मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 5, 2026

दो कविताएँ

  -डॉ. अंजुल चौहान 

1. हे पुरुष!

पुरुषों ने पढ़े वेद और उपनिषद्

अहम् ब्रह्मास्मि जैसे मंत्रों से

सुलझाया द्वैत- अद्वैत का अज्ञान

पुराण और धर्म- ग्रंथ पढ़

किए यज्ञ, हवनादि अनुष्ठान

शस्त्र- विद्या में पारंगत हो

गाण्डीव ले, किया शत्रु- मर्दन

क्रोधावेश में ताण्डव नर्तन

खगोल और भूगोल से

नाप ली ग्रहों की गति

धरती का आकार

सागर का विस्तार

रामायण में हुई

वाल्मीकि की साधना फलित

भावविभोर तुलसी ने

 गाया रामचरित

गीता से पाया ज्ञान- कर्मयोग

त्रिविध तापों से वियोग

हे महा मानव!

तुम्हारी लेखनी ने किया

 अद्भुत सृजन

कभी कालिदास का शाकुन्तल

कभी भवभूति का करुण क्रन्दन

कभी-कबीर, कभी सूर

की भावांजलि

दिनकर का ओज,

कभी आँसू ,कभी गीतांजलि

हे पुरुष !

तुम नहीं पढ़ पाए

तो

सिर्फ  और सिर्फ

 स्त्री- मन

और

उसमें जन्मी असीम पीड़ा

2. खंडित मूर्तियाँ

खंडित मूर्तियाँ

विसर्जित कर दी जाती हैं

साँवले-  से जल में

चिर शांति के लिए

लेकिन

कुछ अभिशप्त मूर्तियाँ

दबकर रह जाती है

मन के खंडहर में

जीवन से दूर

और मृत्यु से वंचित

भटकती हैं अनन्त काल तक

मुक्ति की अंतहीन प्रतीक्षा में।

chauhananjul22@gmail.com

1 comment:

  1. बहुत बढ़िया, हार्दिक बधाई 🙏डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete