मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 5, 2026

तीन लघुकथाएँ

 - आनन्द हर्षुल 

1. जन्म दिन

   अपने जन्म दिन पर, आदमी बस थोड़ा-सा ठिठका और फिर चल पड़ा-अगली तिथि की ओर जो उसके जन्मदिन की होने वाली थी और ठीक इस दिन से, तीन सौ पैसठवें दिन पड़ने वाली थी।

 आदमी के जीवन में, अबोध, वयस्क अधेड़ वृद्ध, जाने कितनी तिथियाँ आई हैं, जो आदमी के जन्म की हैं। पर आदमी के जीवन में, एक वर्ष ऐसा भी आया था सिर्फ तीन सौ चौंसठ दिनों का। वह तिथि जो उस आदमी के जन्म की है- उस वर्ष गायब हो गई अचानक वर्ष के दिनों से गायब तिथि को ढूँढता रहा और वर्ष के दिनों में कहीं नहीं मिलीं वह तिथि, जो उसके जन्म की थी। जन्म की तिथि के नहीं मिलने पर, गायब हो गया वह आदमी, इस पृथ्वी से चुपचाप।

2. बेटी का क़द

 माँ को बगल में खड़ी होकर बेटी ने कहा- देखो मैं तुमसे बड़ी हूँ, पिता देख रहा था-पहली बार, अपनी बेटी का, माँ से बड़ी हो जाना- कद में माँ मुस्करा रही थी, माँ की मुस्कुराहट ने, हल्के से अपनी एड़ी उठाई- इस तरह कि किसी को न दिखे- एड़ी का उठना, बेटी ने कहा- ये, ऐसा नहीं चलेगा, माँ फिर अपनी बेटी से छोटी हो गई- कद में मुस्कुराहट ने दबा ली थी- अपनी एड़ी।

      बेटी, पिता के पास आई देखूँ आपसे कितनी छोटी हूँ…पिता ने अपने घुटने मोड़े, बेटी का कद पिता से बड़ा हो गया। बेटी हँसी और उसने घुटने मोड़े पिता और पुत्री दोनों एक दूसरे से छोटा होना चाह रहे थे। वे जब छोटा होते-होते थक गए तो जमीन पर बैठे हँसते दिखे। उनकी हँसी में माँ की हँसी भी घुली-मिली थी।

     घर के उस कोने में ,जहाँ वे थे एक दूसरे से कद का खेल खेलते-खेलते वही फर्श पर ढेर से फूल खिल आए थे अचानक, बिना मिट्टी और पानी के-सुंदर फूल।

3. अंतिम पंक्ति के आदमी का घेरा

     उसकी आवाज किसी को सुनाई नहीं देती है। वह चिल्ला-चिल्लाकर करे, तो भी नहीं। ओंठ हिलते दिखते हैं। पर ‘शब्दों को रच नहीं पाते हैं। शब्द उसके होंठ हिलते-दिखते हैं। पर  शब्दों को रच नहीं पाते हैं। शब्द उसके ओठों के बीच में मर- मर जाते हैं-बार-बार, सुबह से शाम तक खटती है- उसकी देह पर उसकी खटती देह, किसी को नहीं दिखती है। उसकी देह उसके पसीने को दृश्य ही नहीं दे पाती है। पसीना देह पर आता है और भाप बनकर उड़ जाता है।

   उसका कहना, उसका सहना-कुछ नहीं दिखता। यहाँ तक कि जब वह मरता है तो उसका मरना भी किसी को दिखाई नहीं देता है। उसका मरना हवा में इतनी तेजी से घुलता है कि पृथ्वी पर, उसके मरने का कोई निशाना नहीं रहता है शेष ।

   वह अरब भर आबादी में, करोड़ों की संख्या में है- अंतिम पंक्ति पर खड़ा। यह करोड़ों की संख्या, एक दूसरे का हाथ पकड़कर खड़ी हो जाए- इस देश की सीमा रेखा पर तो यह पूरा देश उसके रचे घेरे के भीतर होगा, और यह घेरा दिखेगा।

1 comment:

  1. तीनों लघु कथाएं ही बहुत ही उत्तम है जो भौतिक गहरी भाग को दर्शाती हैं. जन्मतिथि सोचने को मजबूर करती है, कद नापने की भावना वत्सल्य से पूर्ण और अंतिम पंक्ति दर्शन दिखाती है. सारगर्भित रचना के लिए बधाई. डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete