उदंती.com को आपका सहयोग निरंतर मिल रहा है। कृपया उदंती की रचनाओँ पर अपनी टिप्पणी पोस्ट करके हमें प्रोत्साहित करें। आपकी मौलिक रचनाओं का स्वागत है। धन्यवाद।

Apr 1, 2022

आलेखः विज्ञान सम्मत है भारतीय काल-गणना

 - प्रमोद भार्गव
 विक्रम संवत् का पहला महीना है चैत्र। इसका पहला दिन गुड़ी पड़वा कहलाता है। ब्रह्म-पुराण में कहा गया है, इसी दिन ब्रह्माजी ने सृष्टि की रचना की थी। इसलिए इसे नया दिन कहा गया। भगवान श्रीराम ने इसी दिन बाली का वध करके दक्षिण भारत की प्रजा को आतंक से छुटकारा दिलाया था। इस कारण भी इस दिन का विशेष महत्त्व है। लेकिन दुर्भाग्यवश काल-गणना का यह नए साल का पहला दिन हमारे राष्ट्रीय पंचांग का हिस्सा नहीं है।      
कालमान या तिथि-गणना किसी भी देश की ऐतिहासिकता की आधारशिला होती है; किंतु जिस तरह से हमारी राष्ट्रभाषा हिंदी एवं अन्य भारतीय भाषाओं को विदेशी भाषा अंग्रेजी का वर्चस्व धूमिल कर रहा है, कमोबेश यही हश्र हमारे राष्ट्रीय पंचांग, मसलन कैलेण्डर का भी है। किसी पंचांग की काल-गणना का आधार कोई न कोई प्रचलित संवत् होता है। हमारे राष्ट्रीय पंचांग का आधार शक संवत् है। यद्यपि इसे राष्ट्रीय संवत की मान्यता नहीं मिलनी चाहिए, क्योंकि शक परदेशी थे और हमारे देश में हमलावर के रूप में आए थे। यह अलग बात है कि शक भारत में बसने के बाद भारतीय संस्कृति में ऐसे रच-बस गए कि उनकी मूल पहचान लुप्त हो गई। बावजूद शक संवत को राष्ट्रीय संवत् की मान्यता नहीं देनी चाहिए; क्योंकि इसके लागू होने बाद भी हम इस संवत् के अनुसार न तो कोई राष्ट्रीय पर्व व जयंतियाँ मनाते हैं और न ही लोक परंपरा के पर्व। तय है, इस संवत् का हमारे दैनंदिन जीवन में कोई महत्त्व नहीं है। इसके बनिस्बत हमारे सम्पूर्ण राष्ट्र के लोक व्यवहार में विक्रम संवत् के आधार पर तैयार किया गया पंचांग है। हमारे सभी प्रमुख त्योहार और तिथियाँ इसी पंचांग के अनुसार लोक मानस में मनाए जाने की मान्यता है। इस पंचांग की विलक्षणता है कि यह ईसा संवत् से तैयार ग्रेगेरियन कैलेंडर से भी 57 साल पहले वर्चस्व में आ गया था, जबकि शक संवत् की शुरूआत ईसा संवत् के 78 साल बाद हुई थी। अतएव हमने काल-गणना में गुलाम मानसिकता का परिचय देते हुए पिछड़ेपन को ही स्वीकारा। हालाँकि संसार में मिले समस्त अभिलेखों से ज्ञात होता है कि सबसे प्राचीन पचांग 5125  वर्ष पूर्व आरंभ हुआ था। इसका संबंध महाभारत युग से है। यह युगाब्द संवत् पांडव सम्राट युधिष्ठिर के राज्याभिषेक की तिथि से आरंभ होता है।
 
