मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 2, 2025

चिंतन- मननः जीवन की सुंदरता

 - अंजू खरबंदा  

मनुष्य का मन एक अद्भुत साधन है- विचारों का महासागर। इसी से सभ्यताएँ जन्म लेती हैं, इसी से ज्ञान का प्रवाह होता है और इसी से जीवन दिशा पाता है; लेकिन जब यही मन अपनी सीमाओं से बाहर बहने लगे, तो सृजन का स्रोत ही पीड़ा का कारण बन जाता है। यही स्थिति है ओवरथिंकिंग की!

‘अशान्तस्य कुतः सुखम्’ (भगवद्गीता – अध्याय 2, श्लोक 66)

इसका विस्तृत अर्थ है –‘जिसका मन अशांत है, उसे सुख कहाँ से प्राप्त हो सकता है?’

यह श्लोक गीता का अत्यंत गूढ़ संदेश देता है। श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं कि जब तक मन स्थिर और शांत नहीं होगा, तब तक कोई भी व्यक्ति सच्चे सुख, ज्ञान या आनंद को अनुभव नहीं कर सकता। बाहरी वस्तुओं से मिलने वाला आनंद क्षणिक होता है, किंतु मन की शांति ही स्थायी सुख का स्रोत है; इसीलिए ओवरथिंकिंग के संदर्भ में यह श्लोक अत्यंत प्रासंगिक है। जब मन निरंतर विचारों, चिंताओं और कल्पनाओं में उलझा रहता है, तो वह 'अशांत' हो जाता है। उस अशांत मन में सुख, आनंद या स्वास्थ्य का निवास संभव नहीं। गीता का यह संदेश हमें याद दिलाता है कि मन को शांत करना ही जीवन को सुंदर बनाना है। जब विचारों का शोर कम होता है, तभी भीतर की आत्मा की आवाज़ सुनाई पड़ती है।

इस तरह कहा जा सकता है कि ओवरथिंकिंग मन की जड़ता है। जिस प्रकार कोई मशीन लगातार चलते-चलते थक जाती है और धीमी पड़ जाती है, उसी प्रकार निरंतर चिंतन मन को बोझिल और निष्क्रिय बना देता है। इसका परिणाम है- अनिद्रा, सिरदर्द, चिंता, चिड़चिड़ापन और कई शारीरिक बीमारियाँ। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी मानता है कि अधिकतर बीमारियों की जड़ मानसिक असंतुलन और तनाव ही है।

अब प्रश्न यह उठता है कि इससे बचा कैसे जाए? 

उत्तर सरल है जितना छोड़ना सीखेंगे, उतना स्वस्थ रहेंगे। मनुष्य को यह समझना चाहिए कि हर परिस्थिति को वह नियंत्रित नहीं कर सकता। कई बार हालात को स्वीकार करना ही समाधान होता है। यदि हम हर छोटी घटना पर बार-बार विचार करेंगे तो मन पर बोझ बढ़ेगा; लेकिन यदि उन्हें सहज भाव से छोड़ देंगे, तो मन हल्का रहेगा। सोचिए, पर उतना ही जितना ज़रूरी हो।

सोचना मानवीय क्षमता है और जीवन के विकास का आधार भी! योजनाएँ बनाना, निर्णय लेना, भविष्य के लिए तैयारी करना-ये सब सोच पर ही निर्भर है; लेकिन जब यही सोच आवश्यकता से अधिक हो जाए, तो यह क्षमता विनाशकारी रूप ले लेती है। जैसे नमक भोजन का स्वाद बढ़ाता है पर आवश्यकता से अधिक होने पर स्वाद बिगाड़ भी देता है, ठीक वैसे ही सोच भी सीमित हो तो लाभकारी होती है और असीमित हो तो हानिकारक!

आधुनिक मनोविज्ञान यह बताता है कि ‘स्वस्थ मन ही स्वस्थ शरीर की चाबी है।’ यदि मन संतुलित, शांत और प्रसन्न है तो शरीर में भी सकारात्मक ऊर्जा प्रवाहित होती है। इसलिए ध्यान, योग, प्राणायाम, संगीत, लेखन या प्रकृति के बीच समय बिताना ओवर थिंकिंग को कम करने के सरल उपाय हो सकते हैं। अंततः जीवन का सार यही है वर्तमान क्षण को जीना! जो बीत गया उसे पकड़कर बैठना व्यर्थ है, और जो आने वाला है उसकी अनिश्चितताओं पर चिंता करना भी निरर्थक है । संतुलित विचार ही जीवन की दिशा बदलते हैं। याद रखिए 'मन को जितना हल्का रखेंगे, जीवन उतना ही सुंदर और स्वस्थ होगा।'

उपनिषद् का एक संदेश है : ‘शान्तो दान्त उपरतः तितिक्षुः समाहितो भवति’ (जो शांत, संयमी और सहनशील है, वही समाहित होकर सत्य को प्राप्त करता है।)

