मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Sep 15, 2019

कृष्ण जन्माष्टमी:


विष्णु के आठवें अवतार का जन्म 

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एक ऐसा पर्व है जो पूरे देश में पूरे जोश और उत्साह के साथ भगवान्  कृष्ण के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है। भगवान्  कृष्ण का अवतार पृथ्वी से सभी अंधकारों का अंत करने और बुराई को नष्ट करने के लिए हुआ था। यह त्योहार  देश भर के अधिकतर हिंदुओं द्वारा मनाया जाता है। हिन्दू कैलेंडर या पंचांग के अनुसार, यह त्योहार  सावन माह की समाप्ति के बाद आठवें दिन (अँधेरे पखवाड़े) कृष्ण पक्ष में पड़ता है।
कृष्ण के जन्म के पीछे हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, जब पापी और दुष्ट शक्तियों ने दुनिया भर में विनाश करना शुरू कर दिया, तो माँ पृथ्वी ने भगवान्  ब्रह्मा से आक्रामक परिस्थितियों को समाप्त करने का अनुरोध किया। भगवान्  ब्रह्मा ने माता पृथ्वी की इस चिन्ता  को भगवान्  विष्णु के समाने रखा, जिसके फलस्वरूप उन्होंने पृथ्वी पर मौजूद सभी बुराइयों को मिटाने के लिए धरती पर जन्म लेने का आश्वासन दिया।
जैसा कि आश्वासन दिया गया था, भगवान्  विष्णु ने सावन की समाप्ति के बाद 8 वें दिन (अष्टमी) पर आधी रात को पृथ्वी पर कृष्ण के रूप में जन्म लिया। भगवान्  विष्णु के आठवें अवतार कृष्ण का जन्म मथुरा के एक कारागार में देवकी और वासुदेव के पुत्र के रूप में हुआ था। कृष्ण का जन्म उस समय हुआ जब धरती पर चारों तरफ उथल-पुथल, अत्याचार, स्वतंत्रता की कमी और बुरी शक्तियाँ शासन कर रही थीं। भगवान्  कृष्ण के मामा राजा कंस के लिए भविष्यवाणी हुई थी कि उसकी मृत्यु उनके भाजे के हाथ होगी। कृष्ण के जीवन पर आने वाले संकट को जानकर उनके पिता वासुदेव ने, उन्हें तुरंत राजा कंस से दूर रखने के लिए गोकुल में यशोदा और नंद को सौंप दिया। कृष्ण के जन्म के इस कथा के आधार पर  उनके भक्तों द्वारा जन्माष्टमी के त्योहार के रूप में मनाया जाता है।
इस शुभ अवसर पर लोग अपने घरों में श्रीकृष्ण की झाँकी सजाते हैं।  मूर्ति को पालने में रखा जाता है और घी, दूध, गंगाजल, शहद, तुलसी पत्तियों से बने पंचामृत से नहलाया जाता है। यह पंचामृत भक्तों में प्रसाद के रूप में भी वितरित किया जाता है। भक्त खुशी से पालने को झुलाते है हैं और अपने जीवन में श्रीकृष्ण के आशीर्वाद का अभिनंदन करते हैं। जहाँ समारोह हो रहे होते हैं वहाँ आरती, मंत्र, शंख की ध्वनि, भजन, कीर्तन हर जगह एक आम परिदृश्य बन जाता है।

आज के दिन मंदिरों में कई प्रकार के समारोह आयोजित किए जाते हैं। रोशनी और फूलों से बहुत ही खूबसूरती से सुसज्जित किया जाता है। मथुरा और वृंदावन के मंदिरों में रात में भगवान्  श्री कृष्ण के बचपन पर आधारित, नाटक, नृत्य प्रदर्शन और जागरण के समारोह आयोजित किए जाते हैं।
भक्तगण इस दिन उपवास रखते हैं। श्रीकृष्ण  के जन्म की लोककथाएँ मंदिरों और पूजा के समय परिवारों में सुनाई जाती है। देश के युवा, दही हांडी फोड़ के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। कुछ जगहों पर, लोग भगवान् कृष्ण के जीवन की घटनाओं पर आधारित रासलीला करते हैं। श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नाटक और नृत्य प्रदर्शन भी आयोजित किए जाते हैं।
आज से कुछ दशक पहले तक छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे पखवाड़े कृष्ण लीला या रास लीला का भव्य आयोजन होता था और जन्माष्टमी के दिन रात भर जागकर ग्रामीण कृष्ण जन्म की लीला का आनंद लेते थे। वर्तमान समय में कृष्ण लीला और राम लीला का आयोजन करने वाली लोक मंडलियाँ अब समाप्त हो गईं हैं जो गाँव-गाँव जाकर ऐसे लोकनाट्यों का आयोजन करते थे।
न्माष्टमी का यह पर्व उसी उत्साह से आज भी मनाया जाता है। यहाँ जन्माष्टमी  के दिन बच्चे बड़े सब उत्साह से भाग लेते हैं। कृष्ण कन्हैया का चित्र यहाँ हाथों से बनाया जाता है। पहले कृत्रिम रंग इस्तेमाल नहीं करते थे। हरा रंग के लिए सेम के पत्तों को पीस कर रंग बनाया जाता था, पीले के लिए हल्दी का उपयोग करते थे। लाल रंग के लिए सिंदुर या गुलाल का उपयोग किया जाता था। गाँव में लोग अपने घर की एक दीवार पर आठे कन्हैया का चित्र उकेरते हैं और उसमें रंग भरते हैं । जन्माष्टमी  के दिन प्रसाद के लिए धनिया का पंजरी बनाया जाता है। फलाहार में सिंघाड़ा और थिखुर का कतरा, पूड़़ी, हलवा आदि के साथ सेंधा नमक डालकर साबूदाने की खिचड़ी भी कुछ लोग बनाते हैं। रात्रि कृष्ण भगवान्  की पूजा कर फिर रात के 12 बजे के बाद लोग अपना व्रत तोड़ते हैं

