मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 5, 2026

कविताः समंदर यूँ ही खारा नहीं हुआ

  - अर्चना अनुपम

1.

समंदर क्या केवल खारा जल

गहराइयों तक?

दुख,वेदना का गहन-सागर नहीं..?

कोलाहल-नाद वेदना का

टीस-कसक की लहरें

क्या उठती भाप,

समंदर की आँखों की नमी नहीं..?

समा जाती मेघों मे नमी,

परिणित होती अश्रु बूँद में..

टपक पड़ती अथाह वेदना बन मेघों से!

ज्वार-भाटा लाता ऊफान-तूफान

वेदना आती-जाती तट पर

उफनता समंदर खारा-खारा..

अथाह वेदना समाने का बल है,

हौसला है, संकल्प भी ..

छिपा रखी अथाह वेदना समंदर ने अंतस् अपने..

कहते हैं, 'समंदर यूँ ही खारा नही हो गया'!

2.

मैं काँधे पर ना बैठी तुम्हारे !

आलकी कि पालकी वाली

बाँहों पर भी तो ना बैठी मैं..

काँधे की सुंदरता तुमसे ही सीखी

बाँहों की मजबूती तुमसे ही जानी

लड़खड़ाते कदमों को दृढ़ता से बढ़ाना

तुमने ही तो सिखाया..

किंतु हे पिता!

मेघों से जब बारिश होती है 

ढेरों-ढेर बूँदे टपकती हैं

महसूस होता है बूँदों में होगी तुम्हारी भी एक बूँद..

मैं भीगती हूँ बारिश में,

होती हूँ सराबोर स्नेह-जल से..

आँखों से मेरी भी टपक पड़ती है

खारी बूँद असंयमित होकर..

घुल -मिल जाती है बारिश-बूँदों में,

बूँदों को लेकर नदी जा मिलती है समंदर से..

कहते हैं, 'समंदर यूँ ही खारा नहीं हो गया'!

1 comment:

  1. दोनों कविताएं बहुत सुंदर हैं बहुत प्यार से आपने बताया है कि समंदर यूं ही खड़ा नहीं होता कितने ही उसमें अनुभव दर्द और कितनी पढ़ाई छुपी होती हैं सबको अपने अंदर समाज के समेट समुद्र काजल खड़ा हो जाता है और बारिश में भीगते हुए परमात्मा के प्रेम को महसूस करना बहुत ही सुंदर अनुभूति है बधाई आदरणीयडॉ वंदना शर्मा

    ReplyDelete