"शरीर को फिट रखने का नया ट्रेंड? रोज़ थोड़ा योग, बाकी दिन भर आलस का जोग!"
मतलब साफ है- योग नहीं करेंगे, तो शरीर बोलेगा, “अरे ज़रा सँभल भी ले!”
आज की भागती-दौड़ती जिंदगी में हम सब ‘हाइपर ऐक्टिव ज़ोंबी’ बन गए हैं- काम, मीटिंग, फोन, सोशल मीडिया, और फिर थककर गिर जाना। जब डॉक्टर की फीस जेब जलाने लगे और गूगल भी थककर कहे- “थोड़ा योग कर ले भाई”, तब समझिए- "अब योग से ही होगा!"
कुछ साल पहले, मैं भी वही करती थी, जो हम सब करते हैं- नींद पूरी न करना, खाने के समय इंस्टाग्राम स्क्रॉल करना, और हर दर्द का इलाज- ‘पेनकिलर’ समझना।
फिर एक दिन ऑफिस से लौटते हुए जब बस में बैठे-बैठे कमर ऐसे चटकी जैसे कुरकुरे हों, तो लगा— “अब तो या तो हड्डियाँ जाएँगी या मैं कुछ बदलूँ!”
उसी रात YouTube खोला और ‘Easy yoga for lazy people’ टाइप किया।
पहली बार प्राणायाम करते हुए हँसी आई- “इसमें तो बस नाक ही चल रही है, शरीर को क्या ज़रूरत थी?”
पर धीरे-धीरे, वह नाक की हवा, दिल की दवा बन गई।
आज रोज़ सुबह योग करने का मतलब सिर्फ़ वज़न कम करना नही; बल्कि ख़ुद से मिलने का एक तरीका है। और हाँ, अब कुरकुरे बस चाय के साथ खाते हैं- कमर के साथ नहीं!
योग कोई नया ऐप नहीं, जिसे हर महीने अपडेट करना पड़े। यह हजारों साल पुराना ‘स्वदेशी हैल्थ कोड’ है।
हमारे ऋषि-मुनि तो हिमालय की गुफाओं में बैठकर योग करते थे, और हम एयरकंडीशनर चलाकर भी कहते हैं- “बड़ा कठिन है!”
महाभारत में श्रीकृष्ण ने अर्जुन को समझाया- 'योगः कर्मसु कौशलम्’, मतलब अगर काम में भी स्टाइल चाहिए, तो योगी बनो!
क्यों करें योग?
आजकल बीमारियाँ भी CV लेकर घूमती हैं- डायबिटीज़, हाई बीपी, तनाव, चिंता, थकावट…
और हम? बॉडी स्प्रे से स्ट्रेस भगाने की कोशिश करते हैं।
योग कहता है- “साँसें ठीक कर, सोच अपने आप ठीक हो जाएगी।”
योग के फायदे, एकदम सीधी भाषा में:
• शरीर का जंग छूटता है• मन की गाड़ी पटरी पर आती है
• नींद बिना Netflix के भी आती है
• पेट, पीठ और सोच- तीनों सुलझ जाते हैं
• मोबाइल से ज़्यादा खुद से कनेक्शन बनता है
योग: सिर्फ़ आसन नहीं, लाइफ़स्टाइल है
कई लोग सोचते हैं कि योग का मतलब है- “शीर्षासन में फोटो लेना।”
भाई साहब, योग का असली मतलब है- किसी भी हालत में ‘सीधा रहना’।
चाहे बॉस नाराज़ हो, चाहे वज़न बढ़ जाए, या रिश्ते उलझ जाएँ- योग सिखाता है: साँस लो, मुस्कुराओ, और डटे रहो।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: जब पूरी दुनिया ने चटाई बिछाई, 21 जून को पूरी दुनिया योग करती है।
न्यूयॉर्क की सड़कों से लेकर टोक्यो के पार्कों तक लोग ऐसे योग करते हैं, जैसे पूरी दुनिया एक योग कैम्प में बदल गई हो।
भारत ने यह दिखा दिया कि हमारी पुरानी चीजें भी आज की दुनिया में ट्रेंडिंग बन सकती हैं- बस नाम में ‘डे’ जोड़ना आना चाहिए!
दुनिया तेज़ है- खाना फ़ास्ट, इंटरनेट फ़ास्ट, रिश्ते भी फ़ास्ट-फॉरवर्ड।
पर योग कहता है- "धीरे चलो, तभी गहराई से जियो।"
हर दिन थोड़ा योग करके देखिए, शायद आपको खुद से ही फिर से प्यार हो जाए।
तो चलिए, एक चटाई हो जाए, थोड़ा मत बनिए- थोड़ा मत बनिए—बस कहिए:
“आज कुछ योग हो जाए... क्योंकि योग से ही कल्याण होगा!”
ई -मेलः neelanjanamaggo@gmail.com


No comments:
Post a Comment