कृष्ण भगवान्  विष्णु के सबसे शक्तिशाली मानव अवतारों में से एक है। श्रीकृष्ण हिंदू पौराणिक कथाओं में एक ऐसे भगवान्  है, जिनके जन्म और मृत्यु के बारे में विस्तार से लिखा गया है। भगवद् गीता में एक लोकप्रिय कथन है- जब भी बुराई का उत्थान और धर्म की हानि होगी, मैं बुराई को खत्म करने और अच्छाई को बचाने के लिए अवतार लूँगा।जन्माष्टमी का त्योहार  सद्भावना को बढ़ाने और दुर्भावना को दूर करने को प्रोत्साहित करता है। (उदंती फीचर्स)

मूर्ति विसर्जन से प्रदूषित होते तालाब


मूर्ति विसर्जन से प्रदूषित होते तालाब 

रमेश कुमार
हमारे यहाँ तालाबों की बहुलता रही है जिससे यहाँ का भूजल स्तर भी काफी अच्छा रहा है लेकिन पिछले कुछ दशकों में तालाबों की संख्या में न केवल आश्चर्यजनक रूप से कमी आयी है बल्कि वे कम गहरे तथा प्रदूषित भी होते जा रहे हैं। पानी के बिना जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती। यहाँ तक हमारे शरीर में भी करीब अस्सी प्रतिशत पानी है। हम प्रदूषित जल का सेवन करने में, उपयोग करने में हिचकते हैं तो हमारे सरोवर जिनका प्राणाधार ही जल है, उसमें रहने वाले वनस्पति, जलचर उस आधार के प्रदूषण से उसमें किस प्रकार तिल-तिल कर मरते होंगे, इसकी कल्पना बड़ी आसानी से की जा सकती है। विकास तथा शहरीकरण के दौर में अनेक बड़े-बड़े तालाब पाटकर कॉम्पलेक्स बनाने, तालाब की भूमि पर अतिक्रमण करने के कारण काफी तालाब शहादत को प्राप्त हो चुके हैं, वहीं कुछ सामाजिक परम्पराओं के गलत उपयोग के कारण भी तालाब प्रदूषित तथा पटते जा रहे है। कुछ तालाब जलकुम्भी फैलने, अतिक्रमण, आसपास की फैक्ट्रियों के खतरनाक रसायनों के प्रवाहित करने से बीमार हो रहे है।
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ वर्षो से तालाबों की सफाई का मामला काफी जोर-शोर से उठा है जिसमें करोड़ों रुपये खर्च करके तालाबों की सफाई हो रही है; लेकिन तालाबों में साफ-सफाई रहना व प्रदूषण मुक्त रखने के लिए समाज के सभी वर्गों का एकजुट होना सार्थक ढंग से प्रयास करने से ही संभव है। तालाबों में प्रदूषण का एक महत्त्वपूर्ण कारण उसमें डाले जाने वाली विभिन्न सामग्री है, जो विभिन्न अवसरों पर डाली जाती है। इसमें धार्मिक अवसरों, शोभा यात्राओं में प्रवाहित कि जाने वाले पदार्थों की संख्या भी कम नहीं है। हम सब धार्मिक नागरिक कहलाना पसंद करते हैं। जिसके कारण विभिन्न धर्मों में पूजा व उपासना की अलग-अलग मान्यताएँ विकसित होती चली गई है। सभी धर्मावलंबियों में आस्था के प्रदर्शन की सार्वजनिक  एंव व्यक्तिगत रुचि बढ़ती जा रही है। विभिन्न अवसरों में न केवल मूर्तियाँ बनती हैं ;बल्कि ताज़िये भी बनते हैं। जब ये बनते हैं, तो निश्चित अवधि के बाद विसर्जित भी होते हैं।
समय बीतने के साथ न केवल इनकी संख्या बढ़ती जा रही है; बल्कि प्रतिस्पर्धा में इनका आकार-प्रकार व सुन्दरता में वृद्धि के लिए रंग रोगन का प्रयोग बढ़ता जा रहा है; क्योंकि प्रतियोगिता का जमाना है। कोई किसी से पीछे नहीं रहना चाहता लेकिन साल दर साल जब उत्साह से प्रतिमाएँ व ताज़िये जब शहरों के सरोवरों में विसर्जित कि जाते हैं। वे सरोवर काफी दिनों तक भक्ति के इस दर्द भरे प्रभाव से भयभीत रहते हैं। पहले जब सार्वजनिक उत्सवों की यह परम्परा स्थापित हुई थी, तब तालाब बड़े व गहरे हुआ करते थे। नदियों के बहाव तेज होते थे। तब न ही इतनी भीड़ होती रही तथा न ही इतनी मूर्तियाँ व ताज़िये। तब भक्तगण मूर्तियाँ भी छोटी बनाते थे तथा उन्हें रंगने के लिए प्राकृतिक रंगों का ही सहारा लेते थे; अत: इन छोटी मूर्तियों को बड़े नदी, तालाब उन्हें आसानी से बिना किसी नुकसान के अपने में समाहित कर लेते थेआज की परिस्थितियाँ  भिन्न हैं, तालाब सिकुड़ते जा रहे हैं प्रतिमाएँ व आस्था के धार्मिक प्रतीक बड़े होते जा रहे है।
कहा जाता है कि जल के बिना जीवन सूना'; इसलिए हमें अपनी प्राकृतिक धरोहरों अपने सरोवरों, तालाबों, जल स्रोतों की भलाई के सम्बन्ध में भी विचार करते रहना चाहिए। तालाबों में प्रदूषण का एक बहुत बड़ा एवं महत्त्वपूर्ण कारण उनमें मूर्तियों व ताजियों का विसर्जन भी है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ही प्रमुख तालाब बूढ़ा तालाब में प्रतिवर्ष सिर्फ गणेशोत्सव में विसर्जन के अवसर पर डाले जाने वाले पदार्थों में हजारों किलोग्राम मिट्टी, ऑयल पेण्ट मिट्टी तेल, तारपीन तेल, प्लास्टिक, पॉलीथीन, लकड़ी, प्लास्टर ऑफ पेरिस, बांस, बहुतायत से रहे। इसके साथ ही सिन्दुर, अभ्रक, धागे, कपड़े, सिक्के, तेल, खराब पदार्थ भी शामिल है। बूढ़ा तालाब में ही विसर्जित कि जाने वाली सामग्री का आकलन जब हमने किया तो अचंभित रह ग। मूर्तिकारों व सजावट कर्ताओं से चर्चा में पता चला। शहर में करीब दस हजार मूर्तियाँ  निर्मित की जाती हैं, जो कि एक किलोग्राम से पाँच सौ किलोग्राम तथा अधिक भी होती हैं करीब 300 स्थानों पर सार्वजनिक गणेशोत्सव में मूर्तियाँ  स्थापित की जाती हैं, जिनमें विसर्जन से करीब चौबीस हजार कि.ग्रा. मिट्टी तथा प्लास्टर ऑफ पेरिस, ढाई हजार लीटर आल पेण्ट, हजार लीटर तारपीन तेल, मिट्टी तेल प्रयोग किया जाता है। इसके साथ ही हजारों कि.ग्रा. पैरा, लकड़ी, बाँ, रस्सियाँ , काँ, पॉलीथिन, प्लास्टिक, थर्मोकोल भी पानी में विसर्जित होते हैं। कुछ रसायन पदार्थ जैसे अभ्रक, सिन्दुर, तेलीय पदार्थ, फेवीकोल, कीलें भी प्रतिमा के साथ विसर्जित हो जाती हैं, जिससे तालाब का पानी एकदम से प्रदूषित हो जाता है। जलाशयों में जल का प्रमुख स्रोत बरसात का संचयित जल होता है, जिसमें बहाव नहीं होता तथा उसका उपयोग स्थानीय लोग वर्ष भर करते हैं। जल के बिना हम जीवित नहीं रह सकते। देव-दर्शन के लिए मनुष्य यहाँ-वहाँ भटकता रहता है, जबकि जल हमारे लिए प्रत्यक्ष देवता स्वरूप है तथा पूजनीय है विभिन्न प्रदूषणकारी पदार्थों के तालाब में जाने से तालाब का जल उसके वनस्पति, उसके जलचर बीमार हो जाते हैं; क्योंकि सीमित क्षेत्र होने से उसके जल का बहाव नहीं होता तथा वहाँ डाले गये पदार्थ धीरे-धीरे वहीं विराजमान हकर किसी न किसी रूप से अस्तित्व बनाये रखते हैं।
प्रतिवर्ष हजारों कि.ग्रा. मिट्टी तालाब के गहरेपन को कम करती है। साथ ही पानी भरने की क्षमता भी कम करती है। मूर्तियों के साथ जाने वाला प्लास्टर ऑफ पेरिस तालाब के जल में पहुँचकर उसे छोटे-छोटे छिद्रों को बंद कर देता है। जिससे तालाब की रिचार्जिंग क्षमता कम हो जाती है। तरह-तरह के आल पेन्ट, तारपीन, मिट्टी तेल जल में अशुद्धि पैदाकर उसे उपयोग के लायक रहने नहीं देते। प्लास्टिक, काँच, थर्मोकोल, पॉलीथीन, प्लास्टिक की रस्सियाँ जैसी वस्तुएँ पानी में घुलनशील नहीं है तथा न ही इन्हें मछलियाँ व अन्य जीव जन्तु खा सकते हैं। यदि वे उन्हें खा भी लेते हैं, तो उनका और भी बुरा हाल होता है। अभ्रक आर्सेनिक, सिन्दुर लेड, कपूर क्रोमियम, जस्ता मैगनीज, अगरबत्ती आदि तालाब के पानी के प्राकृतिक गुण को समाप्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। इस प्रकार प्रदूषित पानी से न केवल मनुष्यों बल्कि पशुओं को भी विभिन्न प्रकार के रोग, संक्रमण हो जाते हैं जिनमें स्नायु रोग, एलर्जी, खुजली, पेट रोग प्रमुख है।
एक सर्वेक्षण में तालाब के पानी का उपयोग करने वाले लोगों ने इस बात की पुष्टि की है तथा रविशंकर वि.वि. रायपुर में पूर्व में कि अध्ययन में भी पानी में भारी संक्रमण तथा शीशे व पारे सहित रासायनिक अशुद्धियों का प्रमाण दिया गया था। सार्वजनिक व धार्मिक कार्यक्रमों में सरोवरों के प्रदूषण की समस्या सिर्फ छत्तीसगढ़ की ही नहीं; बल्कि देश के अनेक नगरों की समस्या बन रही है। कुछ वर्ष पूर्व मुम्बई में गणेशोत्सव में ही कि जाने वाले विसर्जन के सम्बन्ध में एक पत्रिका ने छापा कि विसर्जन के बाद समुद्र तट पर करीब 50 हजार से अधिक थैलियाँ  तैरती हुई पायी गई। वहीं जिद न्यास ट्रस्ट ने अपने अध्ययन में बताया था कि सिर्फ मुम्बई में गणेश विसर्जन के जरिए 175 मीट्रिक टन का कार्बनिक कचरा पानी में छोड़ा जाता है, उसी तरह कोलकाता विश्वविद्यालय के जीव रसायन विभाग ने सन् 90 से 95 के बीच हुगली नदी में प्रदूषण की स्थिति का अध्ययन करके बताया था। जलस्रोत विसर्जन काल में ही सर्वाधिक प्रदूषित होते है। उन्होंने कोलकाता में 9 टन प्रदूषक कारणों की मात्रा बताई थी, जिसमें पारा, सीसा, क्रोमियम, मैगनीज जैसी धातुएँ  शामिल थी।
सन् 1999 में छपी एक खबर में भोपाल, हैदराबाद, बड़ोदरा के झील में प्रतिमाओं व ताजिये के विसर्जन से प्रदूषण की जानकारी दी गई थी। मूर्तियों के साथ पूजन सामग्री का तालाबों में विसर्जन भी प्रदूषण बढ़ाने में सहायक है, जो पॉलीथीन की थैलियों में भरकर फेंका जाता है। धर्म पर आस्था रखना अच्छी बात है; लेकिन धार्मिक सीमाओं का पालन करते हुए अपने आसपास के वातावरण, पर्यावरण की भी सुरक्षा रखना और भी अच्छी बात है। इसमें परिवर्तनशील बातों को खुले हृदय से स्वीकार किया जाना चाहिए। समय के अनुसार से हर रीति-रिवाज में परिवर्तन वांछनीय है, जिन्हें स्वीकार किया जाना सभी धर्मों व नागरिकों के लिए आवश्यक है। हमें अपने प्रिय सरोवरों पर बढ़ते प्रदूषण के खतरों को गंभीरता से लेना होगा। क्योंकि यह सामाजिक जीवन में जुड़ा बहुत महत्त्वपूर्ण मुद्दा है। विसर्जन के वैकल्पिक स्थानों व उपयोग पर चर्चा की जा सकती है। प्रतिमाओं में प्लास्टर ऑफ पेरिस की जगह साधारण मिट्टी का उपयोग किया जाये तथा हानिप्रद रसायनों, ऑयल पेण्ट, तारपीन से नहलाने की बजाय प्राकृतिक रंगों का उपयोग मूर्ति सजावट में कर सकते हैं। ऐसा प्रयास मुम्बई में शुरू हुआ है।
पूजा सामग्री को पॉलीथिन में भरकर प्रवाहित करने की बजाय उसे पृथक् रूप से एकत्र कर उसे बाद में खाद के रूप में उपयोग कर सकते हैं। उज्जैन में तो विद्वत् परिषद ने बाकायदा धार्मिक ग्रन्थों का अध्ययन कर उसमें से नागरिकों को जानकारी दी कि जल देवता का प्रदूषण करना शास्त्र -संगत नहीं है। जल स्रोत हमारे पूर्वजों जैसे वंदनीय है। अब जबकि तमाम शहरों में प्रदूषण के खिलाफ आवाजें उठ रही हैं। पर्यावरण प्रेमी एक साथ सामने आ रहे हैं। सामाजिक संस्थाएँ जन जागरण का कार्य में लग जाएँ, तो वह दिन दूर नहीं कि जब हम अपने ताल-तालाबों को प्रदूषण से बचा सकने में सक्षम हो सकेंगे। सुना है धर्म की रक्षा के लिए लोग बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने में नहीं हिचकते। आज की परिस्थितियों में जब जलस्तर लगातार गिरता जा रहा है, पानी की कमी के किस्से जगह-जगह सुनाई दे रहे हैं। संचयित जल का महत्त्व बढ़ता जा रहा है। तब तालाब में संचयित अमूल्य जल की प्रदूषण से रक्षा करने से बड़ा धर्म कोई नहीं हो सकता। (इंडिया व़ॉटर पोर्टल से साभार- देशबंधु सितम्बर 2011 में प्रकाशित) 

