उदंती.com को आपका सहयोग निरंतर मिल रहा है। कृपया उदंती की रचनाओँ पर अपनी टिप्पणी पोस्ट करके हमें प्रोत्साहित करें। आपकी मौलिक रचनाओं का स्वागत है। धन्यवाद।

Feb 25, 2009

राजिम कुंभ- धर्म, आस्था और संस्कृति का संगम

राजिम कुंभ- 
धर्म, आस्था और संस्कृति का संगम
2005 से छत्तीसगढ़ शासन ने राजिम मेले के आयोजन को राजिम कुंभ का स्वरूप देकर लोकव्यापी बनाने की दिशा में एक नई पहल की। यही वजह है कि राजिम कुंभ के अवसर पर पर्यटकों की संख्या बढ़ जाती है। कुंभ में देश भर से पर्यटकों की भीड़ के साथ श्रद्धालु एवं साधु-महात्माओं के अखाड़े विशेष रूप से आमंत्रित रहते है।
छत्तीसगढ़ क्षेत्र में महानदी का वही स्थान है जो भारत में गंगा नदी का है। यहां का सबसे बड़ा पर्व महाशिवरात्रि है जो माघ मास की पूर्णिमा से शुरु होकर फाल्गुन मास की महाशिवरात्रि तक चलता है। इस अवसर पर राजिम एक तीर्थ का रूप ले लेता है। यहां हजारों श्रद्धालु संगम स्नान करने और भगवान राजीव लोचन तथा कुलेश्वर महादेव के दर्शन करने दूर-दूर से पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि जगन्नाथपुरी की यात्रा तब तक पूर्ण नहीं होती जब तक कि वे राजिम की यात्रा नहीं कर लेते।
रायपुर से लगभग 45 किमी दूर त्रिवेणी संगम (महानदी- सोंढूर-पैरी) के किनारे बसा राजिम छत्तीसगढ़ का प्रमुख तीर्थ स्थल है। इस संगम की खास बात यह है कि यहां तीनों नदियां साक्षात दिखाई देती हैं, जबकि इलाहाबाद के त्रिवेणी संगम में सरस्वती लुप्तावस्था में है।
राजिम के देवालय ऐतिहासिक तथा पुरातात्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। यहां प्राप्त मंदिरों को कालक्रम के अनुसार चार भागों में बांटा गया है।
(1) कुलेश्वर (9वीं सदी), पंचेश्वर (9वीं सदी) तथा भूतेश्वर महादेव (14वीं सदी), (2) राजीवलोचन (8वी सदी), वामन, वाराह, नृसिंह, बद्रीनाथ, जगन्नाथ, राजेश्वर, दानेश्वर एवं राजिम तेलिन मंदिर। (3) रामचन्द्र (14वीं सदी) (4) सोमेश्वर महादेव नलवंशी नरेश विलासतुंग के राजीव लोचन मंदिर अभिलेख के आधार पर अधिकांश विद्वानों ने इस मंदिर को 8वीं शताब्दी की निर्मिति माना है। इस मंदिर के विशाल प्राकार के चारों अंतिम कोनों पर बने वामन, वाराह, नृसिंह तथा बद्रीनाथ के मंदिर स्वतंत्र वास्तुरुप के उदाहरण माने जा सकते । राजिम के मंदिर तथा यहां स्थापित प्रतिमाएं लोगों की धार्मिक आस्था पर प्रकाश तो डालती ही हैं, साथ ही भारतीय स्थापत्यकला एवं मूर्तिकला के इतिहास को रेखांकित भी करती हैं । इन मंदिरों के कालक्रम को देखने से यह पता चलता है कि छत्तीसगढ़ अंचल कला और स्थाप्त्य की दृष्टि से कितना समृद्धशाली था।
एशियाटिक रिसर्च सोसायटी के रिचर्ड जैकिंस इसे राजा राम के समकालीन राजीव नयन नामक राजा से जोड़ते हैं लेकिन मंदिर के पुजारी ठाकुर ब्रजराज सिंह जो कथा बतातें है वह कुछ इस तरह है:
सतयुग में एक प्रजापालक भक्त राजा रत्नाकर था। उस समय यह क्षेत्र पद्मावती क्षेत्र या पद्मपुर कहलाता था। इसके आसपास का इलाका दंडकारण्य के नाम से प्रसिद्ध था। यहां अनेक राक्षस निवास करते थे। राजा रत्नाकर समय-समय पर यज्ञ, हवन, जप-तप करवाते रहते थे ऐसे ही एक आयोजन में राक्षसों ने ऐसा विघ्न डाला कि राजा दु:खी हो कर एक खंडित हवन कुंड के सामने ही ईश आराधना में लीन हो गए और ईश्वर से प्रार्थना करने लगे कि वे स्वयं आकर इस संकट से उबारें। ठीक इसी समय गजेंद्र और ग्राह में भी भारी द्वन्द्व चल रहा था, ग्राह गजेंद्र को पूरी शक्ति के साथ पानी में खींचे लिए जा रहा था और गजेंद्र ईश्वर को सहायता के लिए पुकार रहा था। उसकी पुकार सुन भक्त वत्सल विष्णु जैसे बैठे थे वैसे ही नंगे पांव उसकी मदद को दौड़े। और जब वह गजेंद्र को ग्राह से मुक्ति दिलवा रहे थे तभी उनके कानों में राजा रत्नाकर का आर्तनाद सुनाई दिया। भगवान उसी रूप में राजा रत्नाकर के यज्ञ में पहुंचे और राजा रत्नाकर ने यह वरदान पाया कि अब श्री विष्णु उनके राज्य में सदा इसी रूप में विराजेंगे। तभी से राजीव लोचन की मूर्ति इस मंदिर में विराज रही है। कहते हैं कि इस मूर्ति का निर्माण स्वयं विश्वकर्मा ने किया था।