अतः स्वस्थ मन केवल स्वस्थ शरीर की ही नहीं, बल्कि मुक्त आत्मा की भी चाबी है। जब मन ओवरथिंकिंग के बोझ से मुक्त होता है, तभी भीतर का सच्चिदानंद स्वरूप प्रकट होता है।

संक्षेप में कहा जा सकता है मुक्ति का मार्ग भीतर से ही निकलता है :

* छोड़ना एक साधना है। जिस बात का हल नहीं, उसे मन में बार-बार दोहराना केवल बोझ है।

* ध्यान और मौन विचारों की धारा को थामते हैं और आत्मा को चमकने का अवसर देते हैं।

* योग और प्राणायाम मन को अनुशासन में रखते हैं जैसे घोड़े की लगाम।

* सत्संग और अध्यात्म हमें यह स्मरण कराते हैं कि हम केवल शरीर-मन नहीं, बल्कि शुद्ध आत्मा हैं।

जैसे नदी अंततः सागर में मिलकर अपनी बेचैनी खो देती है वैसे ही मन जब आत्मा में विलीन होता है तब उत्तम स्वास्थ्य और सुख प्रकट होता है।

15 comments:

  1. विचारणीय लेख।बधाई आपको।

    ReplyDelete
  2. Rajesh Saxena Rajat06 November

    अदभुत सारगर्भित सृजन

    ReplyDelete
  3. महत्त्वपूर्ण आलेख 🙏

    ReplyDelete
  4. Anonymous19 November

    मन स्वस्थ है तो शरीर भी स्वस्थ है। शांत मन ही सब सुखों की चाबी है। विचारणीय महत्वपूर्ण , एवं उपयोगी आलेख। बधाई। सुदर्शन रत्नाकर

    ReplyDelete
  5. डाॅ. कुँवर दिनेश19 November

    बहुत सुंदर एवं उपयोगी आलेख! हार्दिक बधाई!💐

    ReplyDelete
  6. Shashi Padha19 November

    “इसलिए ध्यान, योग, प्राणायाम, संगीत, लेखन या प्रकृति के बीच समय बिताना ओवर थिंकिंग को कम करने के सरल उपाय हो सकते हैं। अंततः जीवन का सार यही है— “जीवन मंत्र भी । आभार इस सारगर्भित आलेख के लिए ।
    शशि पाधा

    ReplyDelete
  7. बहुत सुन्दर लेख... 👏👏🙏
    वाकई ओवरथिंकिंग मन के लिए ज़हर है और धीरे-धीरे ये ज़हर मन के साथ-साथ शरीर को भी समाप्त कर देता है। आपके द्वारा लिखी गयीं पंक्तियाँ "छोड़ना एक साधना है। जिस बात का हल नहीं, उसे मन में बार-बार दोहराना केवल बोझ है।" बिल्कुल रामचरितमानस की चौपाई "होइहि सोइ जो राम रचि राखा। को करि तर्क बढ़ावै साखा" के समान ही मन को राह दिखाने वाली हैं। बहुत धन्यवाद... 🙏👏👏

    ReplyDelete
  8. भगवद्गीता का वैशिष्ट्य ही यह है कि हर बार एक नया पक्ष, एक नया संदर्भ और नवीन व्याख्या प्रस्तुत होती है। ओवरथिंकिंग के संदर्भ से इस श्लोक के साथ नया दृष्टिकोण बहुत विचारणीय है।

    ReplyDelete
  9. निर्देश निधि19 November

    इस आधुनिक समय में मनुष्य तर्करहित रूप से बोझ तले दबा है। यह आलेख इस समय की माँग है, स्वागत है इस तरह के विचारों का।

    ReplyDelete
  10. सुंदर सार्थक आलेख।

    ReplyDelete
  11. डॉ रत्ना वर्मा19 November

    आप सबका हार्दिक धन्यवाद कि आप सबने समय निकालकर इस अति महत्वपूर्ण लेख को पढ़ा और प्रतिक्रिया देकर सराहना की। लेखक की मेहनत और रचनात्मकता सार्थक हुई। आभार।🙏

    ReplyDelete
  12. बहुत सारगर्भित और प्रेरणास्पद आलेख ।समसामयिक विषय पर भावात्मक जानकारी।वर्तमान समय तन के साथ मन की अस्वस्थता का है।हर कोई परेशान है,कारण चाहे जो भी हो। अति किसी भी चीज की अच्छी नहीं होती।ओवर थिंकिंग के अनेक साइड इफेक्ट हैं।योग प्राणायाम अत्यंत आवश्यक है। मुझे तो वे लोग बड़े अच्छे लगते हैं जो खुशमिजाज रहते हैं और भाड़ में जाए.... कहकर अपने मन पर बोझ नहीं डालते। अंजू जी को हार्दिक बधाई।



    ReplyDelete
  13. Anonymous20 November

    सराहनीय,सार्थक लेखन. - रीता प्रसाद

    ReplyDelete
  14. बहुत सार्थक आलेख... काश! लोग इस बात को समझ लें तो कितनी बीमारियों से स्वयमेव बचा जा सकता है।

    ReplyDelete