रच ली मैंने फिर नई कविता ( शिक्षक दिवस पर )

चित्रः प्रीति अग्रवाल
रच ली मैंने फिर नई कविता 

-कमला निखुर्पा


हाथों में थमा

सृजन की लेखनी

नेह सियाही 

भर यूँ छिटकाई


उठी लहर 

भीगा-भीगा अंतर

तिरते शब्द

उड़े क्षितिज तक 


मिलन हुआ

धरा से गगन का

रच ली मैंने

फिर नई कविता


निकल पड़ी

अनजानी राह पे

मिलते रहे

पथ में  साथी संगी


कोई हठीली

अलबेली सहेली

हवा वासंती 

बदरी सावन की


टप्प से गिरे

सिहरा के डराए

भिगो के माने

रिमझिम की झड़ी 


राह में मिली 

नटकेली कोयल 

छिप के छेड़े

कूक हूक जगाए


बागों में मिली

तितली महारानी

फूलों का हार

पाकर इतराई 


गुंजार करे 

भाट भँवर -टोली

सृजन राह

अनुपम पहेली


नई -सी भोर

निशा नई नवेली 

नवल रवि

चंद्रिका-सी सहेली


मुड़के देखूँ

दूर क्षितिज पार 

तुम्हें ही पाऊँ

गहन गुरु–वाणी


थामे कलम

नेह भर सियाही

बूँदे छिटकी

सुधियों की सरिता 

उमगी बह आई।

प्राचार्या केन्द्रीय विद्यालय, पिथौरागढ़- उत्तराखण्ड

100वाँ जन्मदिन मुबारक हो माझा

 100वाँ जन्मदिन मुबारक हो माझा  

डॉ. जेन्नी शबनमम

जन्मदिन मुबारक हो माझा! सौ साल की हो गई तुम, मेरी माझा। गर्म चाय की दो प्याली लिये हुए इमा अपनी माझा को जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। माझा कुछ नहीं कहती बस मुस्कुरा देती है। इमा-माझा का प्यार शब्दों का मोहताज़ कभी रहा ही नहीं। चाय धीरे-धीरे ठंडी हो रही है। माझा अपने कमरे में नज़्म लिख रही है और इमा अपने कमरे में रंगों से स्त्री का चित्र बना रहे हैं; स्त्री के चेहरे से सूरज का तेज पिघल रहा है। बहुत धीमी आवाज़ आती है - इमा इमा। इमा दौड़े आते हैं और पूछते हैं- तुमने चाय क्यों नहीं पी माझा? अच्छा अब उठो और चाय पियो,  देखो ठंडी हो गई है। तुम्हें रोज़ रात को चाय पीने की तलब होती है, मुझे मालूम है, तभी तो रोज़ रात को एक बजे तुम्हारे लिए चाय बना लाता हूँ। इमा धीरे-धीरे दोनों प्याली पी जाते हैं मानों एक प्याली माझा ने पी ली। फिर माझा को प्यार से सुलाकर अपने कमरे में चले जाते हैं रंगों की दुनिया में जीवन बिखेरने।
 हाँ! इमा, वही इमरोज़ हैं जिनके प्रेम में पड़ी अमृता की नज्मों को पढ़-पढ़कर एक पीढ़ी बूढ़ी होने को आई है। माझा वह नाम है जिसे बड़े प्यार से उन्होंने दिया है। अमृता- इमरोज़ ने समाज के नियम व कायदे के ख़िलाफ़ जाकर सुकून की दुनिया बसाई। वे एक मकान में आजीवन साथ रहे लेकिन कभी एक कमरे में न रहे। दोनों अपने-अपने काम मे मशगूल,  कभी किसी की राह में अड़चन पैदा न की। आपसी समझदारी की मिसाल रही यह जोड़ी; हालाँकि प्यार में समझदारी की बात लोग नहीं मानते हैं। दोनों ने कभी प्यार का इज़हार न किया, लेकिन दोनों एक दूसरे के प्यार में इतने डूबे रहे कि कभी एक दूसरे को अलग माना ही नहीं। अब भी इमरोज़ के लिया अमृता जीवित है और कमरे में बैठी नज्में लिखती है। अब भी वे रोज़ दो कप चाय बनाते हैं और अमृता के लिए रखते हैं। चाय के प्यालों में आज भी मचलता है अमृता इमरो का प्यार।  
इमरोज़ अमृता से शिकायत करते हैं - ''अब तुम अपना ध्यान नहीं रखती हो माझा। मैं तो हूँ नहीं वहाँ जो तुम्हारा ख्याल रखूँगा।'' माझा मुस्कुरा देती है, कहती है - एक आखिरी नज़्म सुन लो इमा, मेरी आखिरी नज़्म जो सिर्फ तुम्हारे लिए -  
मैं तुम्हें फिर मिलूँगी
कहाँ कैसे पता नहीं 
शायद तेरे कल्पनाओं
की प्रेरणा बन
तेरे केनवास पर उतरुँगी
या तेरे केनवास पर
एक रहस्यमयी लकीर बन
ख़ामोश तुझे देखती रहूँगी
मैं तुझे फिर मिलूँगी
कहाँ कैसे पता नहीं
या सूरज की लौ बन कर
तेरे रंगो में घुलती रहूँगी
या रंगो की बाँहों में बैठ कर
तेरे केनवास पर बिछ जाऊँगी
पता नहीं कहाँ किस तरह
पर तुझे ज़रुर मिलूँगी...  
बीच में ही टोक देते हैं इमरोज़। आह! मैं जानता हूँ मेरी माझा, तुम अपनी नज्मों में मुझे जीवित रखोगी और मैं अपने जीवन के पल-पल में तुम्हें सँभाले रखूँगा। तुम गई ही कहाँ हो? जो मुझसे मिलोगी। तुम मेरे साथ हो। हाँ, अब हौज़ ख़ास का वह मकान न रहा जहाँ हमारी सभी निशानियाँ थीं, वक़्त ने वह छीन लिया मुझसे। तुम भी तो नहीं थी उस वक़्त जो ऐसा होने से रोकती। पर यह मकान भी अच्छा है। तुम्हारी पसंद का सफ़ेद रंग यहाँ भी है। परदे का रंग देखो, कैसे बदलता है, जैसा तुम्हारा मन चाहे उस रंग में परदे का रंग बदल दो। इस मकान में मैं तुम्हें ले आया हूँ, और अपनी हर निशानी को भी अपने दिल में बसा लाया हूँ। जानता हूँ तुम्हारी परवाह किसी को नहीं, अन्यथा आज हम अपने उसी घर में रहते, जिसे हमने प्यार से सजाया था। हर एक कोने में सिर्फ तुम थी माझा, फिर भी किसी ने मेरा दर्द नहीं समझा। हमारा घर हमसे छिन गया माझा। अब तो ग्रेटर कैलाश के घर में भी कम ही रहता हूँ, जहाँ बच्चे कहें, वहाँ ही रहता हूँ। पर तुम तो मेरे साथ हो मेरी माझा। अमृता हँसते हुए कहती है - इमा, मेरे पूरी नज़्म पढ़ लेना।  
बहुत अफ़सोस होता है,  इतनी कोशिशों के बाद भी अमृता-इमरोज़ के प्रेम की निशानी का वह घर बच न सका। हर एक ईंट के गिराए जाने के साथ-साथ टुकड़े-टुकड़े होकर अमृता-इमरोज़ का दिल भी टूटा होगा। किसी ने परवाह न की। काश! आज वह घर होता तो वहाँ अमृता का 100 वाँ जन्मदिन मनाने वालों की भीड़ होती। छत पर पक्षियों की टोली जिसे हर दिन शाम को इमरोज़ दाना पानी देते हैं, की चहकन होती और अमृता के लिए मीठी धुन में जन्मदिन का गीत गीत। घंटी बजने पर सफ़ेद कुर्ता पायजामा में इमरोज़ आते और मुस्कुराते हुए दरवाज़ा खोलते और गले लगकर हालचाल लेते। फिर खुद ही चाय बनाते और हमें पिलाते। अमृता की ढेर सारी बातें करते। अमृता का कमरा जहाँ वह अब भी नज्में लिखती हैं, दिखाते। इमरोज़ को घड़ी पसंद नहीं, इसलिए वक़्त को वे अपने हिसाब से देखते हैं। हाँ, वक़्त ने नाइंसाफी की और अमृता को ले गया। काश! आज अमृता होती तो उनकी 100 वीं वर्षगाँठ पर इमरोज़ की लिखी नज़्म अमृता से सुनती। बहुत-बहुत मुबारक हो जन्मदिन अमृता-इमरोज़!
 (31. 8. 2019)

उजास में


उजास में 
- भावना सक्सैना
ट्रेन लेट थी। स्टेशन तक छोड़ने आया भाई ट्रेन में बिठाए बिना वापिस जाने को तैयार नहीं थाउसने बहुत कहा अब तुम जाओ, तुम्हें भी अपने घर लौटना है पर वह नहीं माना, वहीं बैठा रहा।
बहुत समय बाद मिलने पर शब्दों में जो अंतराल पसर जाता है वही था दोनों के बीच। दोनों के पास कहने को बहुत कुछ था, लेकिन शब्दों का अपना मन होता है। कभी वे भावों की अभिव्यक्ति का साधन होते हैं तो कभी भाव अधिक हों तो ऐसे शोर मचाने लगते हैं कि उन्हें शांत कर एक ओर बिठाना मुश्किल हो जाता है, फिर कभी अपने ही शोर से घबराकर सारे दुबक जाते हैं।
आज दिन भर भावों और शब्दों की खींचातानी होती रही थी, और होती भी क्यों न? आज बरसों बाद बचपन के बहुत सारे साथी मिले थे। वे सब जो संग खेला करते थे। गुड़ियों के साथी, घर-घर के खेल, गिट्टी, स्टापू, पोशमपा, गिट्टीफोड़, आइस-पाइस के साथी, बाल-कीर्तन मंडली बनाकर गर्मियों की छुट्टियों में बारी-बारी सबके घर कीर्तन करने वाले और जन्माष्टमी पर मिलकर झाँकी सजाने वाले साथी। स्मृतियों में अभी तक फ्रॉक और निक्करों में सजे साथी। वास्तविकता में जो सब अब कुछ और ही हो चुके थे, लेकिन दिल जिनके अब भी वही थे, सबकी दुनिया अलग-अलग थीं, सब मस्त थे अपनी-अपनी दुनिया में। वह भी तो मस्त ही थी अपनी दुनिया में। आसपास की सब दुनिया, जो विलीन हो चुकी थीं आज बरसों बाद एक निकट संबंधी के यहाँ से उत्सव के निमंत्रण से पुनः प्रकट हुई थीं, बहुत आग्रह और मनुहार के उस निमंत्रण में कुछ चुम्बकीय आकर्षण था, कि वह, जो बरसों से अकेली नहीं गई थी कहीं, आज हिम्मत कर निर्णय लेकर अकेली चली आई थी इन सब के बीच, अपनी यादों के गाँव में, जहाँ मन तो अकसर जाया करता था लेकिन जीवन की भागदौड़ के चलते प्रत्यक्ष जाना न हो पाया था। कल की ही तो शाम थी, आज कितनी पुरानी सी बात लग रही थी, जब वह कितने ऊहापोह में थी, समझ नहीं पा रही थी कि जाना चाहिए या नहीं, फिर जब दिल  ही न माना और बोला - चली जा, ज्यादा सोचना भी अच्छा नहीं होता”, तो रात को ही सुबह जाकर शाम को लौटने के लिए आरक्षण कराया और सुबह पाँच बजे उठकर चल पड़ी। इस चलने को लौटना तो नहीं कह सकते थे, क्योंकि लौटा तो कहीं जा ही नहीं सकता, जिस राह से, जिस वक्त से एक बार गुज़र गए वह मिटता जाता है, हर पल, हर क्षण। आधे रास्ते में थी तो गाँव में रहने वाले रिश्ते के भाई ने पूछने को फोन किया था कि वह चली है या नहीं और यह जानकर खुशी से उछल गया कि वह वास्तव में चल पड़ी है; किंतु उसकी आवाज़ में हैरत भी थी, क्योंकि अनेक बार बुलाए जाने पर भी आज पहली बार था कि वह  सच में जा रही थी। गाड़ी पहुँचने का समय पूछकर वह स्टेशन से लेने भी आ गया था और अब वापस पहुँचाने भी।
अच्छा लगा इतने अरसे बाद सबसे मिलकर। बरसों बाद जब किसी से मिलो तो शुरू-शुरू में कहने को कुछ विशेष नहीं होता…. मुस्कुराहट और गले लगने में ही भावों की अभिव्यक्ति होती है, फिर औपचारिक से प्रश्न - आपकी नौकरी सही चल रही है? और सब ठीक है?… खुश हैं? बच्चे कैसे हैं, अपना मकान बना लिया ना? ... हाँ अपना घरबना लिया कहते हुए वह दो बार मुस्कुराई थी। तू खुद गाड़ी चला लेती है? ‘हाँकहते-कहते गरदन सीधी सी हो गई थी। अपने ऊपर इतराने को जी चाहा था।
कितने अर्से बाद मिले... पहले क्यों नहीं आई इधर?.... संकोच के आप से शुरु हुई बात जब वापिस तू पर आती है, तभी आती है सहजता और शुरू होता है हँसने खिलखिलाने का दौर। इसी दौर में दिन यूँ गुज़रा जैसे चेहरे पर डाला कोई रेशमी रुमाल पल भर में सरक गया हो... रंग-बिरंगा नरम मुलायम, गुदगुदाता हुआ।
पुराने किस्से, शरारतें, पतंग लूटने में बुआ की आँख पर लगी चोट, जूठी पत्तलों को चाटते कुत्ते को भगाने पर एक भाई को उसका काट लेना। कंचों से हंडिया भर लेना, और कितनी ही स्मृतियाँ और स्मृतियों के घर की बातें। वहाँ के पास-पड़ोस के चाचा-चाची, बाबा-दादी, अम्मा के घर में समय-समय पर रहने वाले किराएदार, रामौतार(राम अवतार) चाचा और बहुत कुछ। कितनी ही बातें होती रहीं। स्मृतियों का वह घर है भी बहुत बड़ा, वह गली बहुत चौड़ी है, नीम बहुत सुंदर है और वह तिराहा जिस का नाम होली पड़ गया .. वहाँ वर्ष में एक बार होली जलती थी और बाकी दिन सबके खेल का मैदान। बाज़ीगरों के तमाशे का स्थल, आज भी वह  सारे खेल उसे बहुत याद आते हैं... जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं वे यादें। यूँ  लगा कितना कुछ घट गया एक दिन में, बचपन का सारा जीवन फिर जी लिया उसने।
साथ-साथ बैठे दो लोग अपनी-अपनी यादों में खोए... भाई बहुत छोटा था उससे, उसका बहुत दुलारा था, इस भाई के लिए सबसे लड़ जाती थी वह, आज रेलवे स्टेशन के छोटे से शैड की बेंच पर बैठे दोनों अपनी-अपनी भावनाओं के ज्वार में बह रहे थे। उसने हौले से भाई के हाथ पर हाथ रख दिया था, दोनों एक दूसरे को देखकर मुस्कुराए, लेकिन बहुत फीकी थी दोनों की मुस्कान मानों वक्त में न लौट पाने का मलाल हो उसमें। भाई का चेहरा खाली बटुए-सा निस्तेज लगा था उसे और उसकी आँख में पड़ी उसकी खुद की छवि भी, जैसे कि अचानक यह एहसास हुआ हो कि  कितनी उम्र खर्च कर दी यूँ ही, ऐसे ही उम्र खर्च करते एक दिन बीत जाएँगे सब। बेचैन-सा एहसास था;  लेकिन उस पल भी उसे यह नहीं लगा कि यदि वह अतीत को बदल भी पाती तो उसे किसी और तरीके से जीती।
इन्हीं ख्यालों में खोई थी कि ट्रेन आती दिखाई दी सामान के नाम पर एक छोटा सा हैंडबैग था ,जो कंधे पर ही लटका हुआ था सो सामान सहेजने का उपक्रम करने जैसा भी कुछ था नहीं।  भाई ने पैर छूकर विदा लीउस छोटे से स्टेशन पर ट्रेन के रुकने का समय भी तीन मिनट ही था ; इसलिए वह जल्दी से ट्रेन में चढ़ गई। सीट पर पहुँची तब भी भाई प्लेटफॉर्म पर खड़ा था। नज़रें फिर मिलीं, नज़रों की अपनी भाषा होती है, जिसे शब्दों का सहारा नहीं चाहिए होता। जब तक ट्रेन न चली मौन संवाद बना रहा, जैसे ही गाड़ी चली, एक उदास मुस्कान चेहरे पर फैल गई, “पहुँच कर फोन कर देना”, उसने गरदन हिला दी, गाड़ी आगे सरकने लगी। प्लेटफॉर्म खत्म हुआ और पीछे छूट गया। उदास मुस्कान चेहरे पर चिपकी रहीकच्ची बस्ती से गुज़रकर ट्रेन गाँव की सीमा से बाहर आ गई।
साँझ घिर रही है, शहर से बाहर सरकती ट्रेन की खिड़की से सुंदर दृश्य दिखाई दे रहा हैलालिमा लिये पीछे फैले आसमान के आगे बहुत सारे पत्र-विहीन पेड़ों की कतारें हैंऊपर बाहें फैलाए, मानों उनकी एक-एक पत्र विहीन शाखा आसमान छूने की होड़ में हों। आसमान का रंग गहराता जा रहा था, पेड़ सायों में बदलते जा रहे थे। ट्रेन चलती जा रही थी, दृश्य बदलते जा रहे थे, सामने  के चित्र में भी और मस्तिष्क में भी। उसे लगा उजाला बहुत जल्दी सिमट गया अँधेरे के आगोश में, वैसे भी बित्ते भर का फ़ासला होता है अंधेरे और उजाले में।  
अँधेरे में दिखाई नहीं देता,  उजाला ज्यादा हो तो आँखें चुँधिया जाती हैं और तब भी कुछ दिखाई नहीं देता। उसकी आँखें भी तो यूँ ही चुँधियाई थीं एक रोज़ उजाले से, कि दिखाई न दिया कुछ, उस उजाले को दामन में भरकर वह आगे निकल आई, पीछे का सब छोड़ दिया
छोड़ दिए वे रिश्ते जो हर लम्हा शक में घिरे थे, खुले-खिले बचपन के बाद शहर आकर जो मिले थे, जो हर लम्हा उसे कमतर होने का एहसास कराते थे, कभी छोटी आँखों का कभी चौड़ी नाक का, कभी मुँह टेढ़ा करके अंग्रेजी न बोल पाने का। उसने कभी खुद को सुंदर नहीं समझा ,पर वह  जानती थी वह  बदसूरत नहीं है। अच्छा दिखने की कोशिश हमेशा की, लेकिन किशोरावस्था में बैठे इंफेरिओरिटी कॉम्प्लेक्स से कभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाई। उसने दुनिया को हमेशा सुंदर देखा... ऐसा नहीं है कि सब अच्छा है ; लेकिन फिर भी उसे सदा एक सकारात्मक ऊर्जा का एहसास रहा है। कभी चिड़िया, कभी तितली, ढलती साँझ, मुस्कुराते चेहरे, उसे सभी अच्छे दिखते थे, अच्छे लगते थे। वह उन्हें उनके रूप में देखना चाहती थी, वह दुनिया को सहज जीना चाहती थी, हर पल को छोटी -छोटी खुशियों से भरना चाहती थी, और इसीलिए, मुट्ठियों