Saturday, June 13, 2009

चंदखुरी

कौशल्या का मायका था छत्तीसगढ़
चंदखुरी गांव में पटेल पारा में सोमवंशी नरेशों द्वारा बनाया गया 9वीं सदी में निर्मित भव्य शिव मंदिर है। जिसे पुरातत्व विभाग ने संरक्षित घोषित किया है। इस शिव मंदिर को देखने से यह पता चलता है कि इसका अनेक बार जीर्णोद्धार किया गया है जिसके कारण उसका मूल स्वरूप विकृत हो गया है। 

भारत के हृदय में स्थित छत्तीसगढ़ प्रदेश सांस्कृतिक विरासत एवं आकर्षक नैसर्गिक विविधताओं से परिपूर्ण हैं । छत्तीसगढ़ की पुरातत्व संपदा छत्तीसगढ़ को देश-विदेश में अलग रेखांकित करती है। आकर्षक पर्वत मालायें, नैसर्गिक वनांचल छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास के साक्षी है । छत्तीसगढ़ अपने आप में समृद्ध पर्यटन क्षेत्र है। यह भू-भाग ऐतिहासिक, पुरातात्वीय, पौराणिक, धार्मिक दृष्टि से भी अत्यन्त प्रतिष्ठित है। दक्षिण कोसल इसका प्राचीन नाम है। यहां के भौगोलिक स्थिति के चिन्ह 7वीं शताब्दीं ईस्वी से महाभारत और रामायण में जीवन्त है ।
भगवान श्री राम ने दक्षिण कोसल के उत्तर तथा पूर्व भू-भागों से होते हुए दंडाकारण्य में प्रवेश किया था। उन्होंने वनवास की कुछ अवधि इस क्षेत्र में बिताई थी। महाभारत में भी पांडवों के युद्ध अभियान प्रसंग में दक्षिण-कोसल का विवरण है। प्रचलित किंवदतियां, दंतकथायें, पौराणिक साक्ष्य इन सब बातों की अधिक पुष्टि करते हैं ।
छत्तीसगढ़ में यह प्रचलित मान्यता है कि माता कौशल्या इसी प्रदेश (कोशल) की रहने वाली थीं, इसीलिए इसे रामचन्द्र जी का ननिहाल माना जाता है। वानरराज सुग्रीव ने अपने साथियों को इसी दंडकारण्य क्षेत्र में सीताजी का पता लगाने भेजा था।
महाभारत काल में इसी पर्वत पर परशुराम का आश्रम होने का भी उल्लेख है। जनश्रुति है इसी पर्वत में जाकर दानवीर कर्ण ने उनसे शिक्षा पाई थी।  रतनपुर, आरंग एवं सिरपुर तीनों महाभारत कालीन नगर हैं। इसी तरह रामायण के पात्रों के नाम पर ग्राम एवं बस्तियां पहचानी गई हैं जैसे - रामपुर, लक्ष्मणपुर, भरतपुर, जनकपुर, सीतापुर आदि। रायगढ़ एवं बिलासपुर जिले के सीमा पर कोसीर ग्राम में तथा आरंग के निकट ग्राम बोरसी में भी महारानी कौशल्या का प्राचीन मंदिर मिलता है। इस प्रकार कौशल्या माता के मंदिर केवल छत्तीसगढ़ में ही अनेक स्थानों पर देखने को मिलते हैं।
प्राचीन धर्मग्रंथों से यह ज्ञात होता है कि छत्तीसगढ़ के राजा महाकोशल की पुत्री होने के कारण राममाता को कौशल्या नाम से संबोधित किया जाता था (कोशलात्मजा कौशल्या मातु राम जननी)। इसी वजह से यह क्षेत्र महाकोशल अथवा कोशल क्षेत्र कहलाया। वाल्मिकी रामायण में भी इच्छावाकु वंश राजा दशरथ और कोशल देश की राजकन्या कौशल्या के विवाह प्रसंग का विशद वर्णन है। इस विवाह के अवसर पर कोशल नरेश महाकोशल ने अपनी पुत्री को स्त्रीधन के रूप में दस हजार गांव दान में दिए थे।
ऋषिमुनि कह गए हैं कि -
ज्ञानशक्तिश्च कौसल्या सुमित्रा        
उपासनात्मिका
क्रियाशक्तिश्च मैकेयी वेटो दशरथो नृप:
जगत पिता परमात्मा जिनके घर अवतरित हुए हों उन भाग्यशाली जगन्माता के विषय में कोई कह ही क्या सकता है, पूर्वजन्म में जो मनुशतरूपा थे वे ही इस जन्म में दशरथ के रूप में अवतरित हुए। महारानी कौशल्या कोशल नरेश भानुमन्त की पुत्री थी। पुराणों में ऐसी एक कथा  का भी उल्लेख है - रावण को यह पता था कि मुझे मारने वाले राम कौशल्या के गर्भ से ही उत्पन्न होंगे। अत: विवाह के पूर्व ही गिरिजा पूजन करने गयी कौशल्या का उन्होंने अपहरण कर लिया था।
प्राप्त साक्ष्य के अनुसार विनत वंश में कोशल नामक एक महाप्रतापी राजा हुए थे उनके ही नाम पर इस क्षेत्र का कोशल नामकरण हुआ। उनकी राजधानी बिलासपुर के मल्हार के निकट कोशल नगर में थी। कोशल वंश में आगे चलकर भानुमान हुए जिसका उल्लेख वाल्मीकि रामायण में मिलता है।
रायपुर से सराईपाली जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायपुर से 15 किमी दूर मंदिर हसौद स्थित है, यहां से बांयी ओर 11 किमी दूर मंदिर हसौद से पक्की सड़क पर बैद चंदखुरी स्थित है। चंदखुरी गांव में पटेल पारा में सोमवंशी नरेशों द्वारा बनाया गया 9वीं सदी में निर्मित भव्य शिव
मंदिर है। जिसे पुरातत्व विभाग ने संरक्षित घोषित किया है।
चंदखुरी ग्राम में मोहदी ग्राम जाने के रास्ते में भरनी तालाब के पहले एक खलिहान के बाहर बांई ओर लगभग चार फीट ऊंचा शिवलिंग स्थापित है। जिसके ऊपर का हिस्सा गोलाकार तथा नीचे का आधा भाग चौकोर वर्गाकार है इस शिवलिंग की बनावट आरंग के शिवलिंग के समान है। यह शिवलिंग सोमवंशी शासनकाल की है। इसी प्रकार भरनी तालाब के किनारे पीपल के जड़ में ऐसी ही प्राचीन छोटी आकृति का शिवलिंग स्थापित है।
चंदखुरी पचेड़ा मार्ग में बलसेन तालाब के बीच एक टीला है जो बारह मास जल से घिरा रहता है। इसी टिले में स्थित मंदिर में प्राचीन कौशिल्या देवी की प्रतिमा स्थापित है। वर्तमान मंदिर का निर्माण गांव वालों ने 1916 में करवाया था। इस मंदिर में राम लक्ष्मण की प्रतिमा स्थापित है। राम मंदिर के सामने हनुमान मंदिर है तथा दाहिनी पाश्र्व में शिव परिवार का मंदिर है। शिव मंदिर को देखने से यह पता चलता है कि इसका अनेक बार जीर्णोद्धार किया गया है जिसके कारण उसका मूल स्वरूप विकृत हो गया है। कौशल्या मंदिर के आसपास बड़ी संख्या में प्राचीन मंदिरों के अवशेष बिखरे मिले थे। इससे अनुमान लगाया जाता है कि किसी समय वहां भव्य मंदिर था। पिछले दिनों पर्यटन विभाग ने चंदखुरी के इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने हेतु योजना तैयार की  हैं विश्वास है कि शीघ्र ही यह गांव पर्यटन के मानचित्र पर नजर आने लगेगा।
जहां कभी 126 तालाब थे
छत्तीसगढ़ की प्राचीन नगरी आरंग में मंदिर, मठ किले एवं जलाशयों की बहुलता है। इस क्षेत्र के लोकगीत में छह कोरी छह तरिया का उल्लेख है जिसका मतलब यहां 126 तालाब थे। इनमें से कई  तालाब आज भी विद्यमान है। रानीसागर तालाब को जलक्रीड़ा के लिए बनाया गया था जिसके अवशेष ही अब नजर आते हैं। पास ही महल का भग्नावशेष है तथा छत्तीस एकड़ में फैला झलमला तालाब है जो कौशल्या कुंड के नाम से प्रसिद्ध है। इन्हीं सब तथ्यों के आधार पर इसे दक्षिण कोशल की प्राचीन राजधानी माना जाता है। (उदंती फीचर्स)