एक और जनश्रुति के अनुसार राजा जगतपाल इस क्षेत्र पर राज कर रहे थे तभी कांकेर के कंडरा राजा ने इस मंदिर के दर्शन किए और उसके मन में लोभ जागा कि यह मूर्ति तो उसके राज्य में स्थापित होनी चाहिए इसके लिए उन्होंने पुजारियों को धन का लोभ दिया पर वे नहीं माने तब राजा ने बलपूर्वक सेना की मदद से इस मूर्ति को उठा लिया और एक नाव में रखकर महानदी के जलमार्ग से कांकेर रवाना हुआ पर धमतरी के पास रूद्री नामक गांव के समीप मूर्ति सहित नाव डूब गई और मूर्ति शिला में बदल गई। कंडरा राजा खिन्न मन से कांकेर लौट गया। लेकिन राजिम में महानदी के बीच में स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर की सीढ़ी से आ लगी इस 'शिलाÓ को देख 'राजिमÓ नाम की तेलिन उसे अपने घर ले गई और उसने शिला को कोल्हू में रख दिया। उसके बाद से उस तेलिन का घर धन-धान्य से भर गया। उधर सूने मंदिर को देखकर दुखी होते राजा जगतपाल को भगवान ने स्वप्न दिया कि वे तेलिन के घर से मुझे वापस लाकर मंदिर में प्रतिष्ठित करें। पहले तो तेलिन राजी ही नहीं हुई पर अंतत: पुन:प्रतिष्ठा हुई और तभी से यह क्षेत्र राजिम तेलिन के नाम से राजिम कहलाने लगा। आज भी राजीव लोचन मंदिर के आसपास अन्य मंदिरों के साथ राजिम तेलिन का मंदिर भी विराजमान है।
यहां पंचकोसी यात्रा की जाती है जिसके बारे में भी यहां एक कथा प्रचलित है- एक बार विष्णु ने विश्वकर्मा से कहा कि धरती पर वे एक ऐसी जगह उनके मंदिर का निर्माण करेें, जहां पांच कोस के अन्दर शव न जला हो। अब विश्वकर्मा जी धरती पर आए, और ढूंढ़ते रहे, पर ऐसा कोई स्थान उन्हें दिखाई नहीं दिया। उन्होंने वापस जाकर जब विष्णु जी से कहा तब विष्णु जी एक कमल के फूल को धरती पर छोडक़र विश्वकर्मा जी से कहा कि यह जहां गिरेगा, वहीं हमारे मंदिर का निर्माण होगा। इस प्रकार कमल फूल के पराग पर विष्णु भगवान का मन्दिर है और पंखुडिय़ों पर पंचकोसी धाम बसा हुआ है। कुलेश्वर नाथ (राजिम) चम्पेश्वर नाथ (चम्पारण्य) ब्राह्मकेश्वर (ब्रह्मणी), पाणेश्वर नाथ (फिंगेश्वर) कोपेश्वर नाथ (कोपरा)।
लोगों की यह भी मान्यता है कि जगन्नाथपुरी की यात्रा तब तक सम्पूर्ण नही होती जब तक यात्री राजिम की यात्रा नही कर लेता। कहते हैं माघ पूर्णिमा के दिन स्वयं भगवान जगन्नाथ पुरी से यहां आते हैं। उस दिन जगन्नाथ मंदिर के पट बंद रहते हैं और भक्तों को भी राजीव लोचन में ही भगवान जगन्नाथ के दर्शन होते हैं। महाभारत के आरण्यक पर्व के अनुसार संपूर्ण छत्तीसगढ़ में राजिम ही एकमात्र ऐसा स्थान है जहां बदीनारायण का प्राचीन मंदिर है। इसका वही महत्व है जो जगन्नाथपुरी का है।
राजिम मेले को कुंभ का रुप प्रदान करने के बाद से अब प्रति वर्ष यहां राज्य शासन विशेष व्यवस्था करता है। लोगों के लिए ठहरने खाने, कुंभ स्नान करने तथा भगवान के दर्शन की व्यवस्था के साथ अन्य राज्यों से अनेक कलाकार, विद्वान आमंत्रित किये जाते हैं। इस प्रकार राजिम के इस त्रिवेणी संगम पर धर्म, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम नजर आता है। (उदंती फीचर्स)
राजिम कुंभ तक पहुंचने के लिए
हवाई मार्ग- रायपुर (45 किमी) निकटतम हवाई अड्डा है तथा दिल्ली, मुंबई, नागपुर, भुवनेश्वर, कोलकाता, रांची, विशाखापट्नम और चेन्नई से जुड़ा हुआ है।
रेल मार्ग- रायपुर निकटतम रेलवे स्टेशन है जो कि मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित है।
सडक़ मार्ग- राजिम नियमित बस तथा टैक्सी सेवा से रायपुर व महासमुंद से जुड़ा हुआ है।
तीर्थ यात्रियों के ठहरने के लिए कुंभ के अवसर पर संस्कृति विभाग विशेष रुप से व्यवस्था करता है। सामान्य पर्यटकों के लिए रायपुर में अनेक होटल उपलब्ध हैं।

No comments: