उदंती.com को आपका सहयोग निरंतर मिल रहा है। कृपया उदंती की रचनाओँ पर अपनी टिप्पणी पोस्ट करके हमें प्रोत्साहित करें। आपकी मौलिक रचनाओं का स्वागत है। धन्यवाद।

Apr 19, 2010

उम्मे सलमाः प्रकृति के साथ बंधन

चित्रकला को अपने जीवन का एकमात्र लक्ष्य बना लेने वाली उम्मे सलमा अपनी पहली चित्र प्रदर्शनी की सफलता से बेहद प्रसन्न हैं। प्रकृति उनके चित्रों में प्रमुखता से दिखाई देते हैं, खासतौर पर रंग- बिरंगे फूलों के माध्यम से वे अपनी बात बहुत ही सहज ढंग से अभिव्यक्त करती हैं। हमने उदंती के पिछले अनेक अंकों में कई प्रतिभाशाली चित्रकारों से अपने पाठकों को रू-ब-रू कराया है और उनके चित्रों से उदंती के विभिन्न पृष्ठों को सजाया संवारा है। इस बार के अंक में प्रस्तुत है ऐसी ही एक उभरती कलाकार उम्मे सलमा -
म्मे स्कूल के दिनों से ही कुछ अलग, कुछ नया करने का जूनून था। वह कभी भी औरों की तरह परीक्षा के हौवे, अधिक नंबरों और डिग्री की उत्कंठा को अपने जीवन में प्राथमिकता नहीं दे पाई। बचपन से उसे रंगों में अपने मन के द्वार खोलने का माध्यम दिखाई दिया। पढ़ाई को जारी रखते हुए उम्मे ने रंगों से खेलना शुरू कर दिया। बेटी के इस शौक को परिवार का भी पूरा सहयोग मिला और घरवालों की मंजूरी और बढ़ावे की मदद से उम्मे ने ब्रश और रंगों की बारिकियों को सीखा और समझा।
उम्मे ने अपनी पेटिंग्स की पहली प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हस्त शिल्प विकास मंडल के हाट परिसर में लगाई थी। उनकी यह प्रदर्शनी प्रकृति पर आधारित थी। प्रदर्शनी का नाम भी लिगेचर विद नेचर अर्थात प्रकृति के साथ बंधन रखा गया था। जिसमें प्रकृति से जुड़ी कई जानकारियों के साथ उससे हो रही छेड़छाड़ को भी बखूबी दर्शाया था। यह विषय चुनने के पीछे सलमा ने बताया कि प्रकृति के अंदर वही जोश वही जुनून है जो स्वयं उनके अंदर है। पतझड़ एक सच्चाई है, लेकिन इसके बावजूद आने वाले भयावह अंजाम से बेखबर प्रकृति बसंत का स्वागत मुस्कुरा कर करती है। प्रकृति द्वारा रचित रंगों की यह खूबसूरत दुनिया उन सारे दुख, दर्द और अवसाद से दूर ले जाती है जो हमारे आसपास छाए हुए हैं।
उम्मे की यह सोच दर्शाती है कि उसके अंदर संवेदना और आत्मविश्वास का सम्मिश्रण कितने प्रबल रूप में स्थापित है। उम्मे कहती हैं अगर प्रकृति में ये खूबसूरत रंग ये दृश्यावली हमारे सामने नहीं होते, तो दुनिया कितनी नीरस हो जाती। पेटिंग्स उम्मे के लिए किसी मंजिल को पाने का रास्ता नहीं बल्कि खुद मंजिल है।
उम्मे कहती हैं कि हर मनुष्य के जीवन में उतार- चढ़ाव आते हंै। प्रकृति भी इससे अछूति नहीं है। उम्मे सलमा ने अपने चित्रों में इसी बात को कहने की कोशिश की है। उनके चित्र का एक दूसरा पहलू भी है। वह ग्लोबल वार्मिंग के प्रति जागरूकता है। उनके कुछ चित्रों में यह बताया गया है कि यदि प्रकृति की रक्षा नहीं की गई, तो मनुष्य का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।
अपनी पहली ही प्रदर्शनी में उम्मे ने अपने गुरु उमेश शर्मा की बनाई पेटिंग्स को भी सम्मिलित कर यह साबित किया है कि विनम्रता और गुरु का सत्कार ही एक अच्छा कलाकार पैदा कर सकता है।
चित्रकला को कैरियर बनाने की चाह में उम्मे पिछले पांच वर्षों से चित्रकारी कर रही हैं। अपनी पसंदीदा पेंटिंग्स के बारे में उम्मे का कहना है कि मेरी सबसे पसंदीदा पेटिंग का मैंने अब तक नाम नहीं सोचा है, पर इस पेटिंग की फिलिंग मुझे सबसे ज्यादा पसंद है। मैंने अपनी इस पेटिंग में डार्क पिंक कलर का उपयोग कर पत्ते से गिरने वाली ओस की बूंद से सुबह की खूबसूरती को दिखाया है।
उमे सलमा बताती हैं कि उन्हें बचपन से ही पेटिंग्स का शौक रहा है। पहले वह रेखाचित्र बनाया करती थी। उसके बाद इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ से एक साल का डिप्लोमा कोर्स किया। इस कोर्स के बाद उमेश शर्मा से पेटिंग्स की टे्रनिंग ली।
चित्रकला जैसे कठिन क्षेत्र में जहां बहुत अधिक संघर्ष है को अपना कैरियर बनाने के निर्णय पर उम्मे का कहना है कि कहीं न कहीं से शुरुआत करना तो जरूरी है, और मन में सच्चा विश्वास हो तो जरूर सफलता मिलेगी।
उम्मे ने बी.काम. के बाद एच.आर. में पी.जी. किया। इसके बाद दो साल तक नौकरी भी की। लेकिन उनका मन तो चित्रकारी में रम चुका था सो सब कुछ छोड़कर चित्रकला के क्षेत्र में ही नाम कमाने और कुछ नया कर गुजरने की चाह लिए उम्मे ने पिछले पांच साल से चित्रकला को ही अपनी दुनिया बना ली।
आगे की योजनाओं के बारे में उम्मे का कहना है कि वे अब दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में भी अपनी चित्र प्रदर्शनी लगाने के बारे में सोच रही हैं, उन्हें विश्वास है कि वहां भी उन्हें सफलता हासिल होगी। पेटिंग के साथ उम्मे को एडवेंचर्स स्पोट्र्स का भी शौक है। वे फोटोग्राफी का शौक भी रखती हैं। (उदंती फीचर्स)
संपर्क- ई-12, सेक्टर 3, देवेन्द्र नगर, रायपुर (छग)
मो. 09977186008 ईमेल- ubharmal19@gmail.com

2 comments:

Unknown said...

wonderful start for an artist, Keep it up Umme and all the very best for ur future.

Unknown said...

umme ur paintings r awesome. i really liked it.
congrats 4 ur sucsess n all d best 4 ur future.