यह सच है कि प्रकृति से बड़ा कोई चितेरा नहीं हो
सकता। यह हर पल अपना रंग बदलती है। पल-पल उसका रूप बदलता रहता है। उसे हर पल की
जानकारी भी होती है। अपने व्यवहार से वह लोगों को रिझाती है, तो दूसरी तरफ सचेत भी करती है। उसके व्यवहार की यदि हम बारीकी से अध्ययन
करें, तो समझ में आ जाएगा कि उससे बड़ा कोई शिक्षक है ही
नहीं। प्रकृति के बीच रहकर भी हम नासमझ ही होते हैं। प्रकृति के साथ नासमझ के रूप
में ही रहना सबसे अच्छा है। समझदार बनकर हम कभी भी प्रकृति को समझ नहीं पाएँगे।
आपने देखा होगा कि जो प्रकृति प्रेमी होते हैं, उनकी कई
हरकतें एकदम बच्चों जैसी होती हैं।
प्रकृति के संग रहते हुए हम अनजाने में कब उसकी
तरह चितेरे बन जाते हैं, इसका भान हमें नहीं होता। अब
देखो ना...हमारे पास किसी का फोन आता है, उनका नाम पढ़कर ही
हम उसका चित्र अपने मस्तिष्क में बना लेते हैं। यदि फोन पर नाम नहीं आया, तो उसकी आवाज सुनते ही उसका एक काल्पनिक चित्र हमारी आँखों के सामने आ
जाता है। यह बात हुई अभी की, इसके पहले यदि किसी का पत्र
हमें मिलता था, तो हम पत्र पढ़ते हुए उसके काल्पनिक चित्र से
बातें करना शुरू कर देते थे। कई बार लोग अपने आप में बुदबुदाते हुए मिलेंगे,
वास्तव में वे अपने किसी खास परिचित से वार्तालाप कर रहे होते हैं।
सपना वास्तव में हमारे चित्रों की परिकल्पना ही
है। उस दुनिया में रहते हुए हम एक के बाद एक कई जिंदगियाँ जी लेते हैं। अपने हिसाब
से सारे काम कर लेते हैं। हम विमान भी चला लेते हैं, हम उड़
भी लेते हैं, हम कई लोगों से मुकाबला भी कर लेते हैं। ये सब
हमारी कल्पनाओं में होता है। कल्पनाओं के इन चित्रों को आखिर बनाता कौन है?
वह चित्रकार हम ही हैं। इस तरह की चित्रकला हमें प्रकृति से ही मिली
है। पिता से यदि हमें संवाद करना होता है, तो हम उसकी पटकथा
पहले ही लिख लेते हैं। इस पटकथा का चित्र हमारी कल्पना में पहले ही बन जाता है।
लेखनी में तो वह बाद में आता है।
वास्तव में हम सब कुशल चितेरे हैं। हमारी भीतर
का चित्रकार समय-समय पर बाहर आता है, आते ही एक
चित्र उकेरकर कहीं लुप्त हो जाता है। हम कुछ समझ पाएँ, तब तक
देर हो चुकी होती है। अब हमारा काम होता है, उस चित्र को
समझना। कई बार चित्र जल्द समझ में आ जाता है, कई बार देर से
ही सही पर समझ में आ ही जाता है। नदी, जल, बादल, बारिश, धूप-छांव,
सुख-दु:ख ये बस प्रकृति के बाहरी रूप हैं। असल रूप तो हमें इंसान के
भीतर ही मिलते हैं। जहाँ प्यार में भीगी भावनाएँ, अपनापन,
उलाहना, कटाक्ष, व्यंग्य
सब कुछ होता है। यही प्रकृति का असली रूप है, जो इंसान के
भीतर होता है।
गाय को माँ मत मानो, उसे एक प्राणी मानोगे, तो उसकी इज्जत कर पाओगे। माँ
मानने से वह न तो सम्मान प्राप्त कर पाती है, न ही वह पूजनीय
हो पाती है। उसे एक प्राणी मानोगे, तो उसका संरक्षण तो ही हो
जाएगा, वह बेसहारा होकर रास्ते में नहीं भटकना होगा। नदी को
भी माँ मत मानो, वह स्वच्छ हो जाएगी। विदेशों में नदी को माँ
नहीं माना जाता, इसलिए वहाँ की नदियाँ स्वच्छ और सुंदर है।
यहाँ भी हम एक चितेरे की भूमिका में होते हैं। गाय हो या नदी, हमने अपने भीतर उसे बालमन से ही अपने भीतर समा लिया है। हमारे अवचेतन में
वह उसी रूप में स्थायी रूप से रह रही है। इसलिए नदी का गंदापन और गाय का बेसहारापन
हमें दिखाई नहीं देता।
हमें अपने भीतर के चितेरे को सदैव जाग्रत रखना
होगा। हमें सदैव नए चित्रों से परिचय कराता रहेगा, हमारा
अवचेतन: क्योंकि हमारे अवचेतन में ही बसी होती है, संवेदनाएँ। यही संवेदनाएँ ही हमें मानव रूप के दर्शन करवाती हैं।



बहुत बढ़िया लिखा है आपने प्रकृति को प्रकृति ही मन उसकी सुरक्षा करें स्वच्छ रखें उसको यह हमारा परम धर्म है हम प्रकृति से जितना जुड़ेंगे उसको जितना संजोकर रखेंगे उतना ही सुखी रहेंगे और उतना ही हमारा जीवन सरल वह सुख में होगा जैसे ही हम प्रकृति से दूर होते हैं वैसे ही हमारे जीवन में डिप्रेशन आना शुरू हो जाता हैडॉ वंदना शर्मा
ReplyDelete