उदंती.com को आपका सहयोग निरंतर मिल रहा है। कृपया उदंती की रचनाओँ पर अपनी टिप्पणी पोस्ट करके हमें प्रोत्साहित करें। आपकी मौलिक रचनाओं का स्वागत है। धन्यवाद।

Aug 10, 2019

घाटी में अब शान से फहराएगा तिरंगा

घाटी में अब शान से फहराएगा तिरंगा
-डॉ. महेश परिमल
 घाटी में ही नहीं, आज पूरे देश में खुशी का माहौल है। लोग होली-दीवाली एक साथ मना रहे हैं। पर इस खुशी को पाने के लिए घाटी के लोगों को, वहाँ तैनात सुरक्षा जवानों को कितनी पीड़ाओं से होकर गुजरना पड़ता है। इसका अंदाजा केवल उन्हें ही हो सकता है, जो इन पीड़ाओं से होकर गुजरे हैं। जरा सोचो, भारत का एक जवान कश्मीर के लाल चौक में तिरंगे को जलता देख रहा है, उसका खून खौल रहा है, पर वह कुछ नहीं कर सकता। उसके हाथ कानून से बँधे हुए हैं। कितनी पीड़ा होती होगी उसे, जिस तिरंगे के लिए हमारे जवान हँसते-हँसते अपनी दे देते हैं, वही तिरंगा उनके सामने जल रहा है। पर अब ऐसा नहीं होगा, कभी नहीं होगा। अब घाटी में नया सवेरा चुका है। अब लोग नहीं जीयेंगे, जहालत की ज़िन्दगी। लोग अब बेखौफ होकर नई ज़िन्दगी के साथ जिएँगे।

केंद्र सरकार ने कश्मीर में 72 साल से लागे धारा 370 को हमेशा-हमेशा के लिए नेस्तनाबूद कर दिया है। यह शायद पहली आजादी है, जो खून का एक कतरा भी गँवाए प्राप्त की गई है। इससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार चाहे तो वह देश हित में सख्त कदम उठा सकती है। वह नीयत साफ होनी चाहिए। भारत के इस कदम की पूरे विश्व में सराहना की जा रही है।
कश्मीर में कुछ हो रहा है, कुछ होने वाला है, ऐसे संकेत तो मिल ही रहे थे। अमरनाथ के यात्रियों को यात्रा रोककर वापस बुलाया गया। घाटी में गए पर्यटकों को भी वापस बुलाया गया। हजारों की संख्या में सेना के जवानों की तैनाती। 4 अगस्त की आधी रात को तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों की नजरबंदी से यह साफ हो गया था कि कश्मीर में कुछ होने वाला है। 5 अगस्त को जब संसद में गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर में लागू धारा 370 को हटाने का संकल्प पेश किया। तब सभी लोग सन्नाटे से घिर गए। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि ऐसा भी हो सकता है। गृहमंत्री ने ऐसा दाँव खेला कि विरोधी भी इसका विरोध नहीं कर पाए। उन्हें चाहते हुए भी इसका समर्थन करना पड़ा। सरकार के एक कदम से घाटी के कथित प्रेमियों की नींद हराम कर दी। अब विपक्ष भले ही कितना भी शोर मचा ले, पर सरकार के इस कदम की उन्हें सराहना करनी ही होगी।

