उदंती.com

▼

Nov 5, 2026

आलेखः प्रकृति की मूक शिक्षा

- मीरा गोयल

प्रकृति हाथ में हाथ लिए विरोधाभास के साथ थिरकती है, मुस्कुराती है। जन्म-मरण, सुख-दुःख, वसन्त-पतझड़, प्रकाश-अन्धकार आदि विपरीत स्थितियाँ प्रकृति का दोष नहीं अपितु सफलता और आकर्षण का रहस्य है, जो बुद्धिजीवी मानव को अपने बहुरूपिया छवि में बाँधे हुए है।

बुद्धिजीवी मनुष्य सरल को कठिन बनाने का मुखिया है। प्रकृति

के सफल बहुआयामी आकर्षक रूप को काट-छाँट कर सपाट बनाने में लगा रहता है
; सब बराबर हों। अमीर-गरीब न हों। कोई दुखी न हो। कोई भूखा न सोये। सब के सिर पर छत हो। सब ईमानदार हों और पड़ोसी के उत्थान के प्रयास में रत हों!

सभ्य समाज की ऐसी दार्शनिक कल्पना बुद्धिजीवी मनुष्य को काल्पनिक सुख देता है और अहम् की पुष्टि करता है। भला और क्या चाहिए प्रगतिशील selfless मानव को!

हम अपनी ही बनाई जटिलता की भूल-भुलैया में यों उलझ जाते हैं कि शिशुवत सरल सुख को तिलांजलि दे दुःख, हार और निराशा भोगते हुए गर्व से विक्षिप्त जीवन जीते और मर जाते हैं।

कर्म और प्रतिफल एक निश्चित सत्य है, उसे बार बार दोहरा कर भिन्न परिणाम की आशा व्यर्थ है। मनुष्य के अतिरिक्त प्रकृति में सब अपने सुख के लिये जीते हैं और युगों से यह व्यवस्था सुचारु रूप से चल रही है। मानव जो अपने को विशिष्ट समझता है; दुःख, निराशा, अपमान झेल कर भी विश्व सञ्चालन में सुधार लाना चाहता है; आखिर क्यों? क्या प्रकृति ने मनुष्य को विशेष क्षमता दे कर अपनी दुनिया चलने में उनसे मदद माँगी है?!

यदि सब अपना-अपना जीवन सजग हो कर अपनी योग्यता, अनुभव और प्रयत्न से जियें और अपने कर्मफल के अनुसार लक्ष तक पहुँचे तो उस उपलब्धि में आत्मसंतोष का सुख न होगा?!

मनुष्य अपने अनुभव से सीखता है। यदि बिन माँगे दया कर कोई किसी की मदद करता है तो उनके आत्म गौरव की पुष्टि तो हो जायेगी पर उस दीन को और भी दीनता का आभास होगा और वह अपने आंतरिक विकास और आत्मगौरव का अवसर चूक जाएगा।

बेझिझक अपनी उपलब्धि का आनन्द लीजिये और बाँटिये। आपका निर्विकार आनन्द लोगों को प्रभावित और आकर्शित करेगा, पर अपनी उपलब्धि को विशिष्टता के प्रदर्शन और अहम् के विस्तार में न लगायें। थके हारे का आत्म विश्वास जगाने में मदद कीजिए या यूँ ही ठोकर खा कर सीखने के लिए छोड़ दीजिए। उसमें भी अप्रत्यक्ष मदद ही होगी। सब की अपनी जीवन यात्रा है, आप उनकी प्रगति का निर्णय ले पथ में बाधक न बनिये, पर ऐसा करने से आपका अहम् खड़ा मुँह ताकता रह जाएगा।

जीवन एक नियति लिखित पुस्तक नहीं है, जिसे हम जीते हैं। जीवन एक प्रवाह है, एक यात्रा है जिसमें विभिन्न व्यक्तियों और परिस्थितियों से गुज़र कर सजग मनुष्य अपने अन्दर और बाहर का बहुत कुछ सीख सकता है। सजग सचेत जीवन मानव जीवन को पूर्णता और सार्थकता देता है, गंतव्य तक पहुँचना आवश्यक नहीं है।

‘हमको तो सफ़र प्यारा, मंज़िल का खुदा हाफिज़!’

सजग रह कर अपने प्रयत्न से अपनी आत्मा के आनन्द के लिए साथी खोजने, बदलने और पाने में ही सफलता है। जीवन का हर प्रयोग, विशेष रूप से हार हमें कुछ नया सिखाता है और हम अपनी अन्तरात्मा के एक कदम और नज़दीक पहुँचते हैं। जीवन में मनुष्य को अपनी विपरीत भावनाओं और कामनाओं से जूझना पड़ता है, यह कमजोरी नहीं, मनुष्यत्व का गुण है। जिसने हमें दुविधा दी है उसी ने हमें विवेकबुद्धि भी दी है। हमें दूसरे के अधिकार का सम्मान करते हुए, निर्णय अपने हित में लेना चाहिए। इसका अर्थ यह नहीं है कि दूसरे के अहम् की रक्षा करना अपना धर्म मान कर स्वयं अपने पथ से भटक जाएँ और अपनी आत्मा की पीड़ा को नकार दें।

विगत भारतीय मान्यता थी की पारदर्शी जीवन आदर्श जीवन शैली है, पर अनुभव ने सिखाया है कि पारदर्शी जीवन ‘आ बैल मुझे मार का निमन्त्रण है।’ अपनी आत्मा की रक्षा हमें स्वयं करनी होगी। यह हमारा अपने प्रति प्रथम धर्म है। थोड़ा रहस्य जीवन को आकर्षक बनाता है और कुछ हद तक सरल भी। हम आवश्यकतानुसार अपने विचार बदल भी सकते हैं, यदि अपने विचारों का विज्ञापन पहले से न कर चुके हों, वर्ना हर व्यक्ति की अदालत में पेश होना पड़ता है। सच बोलो पर उतना ही जितना आवश्यक हो। न बोलना झूठ नहीं है, ये बात ठोकर खाकर समझ में आई। अनुभव से बड़ा गुरु कोई नहीं। अपने निजी सम्बन्ध और अनुभव से दो भिन्न व्यक्ति एक ही व्यक्ति के प्रति विपरीत धारणा रख सकते हैं। गलत कोई नहीं है, यही रहस्य और आकर्षण है इस बहुरूपिया जीवन का! प्रायः कमज़ोर और समर्पित व्यक्ति पर आत्महीनता से ग्रस्त ‘बुली’ अपनी कमजोरी छिपा कर चतुराई से उनकी ऊर्जा चूस कर आत्मविश्वासी पर निछावर कर उन्हें धन्य और प्रभावित कर उनका ‘फेवर’ जीत लेते हैं। इस सत्य को वही समझ सकता है जिसने इस पीड़ा का व्यक्तिगत अनुभव किया हो। इस जंजाल को सुलझाने का प्रयत्न व्यर्थ है। विस्मित कर उस रास्ते से हट जाना ही श्रेयस्कर होगा।

जो अपने को मानवीय क्षमता से अधिक सहनशील और बुद्धिमान समझने लगते है, ईश्वर का विशेष सन्देशवाहक समझने के भ्रम में होते है तो उन्हें कोई नहीं रोक सकता। वे चतुराई से समस्या का समाधान खोज निकालते हैं कि वे दूसरों के अहम् की रक्षा करके उसे अपने कूड़ेदान में डाल देंगे। इस तरह ‘साँप भी मर जाएगा और लाठी भी न टूटेगी’ ऐसा सोच अपनी विद्वत्ता पर गर्व से इतराएँगे, पर जब उनकी कूड़ेदानी भर कर ‘ओवरफ्लो’ करने लगेगी तो दुर्गन्ध उनकी  समस्या बन जाएगी और उसकी हानि भी उन्हें ही भुगतनी होगी। दूरदर्शिता के अभाव में एक दिन सबको कटु सत्य का सामना करना ही पड़ता है।

सरल लोग सरल निर्णय लेते हैं, न मैं दूसरों पर बोझ बनूँ न दूसरों का उठाऊँ! सब अपना जीवन अपने बूते पर जियें! शिशु अपना शुद्ध और सरल मन ले कर जन्म लेता है, पर समाज व्यवस्था अपने हित में त्याग और दूसरों के लिए जीने को इतना महिमा मंडित करता है कि सरल अविकसित मन इसे गुरुमन्त्र समझ शतप्रतिशत पालन करने का प्रयास करता है। कुछ भी कमी रह गई तो और भी सख्ती से अपनी निरीह मूक आत्मा की क्षीण पुकार को अनसुना कर  गला घोंट देता है और अहम् उसपर राज करता है।

ईश्वरदत्त अपने मनुष्यत्व के सभी पहलुओं को स्वीकार कर संतुलित जीवन जीने में ही सच्ची सफलता और सुख है। ऐसी जीवनशैली अपने सरल आकर्षण से लोगों को अनुसरण के लिए प्रेरित करती है।

1 comment:

  1. यह लेख बुद्धिजीवी मनुष्य की जटिलता और सभ्य समाज के काल्पनिक आदर्शों पर तीखा व्यंग्य करता है। लेखक कहता है कि प्रकृति सरल है, मनुष्य ही उसे कठिन बनाता है। सभ्य समाज, समानता और परोपकार की कल्पना अहम् को पुष्ट करती है, पर जीवन को भूल-भुलैया बना देती है। कर्मफल, आत्मगौरव और अनुभव से सीखने का दर्शन गहरा है। बिना माँगी मदद को दीनता बढ़ाने वाला बताना साहसिक विचार है। जीवन को नियति नहीं, प्रवाह और यात्रा मानना सुंदर है। भाषा गंभीर, चिंतनपरक और प्रभावशाली है, जो पाठक को आत्ममंथन के लिए विवश करती है। सजग जीवन ही सार्थकता है।डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete