मासिक वेब पत्रिका उदंती.com में आप नियमित पढ़ते हैं - शिक्षा • समाज • कला- संस्कृति • पर्यावरण आदि से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर आलेख, और साथ में अनकही • यात्रा वृतांत • संस्मरण • कहानी • कविता • व्यंग्य • लघुकथा • किताबें ... आपकी मौलिक रचनाओं का हमेशा स्वागत है।

Nov 5, 2026

प्रकृतिः टाइडपूलिंग का मनोरम संसार

 - डॉ. रमाकांत गुप्ता

टाइड पूल्स (ज्वार-भाटा के कुंड) चट्टानी गड्ढों में बसे छोटे समुद्री संसार हैं, जो महासागर के पीछे हटने पर सामने आते हैं। ज्वार घटने के बाद भी इन गड्ढों में समुद्री पानी भरा रहता है। यहाँ जीवित समुद्री जीवन के साथ-साथ प्राचीन चट्टानों में जमे हुए जीवाश्म (fossils) भी मिलते हैं, जो अपने अद्भुत सौंदर्य के कारण मन को बरबस आकर्षित करते हैं।

टाइडपूल का अद्भुत सौंदर्य:

इन उथले कुंडों में खिलते हुए 'समुद्री एनीमोन' किसी जमीनी फूल की तरह लगते हैं, जबकि बैंगनी रंग की 'स्टारफिश' गहरे रंग की चट्टानों पर खूबसूरती से चमकती हैं। पारदर्शी पानी से छनकर आती धूप की किरणें केकड़ों और छोटी मछलियों पर एक अनोखी रंगीन चमक बिखेरती हैं। इन तटीय कुंडों के पास टहलना एक गुप्त खजाने को खोजने जैसा लगता है, जहाँ हर छोटा सा जलकुंड जीवों से भरा हुआ रहता है। यह एक ऐसा क्षणिक और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य है, जो पथरीले तट को दिन में दो बार एक जीवंत और रंगीन दृश्य में बदल देता है।

सैन डिएगो के टाइडपूल:

विश्व के कई देशों के समुद्र तटों पर ये बेहतरीन नजारे देखने को मिलेंगे। पर मैं यहाँ सैन डिएगो के टाइडपूलों की चर्चा करूंगा। 70-मील लंबा यह तटीय क्षेत्र अपने रेतीले समुद्र तटों और विश्व स्तरीय सर्फिंग तरंगों के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन इसके चट्टानी अंतर-ज्वारीय क्षेत्र (intertidal zones) समुद्री पारिस्थितिकी का एक जीवंत दृश्य प्रस्तुत करते हैं। यहाँ के छोटे-छोटे जलकुंड उन विशेष जीवों का घर हैं जो कठोर पर्यावरणीय परिस्थितियों में भी जीवित रहते हैं। सैन डिएगो के इन स्थानों पर सबसे बेहतरीन टाइड पूल्स देखे जा सकते हैं: 1. कैब्रिलो नेशनल मॉन्यूमेंट (Cabrillo National Monument - Point Loma), 2. ला जोला कोव और डाइक रॉक (La Jolla Cove), 3. स्वामीज़ स्टेट बीच (Swami's State Beach - Encinitas)।

पहली बार सैन डिएगो के कैब्रिलो राष्ट्रीय स्मारक का दौरा करने पर दोपहर के भोजन के बाद का हमारा अधिकांश समय टाइडपूलिंग में बीता। कम या शून्य tide पर, inter-tidal life की विविधता को करीब से देखने के लिए चट्टानी तटों के साथ tidepooling करना अपने आप में एक बहुत ही सुखद अनुभव है।

टाइडपूल में बसने वाले जीव और उनकी अनूठी अनुकूलन क्षमता:

यहाँ पाए जाने वाले कुछ जानवर हैं - anemones, keyhole limpets, Black tegula snails, Kellet's whelks and Sandcastle worms.  समुद्री एनीमोन अक्सर 3 से 5 इंच के होते हैं और हल्के हरे रंग के होते हैं। कुछ तस्वीरें यहाँ शेयर कर रहा हूँ।

सैन डिएगो के इन क्षेत्रों में रहने वाले जीवों ने तापमान में बदलाव, खारेपन और लहरों के थपेड़ों से बचने के लिए अनूठी अनुकूलन क्षमता विकसित की है।

"सी एनीमोन (Sea Anemones)" नमी बनाए रखने और धूप से बचने के लिए अपने स्पर्शकों (tentacles) को समेट लेते हैं। स्टारफिश / सी स्टार (Ochre Sea Stars) चिकनी चट्टानों पर टिके रहने के लिए सैकड़ों छोटे ट्यूब-फ़ीट का उपयोग करते हैं। धारीदार केकड़े (Shore Crabs) पक्षियों से बचने और अपने गिल्स को गीला रखने के लिए चट्टानों की दरारों में छिपते हैं।

बरती जाने वाली सावधानी:

टाइड पूल पारिस्थितिकी तंत्र बेहद संवेदनशील होते हैं। अतः यहाँ आने वाले पर्यटकों को कुछ नियमों का पालन करना अनिवार्य है: 1) हमेशा नंगी चट्टानों या स्थिर पत्थरों पर ही चलें। ‘सी एनीमोन’ या अन्य जीवों पर सीधे पैर न रखें। 2) केवल देखें, छुएँ या ले नहीं जाएँ। कैलिफ़ोर्निया वन्यजीव कानूनों के तहत टाइड पूल्स से किसी भी जीवित जीव, सीप, घोंघे या पत्थर को ले जाना पूरी तरह से गैर-कानूनी है। 3) जीवों को चट्टान से न उखाड़ें। सी-स्टार या लिम्पेट को ज़बरदस्ती खींचने से उनके अंग क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे उनकी मृत्यु हो सकती है।

निष्कर्ष:

कुल मिलाकर, ये टाइडपूल नैसर्गिक सौंदर्य का खजाना हैं। चूंकि ये बेहद संवेदनशील जीव हैं, अतः इन्हें देखने के लिए आवश्यक सावधानी बरती जानी चाहिए ताकि सौंदर्य का यह खजाना हमारी अगली पीढियों के लिए सुरक्षित बना रहे।

सम्पर्कः बेंगलूरु, मो. 9820414276, ईमेल drramakant2000@gmail.com

1 comment:

  1. जलीय जीव जंतु और समुद्र की गहराई में बसी सुंदरता पर आधारित यह आलेख बहुत ही सुंदर और ज्ञानवर्धक है धन्यवाद डॉ वंदना शर्मा

    ReplyDelete