जम्मू-कश्मीर में अब शान से फहराएगा तिरंगा। देश आजाद हुआ, तब से अनुच्छेद 35 और 370 पर विवाद चल रहा था। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में इसे हटाने का वादा किया था। अब उसने यदि अपना वादा निभाया, तो फिर शोर क्यों मचाया जा रहा है? अगर आपत्ति करनी ही थी, तो उस समय करते, जब भाजपा ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। घाटी में पिछले कुछ वर्षों में अनेक जवान शहीद हुए। हजारों निर्दोषों ने अपनी जान गवाँई। कश्मीर की प्रादेशिक पार्टियों ने जमकर तबाही मचाई। आतंकवादी संगठनों के प्रति इन पार्टियों का रवैया हमेशा नरम रहा। इससे ही हमें जान लेना चाहिए कि इनकी कथनी और करनी में कितनी खोट है। घाटी में ऐसा पहली बार देखा गया कि अलगाववादी तत्त्वों की पीठ थपथपाने वालों के यहाँ छापे पड़ रहे हैं। इस बारे में कश्मीर की क्षेत्रीय पार्टियों को किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी जा रही है। अलगाववादियों को गुपचुप समर्थन देने वाले पत्रकारों को भी कुछ नहीं पता चल पा रहा था, इसलिए वे श्रावण महीने में होने वाली पूजा-अर्चना की रिपोर्टिंग में व्यस्त हो गए। अमरनाथ यात्रा अचानक ही बंद कर दी गई। इससे हिंदू संगठन पूरी तरह से खामोश हो गया, उसे यह अहसास हो गया था कि कुछ अनोखा होने वाला है। इधर सरकार पूरी योजना के साथ आगे बढ़ रही थी। उसने 15 हजार जवानों को घाटी में तैनात किया। फिर तीनों पूर्व मुख्यमंत्रियों को नजर बंद कर लिया। इससे उसकी चतुराई ही सामने आई।
सरकार ने जिस तरह से टेररफंडिंग के खलनायकों को पहचाना, उसी तरह सेना पर पत्थर फेंकने वालों के नेटवर्क का भी पता लगा लिया। कश्मीर में रहने वाले भारत विरोधी तत्त्वों और उन्हें दी जाने वाली आर्थिक ताकत के सूत्र में एनआईए के अधिकारियों को भी खोज निकाला। जिस तरह से घाटी में स्क्रूटाइट कर रही है, उससे ऐसा लगता है कि बहुत ही जल्द सैकड़ों स्लीपर यूनिट की धरपकड़ हो सकती है। हँसी तो तब आती है, जब पाकिस्तान जैसा कर्ज में गले तक डूबा देश का प्रधानमंत्री यह कहता है कि अब फैसले का वक्त गया है। कश्मीर पर सरकार क्या करने वाली है, यह किसी को पता नहीं था। परन्तु सरकार वंसफॉरऑल की तरह पूरी तरह से सफाई के मूड में थी।
सरकार का ध्यान भटकाने के लिए भी कई कोशिशें हुईं। देश मंदी के दौर से गुजर रहा है, बहुत ही जल्द मंदी लौट आएगी, जैसी खबरें मीडिया में बढ़ने लगी। सरकार कुछ इधर सोचे और कश्मीर की समस्या को पीछे धकेल दे, ऐसे प्रयास भी किए जाने लगे। पर सरकार ने पहले तीन तलाक का एक दाँव खेला, इससे मिली कामयाबी ने उसकी हौसला अफज़ाई हुई। सरकार के पास सख्त कदम उठाने की इच्छा शक्ति है। यह सिद्ध हो गया, जब उसने कश्मीर से धारा 370 को नेस्तनाबूद कर दिया।

यह कैसी विवशता है कि हम अपने ही राज्य में सुधार का कोई कदम उठा पाए? देश के साथ रहने का कांग्रेस के सामने यह सुनहरा अवसर था ,जिसे उसने खो दिया। वह देश के रुख को समझ नहीं पाई। इसलिए वह भाजपा के इस कदम का विरोध करना अपना धर्म समझा। इससे उसकी काफी हुज्जत हुई, इसे वे शायद
अभी नहीं समझ रही है। कश्मीर के नाम पर पाकिस्तान ने भारत का काफी नुकसान किया। कई बार ऐसा भी लगा कि अब कश्मीर की समस्या का समाधान हो ही जाना चाहिए। सरकार ने चुनाव जीतने के बाद से कश्मीर पर अपनी रूपरेखा बना ली थी। उसने पूरी सोची-समझी योजना के अनुसार वह कर दिखाया। इस मामले में सरकार की सराहना इसलिए की जानी चाहिए कि खून का एक कतरा भी नहीं गिरा और देश की सबसे बड़ी समस्या का समाधान हो गया। अब सरकार पूरी तरह से फाइटिंग के मूड में है। सावन महीने के चौथे सोमवार को मोदी सरकार क्या नया गुल खिलाएगी, इस पर सभी की नजर है। सरकार को बधाई दी जानी चाहिए कि उसने कुछ ऐसा कर दिखाया, जो केवल फिल्मों या सपने में ही हो सकता था, आम जीवन में नहीं। 

No comments: