की खुशबू, ऋतु वर्मा (बाल साहित्य), हबीब तनवीर का रंग संसार आदि कई पुस्तकों का संपादन। पिछले 23 वर्षों से साहित्यिक पत्रिका सापेक्ष का प्रकाशन। पता- संपादक 'सापेक्ष' ए-14, आदर्श नगर, दुर्ग (छत्तीसगढ़) 491003, फोन 0788-2210234

..........

आलोक सातपुते


शिक्षा - एम काम, देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं के साथ हंस, कथादेश, कादांबिनी, कथाक्रम और समरलोक में लघुकथाओं का निरंतर प्रकाशन तथा आकाशवाणी से कहानियों का प्रसारण। अपने-अपने तालिबान (लघु कथा संग्रह) संप्रति- कार्यकारी संपादक पंचमन (पंचायत ग्रामीण विकास की पत्रिका) पता- झंडा चौक, बजरंग नगर, रायपुर (छत्तीसगढ़)

मोबाइल 9827406575, Email-satputealok@rediffmail.com
..........

गोविन्द मिश्र


जन्म तिथि-1 अगस्त 1939, अतर्रा बांदा उत्तरप्रदेश में, शिक्षा- हिन्दी साहित्य सम्मेन प्रयाग की विशारद परीक्षा उत्तीर्ण, अंग्रेजी साहित्य में एमए। प्रमुख कृतियां- वह अपना चेहरा, उतरती हुई धूप, लाल पीली जमीन, हुजूर दरबार, तुम्हारी रोशनी में, धीर समीरे, पांच आंगनों वाला घर, फूल, इमारतें और बन्दर, कोहरे में कैद रंग, धूल पौधों पर (उपन्यास) - नये पुराने मां-बाप, अंत:पुर, धांसू, रगड़ खाती आत्महत्यायें मेरी प्रिय कहानियां, अपाहिज, खुद के खिलाफ, खाक इतिहास, पगला बाबा, आसमान कितना नीला, स्थितियां रेखांकित (कहानी संग्रह), धुंध भरी सुर्खी, दर$ख्तों के पार ... शाम, झूलती जड़ें, परतों के बीच और यात्राएं (यात्रा वृत्तान्त ), साथ में कई साहित्यिक निबंध, बाल साहित्य, कविता, एवं साक्षात्कारों का संकन। सम्प्रति - स्वतंत्र लेखन।

पता- एच एक्स 94, ई-7, अरेरा कॉलोनी, भोपाल-462016 (म.प्र.)

फोन नं. 0755- 2467060, मोबाइल 9827560110

......

मधु अरोड़ा


कविताओं और लेखों में विशेष रुचि. कई साहित्यकारों के साक्षात्कार लिये जो विभिन्न पत्रिकाओं और नेट पत्रिकाओं में प्रकाशित। पता-एच1/101 रिद्धि गार्डन फिल्म सिटी रोड, मालाड पूर्व मुंबई - 400097

मोबाइल 0983395921

Email-shagunjiyxz@gmail.com

........

देवमणि पांडेय


जन्म- 4 जून 1958 को सुलतानपुर (उ.प्र.) शिक्षा - एमए- हिन्दी और संस्कृत, अखिल भारतीय स्तर पर लोकप्रिय कवि और मंच संचालक के रूप में सक्रिय प्रमुख कृतियां- दिल की बातें और खुशबू की लकीरें (काव्य संग्रह)। फि़ल्म पिंजर, हासिल और कहां हो तुम के अलावा कुछ सीरियलों में भी गीत लिखे। 'पिंजर' के गीत 'चरखा चलाती माँ...' को वर्ष 2003 के लिए 'बेस्ट लिरिक आफ दि इयर' पुरस्कार से सम्मानित। संपादित सांस्कृतिक निर्देशिका 'संस्कृति संगम' के द्वारा मुम्बई के रचनाकारों को एकजुट करने में अह्म भूमिका। संप्रति- मुम्बई में एक केंद्रीय सरकारी कार्यालय में कार्यरत। पता- ए-2, हैदराबाद एस्टेट, नेपियन सी रोड, मालाबार हिल, मुम्बई - 400 036

मोबाइल 099210-82126 फोन 022-23632727

आपके पत्र

एक कहानी को भी स्थान दें

नवंबर माह की उदंती.com । पत्रिका की सुन्दर कलात्मक छपाई उसका प्रस्तुतीकरण बहुत सुन्दर है मेरी बधाई स्वीकार करें। इस का कलापक्ष सोनाबाई की कलाकृतियां, फीचर, लेख सभी पठनीय हैं। छत्तीसगढ़ का इतना अच्छा प्रस्तुतीकरण अब तक नहीं देखा। मेरी कामना है उदंती इसी प्रकार उन्नत होती रहे एक सुझाव है यदि हो सके तो एक कहानी को भी स्थान दे।

-आशा भाटी, इंदिरा नगर, लखनऊ

पहल तो करनी होगी

सही कहा आपने पहल तो करनी ही होगी। सबसे अच्छी पहल वही होती जो खुद से की जाएं। जिस व्यवहार से हमें तकलीफ होती है वो व्यवहार हमें नहीं करना है। बस हो गई पहल। ट्रेफिक रुल्स का पालन करना खुद से की शुरु करें।

-अंजीव पांडे, रायपुर से

0 आपने सही कहा किसी को तो पहल करनी होगी । यह एक अच्छा प्रयास है और ऐसी बत्तमीजियां मैंने भी देखी है आपका गुस्सा जायज है !!

-दीपक, कुवैत से
मन को मोह लेता है

मेरे पास इस समय नेट पत्रिका और प्रकाशित दोनों पत्रिका सामने है। ऐसी पत्रिका मैंने कम से कम भारत में और अपने जीवन में नहीं देखी। साज- सज्जा तो मन को मोह लेता है, सामग्री का चयन साबित करता है। मुझे दुख होता रहेगा कि क्योंकर मैं इसमें पहले नहीं छपा। साधुवाद।

- जयप्रकाश मानस, संपादक सृजनगाथा, रायपुर से


मुस्कुराता हुआ गुलाब का फूल

नवंबर अंक का मुख पृष्ठ अपने कला पक्ष के लिए अद्वीतीय तो है ही, पत्रिका को हाथ में लेते ही ताजे खिले मुस्कुराते हुए गुलाब के फूल का अहसास होता है। भीतर के पृष्ठों में अंक संयोजन काबीले तारीफ है। रचनाएं इस बात की ओर इंगित करती हैं कि किसी कलाकार ने पूरी पत्रिका को मन से गढ़ा है। बधाई।

- रोशनी मेहता, दिल्ली से

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और तहजीब

धन्य है वो माटी

सर्वप्रथम आप को बधाई इतनी सुंदर पत्रिका के प्रकाशन के लिए! नवंबर अंक में सोनाबाई से लिया गया साक्षात्कार पढ़ा ! धन्य है वो माटी जिसमें उस जैसी कलाकारा पैदा हुई जिसकी माटी ने उसकी माटी को भी बदल डाला! किसी भी देश की पहचान उसकी संस्कृति, उसकी रहन-सहन उसके रीति रिवाज होते हैं!

छत्तीसगढ़ तो अपने आप में अपनी ही नहीं बल्कि भारत की संस्कृति उसके तहजीब के लिए पूरे संसार में जानी जाती है! आप का वार्तालाप जिस तरह से और जिन बारिकियों को उभार के लाया है साथ में बड़े सरल एवम् मार्मिक तरीके से जिन अनछुए पहलुओं को आप ने छुवा वह भी तारीफे काबिल है। यह लेख आनेवाली पीढ़ी के लिए एक रचनात्मक काम करेगा! बहुत अच्छा लगा पत्रिका को पढक़र। आभार ।

-पराशर गौर, कनाडा से

सोलर कार में 52 हजार कि.मी. का सफर

सोलर कार में 52 हजार कि.मी. का सफर

सौर ऊर्जा से कार चलाकर स्विट्जरलैंड के एक अध्यापक लुई पाल्मर ने दुनिया को यही संदेश दिया है कि अब समय आ गया है कि हमें अपने पर्यावरण को बचाने के लिए के लिए ईंधन से चलने वाली गाडिय़ों के विकल्प के बारे में सोचना शुरु कर देना चाहिए। पिछले दिनों वे सौर ऊर्जा से कार चलाकर दुनिया के लगभग 40 देशों का दौरा करने के बाद संयुक्त राष्ट्र के पौलैंड में जलवायु परिवर्तन पर हो रहे सम्मेलन में पहुंचे थे। अपनी तीन पहियों वाली सोलर कार से लुई नेे 17 महीनों में 52 हजार किलोमीटर की यात्रा की है।

उनका कहना है कि सौर ऊर्जा तेल और उससे पैदा होने वाली ऊर्जा का विकल्प है। पाल्मर का दावा है कि इससे ग्लोबल वॉर्मिंग यानी पृथ्वी के बढ़ते तापमान की समस्या का हल निकालने में मदद मिल सकती है। उन्होंने अपनी कार की विशेषता के बारे में बताया कि उन्हें इस वाहन से 52 हजार किलोमीटर की यात्रा के दौरान केवल दो बार कार की मरम्मत करनी पड़ी। वे कहते हैं कि यदि इसका औद्योगिक स्तर पर उत्पादन करना है तो इसमें कई परिवर्तन करने होंगे। फिलहाल इस दो सीटों की छोटी सी कार के पीछे एक ट्रेलर है, जिसमें सूरज की किरणों से चार्ज होने वाली बैटरी रहती है और एक बार चार्ज किए जाने के बाद ये कार तीन सौ किलोमीटर चल सकती है। यह कार यह 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक चल सकती है।.... तो अब लुई के इस साहासिक प्रयास के बाद कार निर्माताओं को इस दिशा में सोचना शुरु तो करना ही पड़ेगा।


                                       अनोखा क्लब अनोखे सदस्य

दुनिया सचमुच रंग बिरंगी है, जहां अनोखे लोगों की कमी नहीं हैं। जैसा कि सभी जानते हैं क्लब, इंग्लैंड के समाज और संस्कृति का एक महत्वपूर्ण और दिलचस्प अंग होता है साथ ही वहां क्लब की सदस्यता सामाजिक प्रतिष्ठा का भी अनिवार्य अंग है। प्रत्येक क्लब की एक खास विशिष्टता होती है जैसे किसी क्लब के सदस्य एक विशेष नस्ल के कुत्तों के प्रेमियों का होता है तो कोई क्लब भाप से चलने वाले रेल इंजनों का शौकीन होता है।

इंग्लैंड में ऐसा ही एक अनोखा क्लब है जिसके सदस्य वही लोग हो सकते हैं जिन्होंने जीवन में कभी किसी संकटग्रस्त वायुसेना के विमान से छतरी से कूदकर अपनी जान बचाई हो। इस क्लब का नाम है 'इंजेक्शन टाई क्लबÓ है और इस समय इसके सदस्यों की संख्या 5607 है जिसमें सिर्फ 20 प्रतिशत ही अंग्रेज हैं, शेष सदस्य विश्व के अन्य देशों से हैं। क्लब की सदस्यता पाने के भी बड़े ही कड़े नियम हैं यहां सदस्यों के विवरण गुप्त रखे जाते हैं क्योंकि इनमें से बहुत से अभी भी वायु सेनाओं में कार्यरत हैं। इस क्लब के महिला सदस्यों की संख्या सिर्फ 10 है। इस अनोखे क्लब का सदस्य होने के लिए तो पैराशूट से कूदना पड़ेगा।


                                  35 साल खोई अंगूठी का मिलना
                                               
अपनी किसी खास वस्तु को खोने पर हर किसी को दुख होता है परंतु खोई वस्तु जब दोबारा मिल जाती है तो सुखद अहसास होता है। लेकिन कैरी विलियम्स की खुशी ठिकाना नहीं रहा जब एक चर्च में 35 साल पहले गुम हुई उनकी अंगूठी वापस मिल गई। कैरी को वह दिन आज भी याद है जब वेल्स मोरियाह के एक चर्च में उनकी सोने की अंगूठी अंगुली से फिसलकर फर्श की दरारों में खो गई थी। सिर्फ 15 दिन पहले यह अंगूठी उन्हें उनके मां-बाप ने गिफ्ट में दी थी। काफी खोजने के बाद भी जब अंगूठी नहीं मिली तो उन्होंने उसे पाने की अपनी सारी उम्मीदें छोड़ दी। और उस घटना को घटे 35 साल गुजर गए।

लेकिन अभी हाल ही में वह उसी चर्च के पास से गुजर रही थी तो उसने देखा कि उस चर्च को गिराया जा रहा जहां कभी उसकी अंगूठी खो गई थी। बस फिर क्या था उन्होंने चर्च को गिरा रहे ठेकेदारों को अपनी पूरी कहानी सुनाई। ठेकेदारों के लिए वह अंगूठी खोजना जोखिम भरा काम था फिर भी उन्होंने कैरी को यह कहकर लौटा दिया कि हम अंगूठी खोजने की कोशिश करेंगे।

पर किस्मत देखिए चर्च के फर्श की खुदाई कर रहे एक मजदूर को वह अंगूठी मिल गई। उन्होंने फौरन कैरी को यह खुशखबरी दी। कैरी के बच्चे डाइलन और इवान ने बताया कि इस अंगूठी के साथ मां की बहुत सी यादें जुड़ी हैं। अंगूठी पाकर बेहद खुश कैरी ने कहा कि अब मैं दोबारा इसे कभी नहीं उतारूंगी।