बीपीए को हार्मोनल गड़बड़ियाँ पैदा करने के लिए
ज़िम्मेदार माना जाता है और यह स्तन और अंडाशय के कैंसर के अलावा प्रतिरक्षा, थायरॉयड और चयापचय सम्बंधी दिक्कतों के लिए भी ज़िम्मेदार है। हाल ही में
कैलिफोर्निया स्थित सेंटर फॉर एनवॉयर्नमेंटल हेल्थ (सीईएच) ने सैकड़ों ब्रांड के
वस्त्रों में बीपीए की हानिकारक मात्रा पाई है। कपड़ा कंपनियों ने सीईएच के अध्ययन
को गलत बताया है। रासायनिक उद्योग और अन्य निर्माता हमेशा से बीपीए को
गैर-हानिकारक बताते आए हैं। लेकिन पिछले कुछ सालों में बीपीए और हार्मोनल अवरोधकों
के बारे में जागरूकता बढ़ने के बाद भी यह समस्या बनी हुई है।
अधिकांश बीपीए पैकेजिंग और प्लास्टिक कंटेनरों
से खाद्य पदार्थों में मिलकर शरीर में प्रवेश करता है। हमारे शरीर का अधिकांश
बीपीए यकृत द्वारा चयापचयित होता है और मूत्र के माध्यम से बाहर निकल जाता है।
हालाँकि जो बीपीए शरीर में रह जाता है वह एक हार्मोनल अवरोधक के रूप में कार्य
करता है। यह हार्मोन्स और अन्य रसायनों के माध्यम से संकेत भेजने के लिए उपयोग की
जाने वाली नाज़ुक आणविक प्रक्रियाओं को बदल देता है। इसका सबसे अधिक जोखिम
भ्रूणावस्था और किशोरावस्था के दौरान है लेकिन दिक्कत यह है कि मनुष्यों में ऐसे
अध्ययन नैतिकता के मापदंडों के चलते करना संभव नहीं है।
बीपीए से नुकसान के हज़ारों अध्ययनों के बावजूद
अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी और सीडीसी अभी भी बीपीए का नियमन नहीं करती हैं।
दूसरी ओर,
युरोप के खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने सितंबर 2018 में शिशुओं और 3
साल से कम उम्र के बच्चों के लिए उपयोग की जाने वाली प्लास्टिक बोतलों और बर्तनों
में बीपीए पर प्रतिबंध लगा दिया है।
विशेषज्ञों का सुझाव है कि सरकारी नियमन के अभाव
में उपभोक्ताओं को अपनी सुरक्षा स्वयं करना चाहिए। बीपीए की व्यापक उपस्थिति को
देखते हुए इससे पूरी तरह बचना तो लगभग असंभव है। फिर भी, बीपीए का जोखिम कम करने के लिए निम्नलिखित प्रयास किए जा सकते हैं:
1. प्लास्टिक से बचें। पानी के लिए प्लास्टिक की
बोतल के बजाय काँच और बिना अस्तर वाले धातु के विकल्प अपनाए जा सकते हैं।
2. माइक्रोवेव में खाना गर्म करने के लिए
प्लास्टिक के कंटेनरों का उपयोग न करें; क्योंकि यदि
आप प्लास्टिक अपनाते हैं तो माइक्रोवेव में इसके इस्तेमाल से बीपीए खाद्य सामग्री
में मिल सकता है।
3. व्यायाम के बाद कपड़े बदलें। विशेष रूप से
गर्म मौसम में व्यायाम करते समय पॉलिएस्टर/स्पैन्डेक्स मिश्रित शर्ट, शॉर्ट्स और अन्य वस्तुओं का उपयोग किया जाता है। पसीने वाले व्यायाम
वस्त्रों को जितनी जल्दी हो सके बदलने की सलाह दी जाती है ताकि त्वचा के संपर्क
में रहने की अवधि को कम किया जा सके। (स्रोत फीचर्स)




बहुत ही उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक लेख है स्वास्थ्य के प्रति सजगता दिखाती और प्लास्टिक से दूर रहने की चेतावनी देता यह लेख हमें बहुत अच्छा लगा आशा करते हैं कि आज से सभी प्लास्टिक से दूरी बनाएंगे. डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली
ReplyDelete