में आत्मविश्वास की किरणें और दामन में उजास भर आगे चली आई थी। निर्णय आसान नहीं था, किन्तु दुविधा का दौर लम्बा न चला, और य निर्णय लेने में शायद ईश्वर के भेजे एक शख्स के शब्द एक अहम भूमिका निभा गए। ईश्वर का भेजा इसलिए कि जाने कहाँ से आया जाने कहाँ गया! कभी -कभी यूँ  ही मोड़ पर टकरा जाते हैं कुछ लोग ,जिनका जिंदगी में कोई महत्त्व नहीं होता;  लेकिन फिर भी वे सदा के लिए जीवन बदल जाते हैं। वह  ऐसा ही था। बड़े सपाट शब्दों में कह गया था कि यदि आर्थिक और भावनात्मक दोनों ही रूप से वह किसी पर निर्भर नहीं है ,तो उसे बहुत नहीं सोचना चाहिए, बात उसके ज़ेहन में घर कर गई थी और सब सोच-विचार कर जल्दी ही उसने सब छोड़ दियाबढ़ आई आगे, कभी न मुड़ने के लिए।
हाँ उसने सोचा था उसने सब छोड़ दिया, लेकिन छोड़ना आसान है क्या?
यूँ देखा जाए तो छोड़ना तो आसान है; लेकिन छूट भी जाए ये मुश्किल है,  सच यह है कि छूटा कुछ भी नहीं करता। जब तक साँस आती है, कहीं भी, कभी भी घटा हुआ घटता नहीं है, स्मृतियों में जीवित रहता है और कभी-कभी अपने मूल स्वरूप से भी बड़ा हो जाता है, वह  चिपक जाता है। खाल की तरह चढ़ जाता है, एक परत बन जाता है।
छोड़ने वाला और छूटने वाला दोनों ही अपनी-अपनी दुनिया बना लेते हैंअलग! जिसमें वर्तमान में वे एक दूसरे को जगह दें न दें, एक बड़ा हिस्सा एक दूसरे को समर्पित रहता है। न बातें, न मिलना बस ज़ेहन में एक याद, एक बात। इन बातों के सूत्र जोड़ने वाले भी होते हैं, दोनों पक्षों के शुभचिंतक, सहृदय, दिल के भोले, प्यारे से, लेकिन थोड़े से कायर। उनमें इतना साहस नहीं होता कि वे सामंजस्य बिठाने की कोई चेष्टा कर पाएँ । दोनों पक्षों से मुहब्बत उनकी कमज़ोरी होती है। ये बीच के सारे लोग उसकी कमज़ोरी हैं, एक ऐसा गीत हैं जिसे वह खुलकर गुनगुना भी नहीं सकती और न ही भुला सकती है। इसलिए आज वह उनके साथ कोई फोटो नहीं खिंचवाकर आई, उनके भोले विश्वास और निश्छल स्नेह को अपने दामन में भर लाई है, अपने मन में सँजो लाई है।
ट्रेन झटके से रुकी, तो एहसास हुआ नई दिल्ली स्टेशन पर पहुँच चुकी है। चार घंटे कब गुज़र गए, पता भी न चला... सब अपना सामान समेटकर उठ रहे हैं, ऊपर की शेल्फ और सीट के नीचे नज़र मार रहे हैं कि कहीं कुछ छूटा तो नहीं, उसने धीमे से अपने ऊपर चढ़ा खोल उतारा और सीट के नीचे सरका दिया। वह हैरान थी, खोल सहजता से उतर आया और सीट के नीचे जाने से पहले ही गुम हो गया। दिनभर की थकान भी उसके संग उतर गई और वह नई स्फूर्ति से भर उठी। आने वाली कॉल से मोबाइल की स्क्रीन दिपदिपा उठी।
स्टेशन के बाहर उसका वही उजाला उसकी प्रतीक्षा में था, जिसे दामन में भरकर वह सब कुछ पीछे छोड़ आई थी। वह जल्दी से ट्रेन से उतर प्लेटफॉर्म लाँघती चली गई। बाहर आते ही कार सामने खड़ी मिली। कार के भीतर पड़ती मद्धम स्ट्रीटलाइट में उसकी दमकती मुस्कान देख मन पुनः खिल उठा, गुनगुने नर्म उजास ने भीतर तक ऊर्जान्वित कर दिया। देर तक दोनों एक-दूसरे को देखते रहे, फिर उसके चलें कहने पर वह हम्म् कहकर पीछे पीठ टिकाकर बैठ गई, सीटबेल्ट बाँधते समय उसे लगा कि जिस तरह सड़क पर दौड़ती गाड़ियों में से हम हर एक में नहीं हो सकते, हमें किसी एक में ही होना होता है, वैसे ही जिंदगी के खाँचों में हम अपने को किसी एक ही में फिट कर पाते हैं और जब हम एक में फिट हो जाते हैं ,तो बाकी सब में सही नहीं बैठ पाते। उसका खाँचा यही हैइस उजास के पुरसुकून वह सोचती रही, जिंदगी कभी पूरी नहीं मिलती कुछ ना कुछ छोड़ना ही पड़ता है। उसे अपने मन से जीने की कीमत होती है, उसका मोल चुकाना पड़ता है। यह मोल चुकाने की हिम्मत सब में नहीं होती। कोई उसका मोल न देकर जिंदगी भर उदासी को ओढ़ लेता है तो कोई उसका मोल कुछ अनमोल देकर चुकाता है, उसने हिम्मत की थी, मोल चुकाया था और सुकून में थी कि उसने जो चुना उसे दिल से अपना सकी। इंसान को ज़रूरत भी तो यही है कि जो भी चुनो उसे पूरे दिल से अपना लो... तभी ज़िंदगी है।
फोन – 9560719353