मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 5, 2026

अनकहीः पर्व- त्योहार पर बढ़ता बाजार का शिकंजा

 - डॉ.रत्ना वर्मा

पर्व और त्योहारों का एक लंबा सिलसिला- गणपति बप्पा के साथ दस दिन, बीच में पितृ पक्ष, और उसके बाद फिर दुर्गा माता के साथ नौ दिन, पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाए गए।  विजयादशमी पर रावण दहन भी उतनी ही धूमधाम और हंगामे के साथ संपन्न हुआ। और फिर आ गई है पूरे देश भर का सबसे बड़ा पर्व दीपावली - घर की साफ़-सफाई, लिपाई-पुताई के साथ, खूब सारे प्रकाश, खरीददारी, आतिशबाजी  और पकवानों की महक के साथ धनतेरस के लेकर लक्ष्मी पूजा, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और उसे बाद तुलसी विवाह तक लम्बे समय तक चलने वाला हमारी भारतीय संस्कृति की भव्यता को रेखांकित करने वाला महा उत्सव।

थोड़ा पीछे पलटकर कुछ दशक पूर्व की ओर देखें, तो आज परिवार, समाज, गाँव, और शहर सभी की जीवनशैली में ज़मीन-आसमान का बदलाव आ चुका है। पर्व-त्योहार हम तब भी मनाते थे और आज भी मनाते हैं, बस इन्हें मनाने के तौर-तरीकों में बहुत बड़ा बदलाव आ गया है।

गणेश जी तब भी विराजते थे, हाँ पर तब हर गली, हर सड़क या हर मोहल्ले में कानफोड़ू डीजे की गूँज नहीं होती थी; पूरा गाँव शहर या मोहल्ला मिलकर एक निर्धारित स्थान पर ही गणेश जी की स्थापना करते थे।  पारंपरिक मूल्यों के अनुसार ही झाकियाँ बनती थीं; पर आज तो  स्थिति यह है कि तेज ध्वनि वाले डीजे और लाउडस्पीकरों के शोर ने बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालना शुरू कर दिया है। हाल ही में ऐसी कई रिपोर्ट्स आई हैं जहाँ लगातार और अत्यधिक शोर के कारण बच्चों, बुजुर्गों के कान के परदे प्रभावित हुए और वे बहरेपन का शिकार हो गए।

दुर्गा पूजा का हाल भी कुछ ऐसा ही है। पहले पंडालों में दर्शन और मेलों का एक सहज आनंद होता था; लेकिन अब हर तरफ भव्यता दिखाने की होड़ है। भीड़ इतनी अनियंत्रित होती है कि प्रबंधन पीछे छूट जाता है। कलकत्ता जैसे बड़े शहरों के पंडालों में अत्यधिक भीड़ और कुप्रबंधन के कारण हुई भगदड़ में कई लोगों की अकाल मौत की खबर हमारे दिल को दहला देती है। आस्था का यह सैलाब जब भीड़ और भगदड़ में बदलने लगे, तो सोचना पड़ता है कि हम उत्सव मना रहे हैं या अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

रावण- दहन का भी यही हाल है। कभी गाँव या शहर के किसी एक बड़े मैदान में रावण जलता था और दूर-दूर से लोग उसे देखने आते थे। अब तो हर मोहल्ले और घर-घर में रावण जलाए जाने लगे हैं। फिर बात जब दीपावली की आती है, तो जहाँ कभी मिट्टी के दीयों की सरसों के तेल में पगी सोंधी रोशनी से घर जगमगाते थे,  वहाँ आज हर घर में सजी बिजली की लड़ियाँ आँखों को चौंधिया  देती हैं। इसके बाद आती है पटाखों की कानफोड़ू आवाज और उसके जहरीले धुएँ से हवा में घुलता जहर कि सांस लेना भी दूभर हो जाता है। यह प्रदूषण हमारे फेफड़ों और अस्थमा के मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इसके अलावा, त्योहारों के नाम पर बाजार में मिलने वाली मिठाइयों और खाद्य सामग्री मिलावट का खेल भी हमारी सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ है।