प्राचीन भारत और मध्य-अमेरिका दो ही ऐसे देश थे, जहाँ आधुनिक सेकेण्ड से सूक्ष्मतर और प्रकाश वर्ष जैसे उत्कृष्ट कालमान प्रचलन में थे। अमेरिका में मय सभ्यता का वर्चस्व था। मय संस्कृति में शुक्र-ग्रह के आधार पर काल-गणना की जाती थी। विश्वकर्मा मय दानवों के गुरु शुक्राचार्य का पौत्र और शिल्पकार त्वष्टा का पुत्र था। मय के वंशजों ने अनेक देशों में अपनी सभ्यता को विस्तार दिया। इस सभ्यता की दो प्रमुख विशेषताएँ थीं, स्थापत्य-कला और दूसरी सूक्ष्म ज्योतिष व खगोलीय गणना में निपुणता। रावण की लंका का निर्माण इन्हीं मय दानवों ने किया था। प्राचीन समय में युग, मनवन्तर, कल्प जैसे महत्तम और कालांश लघुतम समय मापक विधियाँ प्रचलन में थीं।   ॠग्वेवेद में वर्ष को 12 चंद्रमासों में बाँटा गया है। हरेक तीसरे वर्ष चन्द्र और सौर वर्ष का तालमेल बिठाने के लिए एक अधिकमास/ अधिमास जोड़ा गया। इसे मलमास भी कहा जाता है। ऋग्वेद की ऋचा संख्या 1-164,48 में एक पूरे वर्ष का  विवरण इस प्रकार उल्लेखित है-
द्वादश प्रघयश्चक्रमेक त्रीणि नम्यानि क उ तश्चिकेत।
तस्मिन्त्साकं त्रिशता न शंकोवोऽर्पिताः षष्टिर्न चलाचलासः।
   इसी तरह प्रश्न व्याकरण में 12 महीनों की तरह 12 पूर्णमासी और अमावस्याओं के नाम और उनके फल बताए गए हैं। ऐतरेय ब्राह्मण में 5 प्रकार की ऋतुओं का वर्णन है। तैत्तिरीय ब्राह्मण में ऋतुओं को पक्षी के प्रतीक रूप में प्रस्तुत किया गया है-
तस्य ते वसन्तः शिरः। ग्रीष्मो दक्षिणः पक्षः वर्षः पुच्छम्।
  शरत पक्षः। हेमान्तो मघ्यम्।
   
अर्थात वर्ष का सिर वसंत है। दाहिना पंख ग्रीष्म। बायां पंख शरद्। पूँछ वर्षा और हेमन्त को मध्य भाग कहा गया है। अर्थात् तैत्तिरीय ब्राह्मण काल में वर्ष और ऋतुओं की पहचान और उनके समय का निर्धारण प्रचलन में आ गया था। ऋतुओं की स्थिति सूर्य की गति पर आधारित थी। एक वर्ष में सौर मास की शुरूआत, चन्द्रमास के प्रारंभ से होती थी। प्रथम वर्ष के सौर मास का आरंभ शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को और आगे आने वाले तीसरे वर्ष में सौर मास का आरंभ कृष्ण पक्ष की अष्टमी से होता था। तैत्तिरीय संहिता में सूर्य के 6 माह उत्तरायण और 6 माह दक्षिणायन रहने की स्थिति का भी उल्लेख है। दरअसल जम्बूद्वीप के बीच में सुमेरु पर्वत है। सूर्य और चन्द्रमा समेत सभी ज्योर्तिमण्डल इस पर्वत की परिक्रमा करते हैं। सूर्य जब जम्बूद्वीप के अंतिम अभ्यंतर मार्ग से बाहर की ओर निकलता हुआ लवण समुद्र की ओर जाता है, तब इस काल को दक्षिणायन और जब सूर्य लवण समुद्र के अंतिम मार्ग से भ्रमण करता हुआ जम्बूद्वीप की ओर कूच करता है, तो इस कालखण्ड को उत्तरायण कहते हैं।
 
 ऋग्वेद में युग का कालखण्ड 5 वर्ष माना गया है। इस पाँचसाला युग के पहले वर्ष को संवत्सर, दूसरे को परिवत्सर, तीसरे को इदावत्सर, चौथे को अनुवत्सर और पाँचवे वर्ष को इद्वत्सर कहा गया है। वैदिक युग में ही यह ज्ञात कर लिया था कि अमुक दिन, अमुक समय से सूर्यग्रहण या चंद्रग्रहण होगा। यह गणना इतनी सटीक है कि तिथि वृद्धि, तिथि छह, अधिक मास भी कोई व्यवधान उत्पन्न नहीं कर पाते। तिथि घटे या बड़े, लेकिन सूर्यग्रहण सदैव अमावस्या को और चंद्रगहण पूर्णिमा को ही पड़ता है। इन सब उल्लेखों से प्रमाणित होता है कि ऋग्वैदिक काल से ही चन्द्रमास और सौर वर्ष के आधार पर की गई काल-गणना प्रचलन में आने लगी थी, जिसे जन सामान्य ने स्वीकार कर लिया था। चंद्रकला की वृद्धि और उसके क्षय के निष्कर्षों को समय मापने का आधार माना गया।

 कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष के आधार पर उज्जैन के राजा विक्रमादित्य ने विक्रम संवत् की विधिवत शुरूआत की। इस हेतु एक वेधशाला भी बनाई गई, जो सूर्य की परिक्रमा पर केंद्रित है। इस दैंनंदिन तिथि गणना को पंचांग कहा गया; किंतु जब स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद अपना राष्ट्रीय संवत् अपनाने की बात आई, तो राष्ट्रभाषा की तरह सामंती मानसिकता के लोगों ने विक्रम संवत् को राष्ट्रीय संवत् की मान्यता देने में विवाद पैदा कर दिए। कहा गया कि भारतीय काल-गणना उलझाऊ है। इसमें तिथियों और मासों का परिमाप घटता-बढ़ता है, इसलिए यह अवैज्ञानिक है। जबकि राष्ट्रीय न होते हुए भी सरकारी प्रचलन में जो ग्रेगेरियन कैलेंडर है, उसमें भी तिथियों का मान घटता-बढ़ता है। मास 30 और 31 दिन के होते हैं। इसके अलावा फरवरी माह कभी 28 तो कभी 29 दिन का होता है। तिथियों में संतुलन बिठाने के इस उपाय को ‘लीप ईयर’ यानी ‘अधिक/अधि वर्ष’ कहा जाता है। ऋग्वेद से लेकर विक्रम संवत् तक की सभी भारतीय कालगणनाओं में इसे अधिकमास ही कहा गया है। ग्रेगेरियन कैलेण्डर की रेखांकित कि जाने वाली महत्त्वपूर्ण  विसंगति यह है कि दुनिया भर की कालगणनाओं में वर्ष का प्रारंभ वसंत के बीच या उसके आसपास से होता है, जो फागुन में अँगड़ाई लेता है। इसके तत्काल बाद ही चैत्र मास की शुरूआत होती है। इसी समय नई फसल पककर तैयार होती है, जो एक ऋतुचक्र समाप्त होने और नए वर्ष के ऋतुचक्र के प्रारंभ का संकेत है। दुनिया की सभी अर्थव्यवस्था और वित्तीय लेखे-जोखे भी इसी समय नया रूप लेते हैं। अंग्रेजी महीनों के अनुसार वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल से 31 मार्च का होता है। ग्राम और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के वर्ष का यही आधार है। इसलिए हिंदी मास या विक्रम संवत् में चैत्र और वैशाख महीने को मधुमास कहा गया है। इसी दौरान चैत्र शुक्ल प्रतिपदा यानी गुड़ी पड़वा से नया संवत्सर प्रारंभ होता है, जबकि ग्रेगेरियन में नए साल की शुरूआत पौष मास अर्थात् जनवरी से होती है, जो किसी भी उल्लेखनीय परिर्वतन का प्रतीक नहीं है।

  विक्रम संवत् की उपयोगिता ऋतुओं से जुड़ी थी, जो ऋग्वैदिक काल से ही जनसामान्य में प्रचलन में थी; तथापि हमने शक संवत् को राष्ट्रीय संवत् के रूप में स्वीकारा, जो भारतीय सांस्कृतिक परंपरानुसार कतई अपेक्षित नहीं है; क्योंकि शक विदेशी होने के साथ आक्रांता थे। चन्द्रगुप्त द्वितीय ने उज्जैन में शकों को परास्त कर उत्तरी  मध्य-भारत में उनका अंत किया और विक्रमादित्य की उपाधि धारण की। यह ऐतिहासिक घटना ईसा सन् से 57 साल पहले घटी और विक्रमादित्य ने इसी दिन से विक्रम संवत् की शुरूआत की। जबकि इन्हीं शकों की एक लड़ाकू टुकड़ी को कुषाण शासक कनिष्क ने मगध और पाटलिपुत्र में ईसा सन् के 78 साल बाद परास्त किया और शक संवत् की शुरूआत की। विक्रमादित्य को इतिहास के पन्नों में ‘शकारि’ भी कहा गया है, अर्थात् शकों का नाश करने वाला शत्रु। शत्रुता तभी होती है, जब किसी राष्ट्र की संप्रभुता और संस्कृति को क्षति पहुँचाने का दुश्चक्र कोई विदेशी आक्रमणकारी रचता है। इस सबके बावजूद राष्ट्रीयता के बहाने हमें ईसा संवत् को त्यागना पड़ा,  तो विक्रम संवत् की बजाय शक संवत् को स्वीकार कर लिया। अर्थात् पंचांग यानी कैलेंडर की दुनिया में 57 साल आगे रहने की बजाय हमने 78 साल पीछे रहना उचित समझा? अपनी गरिमा को पीछे धकेलना हमारी मानसिक गुलामी की विचित्र विडंबना है, जिसका स्थायी भाव बदला जाना राष्ट्रीयता एवं राष्ट्रबोध के लिए आवश्यक है।

सम्पर्कः शब्दार्थ 49, श्रीराम कॉलोनी, शिवपुरी म.प्र., मो. 09425488224,09981061100

2 comments:

Bharati Babbar said...

ज्ञानवर्धक लेख। आजकल भारतीय संस्कृति और मान्यताओं को प्रचलित व लोकप्रिय करने के प्रयास किये जा रहे हैं। सामाजिक वैचारिकता में परिवर्तन की आशा की जा सकती है।

Sudershan Ratnakar said...

ज्ञानवर्धक आलेख।