0 Comments:

संपादकीय पता- उदंती.com, माटीज गैलरी, जीवन बीमा मार्ग, रायपुर (छ. ग.) 492 004 , फोन नं. 0771- 4064230 , email : udanti.com@gmail.com. सदस्यता शुल्क- वार्षिक- 500 रुपए (डाक खर्च 60 रुपए) शुल्क चैक /ड्राफ्ट के माध्यम से उदंती.com के नाम से भेजें। रायपुर से बाहर के चैक में 30 रुपए अतिरिक्त जोड़े। शुल्क भेजने का पता- उदंती.com, माटीज गैलरी, जीवन बीमा मार्ग, रायपुर (छ. ग.) 492 004. सर्वाधिकार सुरक्षित- प्रकाशित सामग्री के उपयोग के लिए लेखक, प्रकाशक की अनुमति आवश्यक है। प्रकाशित रचनाओं के विचारों से उदंती.com का सहमत होना आवश्यक नहीं है। उदंती.com से संबधित किसी भी विवाद का न्याय क्षेत्र रायपुर रहेगा। स्वामी/प्रकाशक/मुद्रक/संपादक डॉ. रत्ना वर्मा द्वारा, उदंती प्रकाशन, पंडरी, रायपुर छत्तीसगढ़ से मुद्रित एवं प्रकाशित। मूल्य: 50रूपए. व्यापारिक प्रतिनिधि- रश्मि वर्मा कार्यालय प्रतिनिधि- सुजाता साहा ************************************************************************** इनके जीवन को भी रोशन करें माटी समाज सेवी संस्था पिछले आठ वर्षों से समाज के विभिन्न जागरुकता अभियान के क्षेत्र में काम कर रही है। पिछले दिनों संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, प्रदूषण आदि क्षेत्रों में काम करते हुए जागरुकता लाने का कार्य कर रही है। पिछले दो वर्ष से संस्था ने बस्तर के जरुरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए धन एकत्रित करने का अभिनव प्रयास आरंभ किया है। बस्तर कोंडागांव में साथी समाज सेवी संस्था द्वारा संचालित स्कूल साथी राऊंड टेबल गुरुकुल में ऐसे बच्चों को शिक्षा दी जाती है जिनके माता- पिता उन्हें पढ़ाने में असमर्थ होते हैं। इस स्कूल में पढऩे वाले बच्चों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के साथ- साथ परंपरागत कारीगरी की नि:शुल्क शिक्षा भी दी जाती है, जिसमें बच्चो के यूनिफार्म के साथ कॉपी, किताबें भी शामिल हंै। माटी समाज सेवी संस्था ने इस स्कूल के 10 बच्चों को गोद लेकर पिछले दो वर्ष से उनकी शिक्षा हेतु धन एकत्रित करने का जिम्मा उठाया है। प्रति वर्ष एक बच्चे की शिक्षा में लगभग तीन हजार रुपए खर्च होते हैं। शिक्षा के प्रति चिंतित जागरुक नागरिकों ने गत वर्ष से माटी समाज सेवी संस्था के माध्यम से किसी ने एक बच्चे को गोद लिया है तो किसी ने दो बच्चो की शिक्षा का जिम्मा उठाया है। इसी महती कार्य में सहयोग देने वालों में- श्रीमती निरेन्द्री वर्मा, पलारी रायपुर, सुमन शिवकुमार परगनिहा- रायपुर, अरुणा नरेन्द्र तिवारी- रायपुर, प्रियंका गगन सयाल- लंदन, डॉ. प्रतिमा अशोक चंद्राकर-रायपुर, कुमुदिनी तरुण खिचरिया- दुर्ग, तथा प्रताप सिंह राठौर-अहमदाबाद शामिल हैं। इस अभिनव प्रयास में यदि आप भी शामिल होना चाहते हैं तो आपका स्वागत है। आपके सहयोग से एक बच्चा जिसके लिए शिक्षा कोसो दूर है, शिक्षित होकर राष्ट्र की मुख्य धारा में शामिल तो होगा ही साथ ही देश के विकास में भागीदार बनेगा। तो क्यों न इनके जीवन में भी रोशनी फैलाने, सब मिलकर दीप से दीप जलाएं। संपर्क के लिए पता- माटी समाज सेवी संस्था पंडरी, रायपुर (छ. ग.) 492 004, फोन नं. 0771- 2428172 Email- drvermar@gmail.com

उदंती.com तकनीकि सहयोग - संजीव तिवारी

टैम्‍पलैट - आशीष