कुल मिलाकर त्योहारों के नाम पर चल रहे इस दिखावे और बाजारवाद का एक और कड़वा सच हमारी बदलती सांस्कृतिक जीवनशैली में साफ दिखाई देता है। अब त्योहारों में आनंद कम और शोर-शराबा तथा दिखावा बहुत अधिक है। इन दिनों बाजार हर चीज में ऑफर्स और डिस्काउंट की ऐसी बौछार करता है कि यदि हमने अभी खरीदारी नहीं की, तो हम किसी भारी नुकसान में रह जाएँगे। नवदुर्गा के नौ दिन और धनतेरस को तो शुद्ध रूप से खरीदारी का दिन ही बना दिया गया है। ऐसा लगता है मानों खुशियाँ अब बाज़ार से सामान खरीदने और पैसे खर्च करने से आने लगी हैं। इस अंधी दौड़ में हम यह भी भूल जाते हैं कि जिन दीयों को हम जला रहे हैं, उन्हें बनाने वाले कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों के घरों में अँधेरा है या उजाला। मॉल और बड़ी कंपनियों के चमक-दमक वाले सामान के आगे हम अपने ही देश के मेहनतकश कलाकारों की कला को भूलते जा रहे हैं।

इन सबके बीच जो सबसे बड़ा नुकसान हुआ है, वह है इंसानी रिश्तों और आत्मीयता का। पहले बड़े संयुक्त परिवार होते थे। त्योहार का मतलब था- मिल -जुलकर पकवान बनाना, हँसी-मज़ाक और एक-दूसरे के घर आना-जाना, पर आज शहरीकरण और फ्लैट संस्कृति ने हमें एकल परिवारों के संकरे दायरे में समेट दिया है।

अब दीपावली या किसी भी पर्व की शुभकामनाएँ आमने-सामने गले मिलने से बदलकर मोबाइल स्क्रीन और फॉरवर्डेड मैसेज तक सीमित हो गई हैं। रिश्ते अब सोशल मीडिया पर स्टेटस और स्टोरी अपडेट करने तक सिमटकर रह गए हैं, जहाँ दिखावा अधिक और सच्चा जुड़ाव कम दिखाई देता है। परिवार और दोस्तों के साथ बैठकर सुकून के पल बिताना अब गौण बन गया है।

यदि हम इन तमाम विसंगतियों को गहराई से देखें, तो यह आत्ममंथन का समय है। आधुनिकता और विकास के इस दौर में हमें यह भूलना नहीं चाहिए कि त्योहार केवल उपभोग, दिखावे या शोर-शराबे का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह हमारे मन को जोड़ने, प्रकृति का सम्मान करने और अपनों के साथ प्रेम बाँटने का अवसर हैं।

आइए, थोड़ा विचार करें और इस दीपावली हम बाजार के कृत्रिम दबाव से थोड़ा बाहर निकलें। रोशनी सिर्फ बिजली की लड़ियों और पटाखों से नहीं, बल्कि दिलों के जुड़ाव और जरूरतमंदों के चेहरों की मुस्कान से आनी चाहिए। अगर हम थोड़ी सी सादगी अपना लें, अपने स्वास्थ्य और पर्यावरण का ध्यान रखें, और अपनों को वक्त दें, तो हमारे ये पर्व अपनी खोई हुई पवित्रता और सोंधी महक को फिर से वापस पा सकते हैं।

7 comments:

  1. डॉक्टर सुनीता वर्मा05 November

    इस लेख को सिर्फ़ सुन्दर कहकर आगे नहीं बढ़ सकती ,बल्कि कहना चाहूँगी कि हम में से जो भी कोई पढ़ रहा है वह कम से कम आपने किसी एक मित्र से व्यक्तिगत रूप से दीपावली की बधाई में शामिल हों तो परिवर्तन आ सकता है ।हम इसे फिर से शुरू कर सकते हैं।थोड़ी असुविधा होगी पर खुशी बढ़ेगी ।

    ReplyDelete
    Replies
    1. Anonymous06 November

      सुनीता जी, नमस्कार। आपने अपनी प्रतिक्रिया में बहुत अच्छी बात कही है। मैंने दीपक और मोमबत्तियाँ सड़क के किनारे बैठे दीपक बनानेवालों से ख़रीदी हैं, अपने मित्रों को भी प्रेरित किया है। उन्हें व्यक्तिगत रूप से मिलने और उपहार देने में भी विशेष प्रसन्नता हुई है। सुदर्शन रत्नाकर

      Delete
  2. वाह्ह्ह!! बहुत सुंदर एवं ग्रहणीय आलेख है.... आपके विचार से मैं सहमत हूँ 🙏 इस आलेख को साझा कर रही हूँ 🙏

    ReplyDelete
  3. त्योहारों के बदलते स्वरूप पर बहुत सधी हुई और भावपूर्ण टिप्पणी की गई है। पहले पन्ने में बाज़ारवाद और दिखावे की कड़वी सच्चाई को उजागर किया गया है, जहाँ दीये बनाने वाले कुम्हारों की पीड़ा और संयुक्त परिवारों के टूटने का दर्द साफ झलकता है। दूसरे पन्ने में मोबाइल स्क्रीन तक सिमटे रिश्तों और फॉरवर्ड मैसेज वाली शुभकामनाओं की वेदना व्यक्त हुई है। लेखक ने आत्ममंथन का सुंदर आह्वान किया है, त्योहार केवल उपभोग नहीं, बल्कि मन जोड़ने, प्रकृति का सम्मान करने और प्रेम बाँटने का अवसर है। भाषा सरल, प्रवाहमयी और हृदयस्पर्शी है, जो पाठक को सोचने पर मजबूर करती है। सादगी, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अपनों को समय देने का संदेश आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक है। दोनों पन्ने मिलकर त्योहारों की खोई पवित्रता और सोंधी महक लौटाने की प्रेरणा देते हैं। यह लेखन न केवल आलोचना है, बल्कि सुधार की दिशा भी दिखाता है।डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete
  4. Anonymous06 November

    बहुत ही बढ़िया आलेख , जितनी भी बार पढ़ूं कम है.

    ReplyDelete
  5. बहुत सुन्दर, सारगर्भित आलेख। बहुत सी ज़रूरी बातों की ओर ध्यान आकृष्ट किया है । वक्त के साथ बहुत कुछ छूट गया है । उसे पुनः आरंभ कर सकते हैं।त्योहार हमें आपस में जोड़ने का काम करते हैं ।पहले का वक्त याद आता है । अब त्योहार के मायने संकुचित हो गये हैं। हम पुनः अपनी रीत - परंपरा को शुरु कर सकते हैं । त्योहार का खुशियों से भरा माहौल पुनः स्थापित हो सकता है ।बशर्ते हम पूरी शिद्दत और दिल से प्रयास करें। खोए हुए को पा लेने का मज़ा भी दोगुना हो जाएगा। रत्ना वर्मा जी आपको आलेख के लिए दिली बधाई।

    ReplyDelete
  6. Anonymous06 November

    बदलते समाज के स्वरूप का यथार्थ चित्रण करता आलेख। बाज़ारवादी दृष्टिकोण, सामाजिक मान्यताओं में परिवर्तन , बदलती सांस्कृतिक शैली, भौतिकवाद के प्रभाव रिश्तों में अपनापन का अभाव।नैतिक और मानवीय मूल्यों का लोप समाज को अपनी परम्पराओं से दूर ले जा रहा है। त्योहारों की वो गरिमा नहीं रही, जो त्योहार से पहले और बाद में भी जीवन को ख़ुशियों भर देती थी। आपने सही कहा-यह समय आत्ममंथन का है। सोचने का है और अपने अतीत और अपनी जड़ों से जुड़ने का है।हर बार की तरह बहुत सुंदर संदेश देता, समाज को सचेत करता सम्पादकीय। हार्दिक बधाई आपको। सुदर्शन रत्नाकर

    ReplyDelete