उदंती.com

▼

Nov 5, 2026

दो कविताएँः

- डॉ. प्रगति गुप्ता

1. संस्कार

आज अपनी ही

व्यस्तताओं और मनोरंजन में व्यस्त

माँ -बाप के पास वक्त कहाँ,

जो बच्चों के साथ वक्त गुजार

उन्हें दे पाएँ भावों से जुड़े संस्कार...

संस्कार बोने और पनपने की

प्रक्रिया बहुत धीमी हुआ करती है,

आजकल जनको के पास भी

बस वक्त की ही तो,

कमी हुआ करती है...

बच्चों की नींवों को

जो मजबूती से बाँध पाए

ऐसे संस्कार

भला वक्त के अभाव में

बच्चों में  बोये जाएँ ...

बचपन से बड़े होने तक

बेजान से खिलौनों

और गैजट्स के बीच बच्चे

खुशियाँ तलाशकर

वक्त गुजारते है...

नजर हटती कभी इनकी

बेजान-सी दुनिया से

तब अपने से भावों को छूती

या कभी स्वयं के भावों को परखती...

बचपन में पड़ी नींव

बहुत मजबूत हुआ करती है,

बेजान-सी चीजों में

खुशियाँ खोजते-खोजते

इन्सान की अपनी असल

पहचान भी खो जाती है...

जो रिश्ते सिर्फ सधते हैं भावों से

वहाँ ऐसे मासूम बच्चों के

व्यवहार न्याय कहाँ कर पाते है,

तब माँ-बाप भी

दोष नई पीढ़ी पर मढ़

अपने-अपने कर्तव्यों से जुड़े

कर्मो को भी पूर्णतः निभाने में,

सफल कहाँ हो पाते है...

  2. बड़े बुजुर्ग

दादा-दादी और नाना-नानी के लिए

नाती-नातिन, पोते-पोतिन

मुस्कुराहटो की वजह होते हैं.......

माँ-बाप बनकर अपने बच्चों को

बड़ा करने में  गुजरी हुई उम्र में

यही नन्हे ऊर्जा बन,

नई उम्मीदें जगाते है......

दौड़ - दौड़कर उनके

छोटे-छोटे कामों को कर

जाने कितने सुखों को

अनायास ही  जोड़ जाते हैं.....

बहुधा --

गवाही देते हैं बुजुर्गों के चेहरे,

मुस्कुराहटो से जुड़ी वजहों की,

तभी तो जाने कितनी बार

इन नन्हो की बलाएँ

उतार-उतारकर ये

सुकून की साँस लेते हैं......

दिल से सोचे तो,

विदा लेने से पहले

अपने जायो के नन्हो में

बुनकर संस्कार चुपचाप ही

अपने बच्चों का बुढ़ापा भी,

मजबूत कर देते हैं

ये बड़े-बुजुर्ग........

1 comment:

  1. बहुत बढ़िया. हार्दिक बधाई. ज़िन्दगी की भागती दौड़ में कुछ पल अपनों के साथ बिताये, वही पल जीवन है वही संस्कार है जो अगली पीढ़ी अनुसरण करेगी डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली

    ReplyDelete