- अनीता सैनी
ये जो क़लम से कागज़ पर
भावों की नदियाँ बहती हैं -
ये सुखों की कहानियाँ कहती हैं,
तुमने शायद ठीक से पढ़ी नहीं।
वैसे ही
जैसे तुमने ठीक से देखा नहीं कि -
मछलियाँ
पानी के प्रवाह के विपरीत नहीं तैरतीं,
वे अपने प्रस्थान-बिंदु,
उस अथाह सागर में
फिर से मिलने दौड़ती हैं -
जहाँ से वे बिछड़ी थीं।
यह दृश्य
विचारों का सूक्ष्म बिंदु है -
वैसे ही
जैसे दुःख की चोटी के गर्म पत्थर पर
जो घुटने मोड़कर बैठा है,
और जो बार-बार तलवों की जलन से
उँगलियाँ उचकाता है -
वह कोई और नहीं,
सुख ही
है।

बहुत सुंदर भाव और प्रकृति का अवलोकन विपरीत रूप में भी सकारात्मक ढूंढते अच्छा संदेश देती रचना डॉ वंदना शर्मा नई दिल्ली
ReplyDelete